लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष व सांसद जयंत चौधरी ने उप्र में गन्ने के नये मूल्य निर्धारित करने की मांग की है। उन्होंने किसानों को राहत देने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है।
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कहा कि गन्ने का वर्तमान पेराई सत्र आधे से अधिक बीत चुका है किन्तु सरकार ने अभी तक गन्ना के नये मूल्य की घोषणा नहीं की है। स्थिति यह है कि गन्ना किसान बिना यह जाने कि उसके उत्पाद की क्या कीमत मिलेगी, मिलों को लगातार गन्ने की आपूर्ति करने को विवश है। कोई भी उत्पाद ऐसा नहीं होगा जिसका मूल्य जाने बिना उत्पादक निरंतर उसकी आपूर्ति करता रहे।
जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव थे, तब आपके नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गन्ना पेराई सत्र के लिए 26 दिसम्बर 2021 को गन्ने का मूल्य घोषित कर दिया था। उस समय अदालत के आदेश के साथ ही भाजपा सरकार ने भी गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिन में करने तथा विलम्ब होने पर ब्याज के साथ भुगतान करने की घोषणा की थी। लेकिन, किसान के इस मूल्य अधिकार के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता कमजोर सी प्रतीत हो रही है।
जयंत ने कहा कि सत्र 2022-23 के लिए गन्ना के नये मूल्य घोषित न किये जाने की वजह से गन्ना किसान बहुत दुखी है। राष्ट्रीय लोकदल के आह्वान पर किसान संदेश अभियान के माध्यम से प्रदेश के कई क्षेत्रों के किसानों ने लाभकारी मूल्य की उचित मांग आपके समक्ष रखी है। कहा कि मेरा विनम्र अनुरोध है कि वर्तमान सत्र के लिए गन्ने का लाभकारी मूल्य अतिशीघ्र घोषित करें। यह जानकारी रालोद के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने आज राजधानी लखनऊ में दी है।