लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा में सपा, खतौली विधानसभा में सपा-रालोद गठबंधन और रामपुर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा की जीतप पर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का बड़ा बयान सामने आया है।
बसपा प्रमुख मायावती ने ट्ववीट कर रामपुर में समाजवादी पार्टी की हार पर सपा-भाजपा में मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा की जीत हुई है। रामपुर विधानसभा उपचुनाव में आजम खान की खास सीट पर योजनाबद्ध कम वोटिंग करवा कर सपा की पहली बार हुई हार पर यह चर्चा काफी गर्म है कि कहीं यह सब सपा व भाजपा की मिलीभगत का ही परिणाम तो नहीं?
उपचुनाव परिणामों को लेकर मायावती ने मुस्लिम वोटरों को संदेश देने का प्रयास किया है। अपने ट्वीट में कहा है कि इस बारे में खासकर मुस्लिम समाज को काफी चिन्तन करने एवं समझने की भी जरूरत है। ताकि आगे होने वाले चुनावों में धोखा खाने से बचा जा सके। खतौली विधानसभा की सीट पर भाजपा की हुई हार को भी लेकर वहां काफी सन्देह बना हुआ है, यह भी सोचने की बात है।
Khatauli
लखनऊ। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में मिली करारी हार ने उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए गुजरात जीत का जश्न फीका कर दिया। गुजरात में भाजपा को प्रचण्ड जीत हासिल हुई है। इस चुनाव में गुजरात ने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिये हैं।
गुजरात विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न भाजपा पूरे देश में मना रही है लेकिन मैनपुरी की हार ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए जीत का जश्न फीका कर दिया। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में न तो मिठाई बंटी और न ही जीत का जश्न मनाया गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय पर न तो प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी मौजूद थे और न ही पार्टी का अन्य कोई बड़ा नेता।
उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा व खतौली और रामपुर विधानसभा में उपचुनाव था। मैनपुरी से जहां सपा ने रिकार्ड मतों से जीत हासिल की है, वहीं रामपुर विधानसभा से भाजपा और खतौली सीट सपा रालोद के खाते में गयी है।
रामपुर में आजादी के बाद पहली बार मिली भाजपा को विजय
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा तथा रामपुर व खतौली उपचुनावों के परिणाम पर कहा कि रामपुर विधानसभा उपचुनाव में आजादी के बाद पहली बार भाजपा को विजय मिली है। यह विजय पार्टी की सबका साथ सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति पर जनता की मुहर है।
मोदी के नेतृत्व में गुजरात की विराट विजय
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने गुरुवार को गुजरात विधानसभा के चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड विजय के लिए जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विराट विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के जनकल्याण के संकल्प एवं सुशासन की जीत है।
भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कि मैनपुरी लोकसभा और खतौली विधानसभा के उपचुनाव के परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे हैं। मैनपुरी में स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बडे़ कद व व्यक्तित्व का लाभ सपा प्रत्याशी को मिला है। मैं डिंपल यादव को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि हम जनादेश का सम्मान करते है और जहां परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए हैं वहां की समीक्षा करते हुए हम आगे की योजना बनाएंगे।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी संसदीय सीट पर उनकी बहू और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने उनके समक्ष चुनाव मैदान में उतरे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को बड़े अंतर से पराजित कर सपा के गढ़ में जीत का परचम लहराया। वहीं मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय लोकदल और सपा गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी को हरा दिया है। यूपी में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए उपचुनाव में राहत भरी खबर रामपुर से मिली, जहां आजम खां को तीन साल की सजा हो जाने के कारण रिक्त हुई रामपुर शहर की सीट से भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना चुनाव जीत गए हैं। आकाश सक्सेना ने आजम खां के करीबी और सपा प्रत्याशी आसिम रजा को विधानसभा के उपचुनाव में पराजित किया।
उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा और रामपुर एवं खतौली विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना में समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार बढ़त बनाए रहे। गुरुवार सुबह मतगणना शुरू होते ही मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा उम्मीदवार डिम्पल यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रघुराज शाक्य से आगे चलने लगीं। भाजपा उम्मीदवार पर सपा की बढ़त लगातार जारी रही। रामपुर और खतौली सीटों के शुरुआती रुझानों में दोनों दल आगे-पीछे हुए, लेकिन बाद में सपा ने बढ़त बना ली। दोपहर एक बजे तक के रुझानों में सपा तीनों सीटों पर आगे है।
दो विधानसभा सीटों की बात करें तो खतौली में रालोद उम्मीदवार मदन भैया करीब 10 हजार वोटों से भाजपा से आगे चल रहे हैं। खतौली में भाजपा ने राजकुमारी सैनी को उतारा है। रामपुर में सपा उम्मीदवार आसिम रजा करीब पांच हजार मतों से आगे हैं। रामपुर सीट पर आकाश सक्सेना भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। रुझानों को देखकर साफ है कि मैनपुरी में डिम्पल की जीत करीब-करीब पक्की है।
भाजपा की आक्रामकता से चुनाव लड़ने की रणनीति को भांपकर अखिलेश यादव अपनी पूरी ब्रिगेड के साथ मैनपुरी उपचुनाव में जुटे। नाराज चल रहे चाचा शिवपाल यादव को उपचुनाव से पहले साथ लाने में सफल रहे। पूरा यादव कुनबा एक होकर भाजपा के सामने चुनाव लड़ा। मैनपुरी में उसका असर साफ दिखाई दिया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा के साथ रामपुर और खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। शाम छह बजे तक मैनपुरी में 56 प्रतिशत, रामपुर में 33 फीसद और खतौली में 56 प्रतिशत मत पड़े। इन तीनों सीटों पर पिछली बार की तुलना में कम मतदान ने राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है। इन सीटों के चुनाव नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार तीनों सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक जारी रहा। तीनों सीटों के मतों की गणना आठ दिसम्बर को होगी और उसी दिन नतीजे आने के आसार हैं।
तीनों सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। इन उपचुनावों में भाजपा और सपा में सीधी टक्कर है। मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा की डिंपल यादव का सीधा मुकाबला भाजपा के रघुराज शाक्य से है। रामपुर विधानसभा सीट पर 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भी सपा और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला है। वहीं खतौली विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और सपा-रालोद गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर है। खतौली सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी का मुकाबला गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया से है। मार्च 2022 में भाजपा प्रत्याशी ने खतौली से चुनाव जीता था, उन्हें एक मामले में दो वर्ष की सजा हो जाने की वजह से यहां उपचुनाव कराना पड़ा। भाजपा ने इस सीट पर विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को चुनाव मैदान में उतारा।
मेरठ। मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली और रामपुर शहर विधानसभा सीटों के उप चुनाव को जीतने के लिए भाजपा और सपा-रालोद ने कमर कस ली है। भाजपा ने इन उप चुनावों को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर पूरी ताकत झोंक दी है तो सपा-रालोद के लिए भी उप चुनाव अस्तित्व की लड़ाई बन गया है।
भड़काऊ भाषण मामले में निवर्तमान विधायक विक्रम सैनी को दो साल की सजा होने के बाद खतौली सीट पर उप चुनाव हो रहा है। पांच दिसम्बर को रामपुर और खतौली सीट पर मतदान होगा। भाजपा ने यहां से विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को टिकट दिया है तो रालोद-सपा गठबंधन से पूर्व बाहुबली विधायक मदन भैया को चुनाव मैदान में उतारा गया है। बसपा और कांग्रेस ने यहां पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। खतौली उप चुनाव को जीतने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है।
मुजफ्फरनगर सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान के लिए यह उप चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इसी कारण वह गांव-गांव जाकर भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं। इसके अलावा भाजपा ने अपने मंत्रियों, सांसदों, विधायकों को खतौली उप चुनाव में उतारा हुआ है। अब तक मुजफ्फरनगर में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भी प्रचार कर चुके हैं।
राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री दिनेश खटीक, एमएलसी अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी लगातार खतौली को मथने मेें लगे हैं। भाजपा को हराने के लिए रालोद और सपा नेता भी पूरी ताकत झोंके हुए हैं। भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत इस चुनाव में भाजपा का विरोध करने की बात कह चुके हैं। नोएडा के चर्चित श्रीकांत त्यागी भी भाजपा विरोध और रालोद समर्थन में गांव-गांव जा रहे हैं।
रामपुर सीट भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के लिए प्रतिष्ठा बनी
आजम खां को तीन साल की सजा होने के बाद रामपुर शहर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। यहां पर भाजपा ने आजम खां के खिलाफ कोर्ट में लड़ाई लड़ रहे आकाश सक्सेना को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है तो सपा ने आसिम रजा को प्रत्याशी बनाया है। रामपुर सीट पर कमल खिलाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंकी हुई है। आजम के धुर विरोधी कांग्रेस नेता नवेद मियां ने भाजपा को समर्थन करने का ऐलान किया है। इससे सियासी जंग काफी रोचक हो गई है। इसी तरह से भाजपा ने आजम विरोधियों को साधने का काम तेज कर दिया है। कांग्रेस और बसपा ने यहां भी अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है।
रामपुर में भाजपा और सपा के बीच आमने-सामने का मुकाबला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। भाजपा ने अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की फौज को रामपुर चुनाव में लगाया हुआ है। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख, राज्य मंत्री गुलाब देवी समेत तमाम पार्टी पदाधिकारी चुनाव प्रचार में जुटे हैं। जबकि सपा चुनाव प्रचार की अगुवाई आजम खां कर रहे हैं। उनकी कोशिश किसी भी प्रकार से रामपुर सीट पर सपा का वर्चस्व बरकरार रखने की है।
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी केन्द्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले एक लोकसभा उपचुनाव व दो विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव से रघुराज सिंह शाक्य को प्रत्याशी बनाया है। वहीं रामपुर विधानसभ उपचुनाव से आकाश सक्सेना को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। इसी प्रकार खतौली विधान सभा उपचुनाव में राजकुमारी सैनी पर भाजपा ने दांव लगाया है। यह जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने दी।
मैनपुरी से घोषित भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य पहले भी स्व. मुलायम सिंह यादव के खिलाफ भाजपा से चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार उनका मुकाबला सपा प्रत्याशी डिम्पल यादव से होगा। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले माह पांच दिसम्बर को एक लोकसभा व दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) व राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) मिलकर लड़ेंगे। यह जानकारी समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर बुधवार को दी है।
समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने आफिशियल ट्वीट से पोस्ट कर जानकारी दी कि प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा के साथ रामपुर व खतौली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बताया कि मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में आने वाली खतौली विधानसभा सीट पर आरएलडी का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि मैनुपरी लोकसभा सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह के निधान के बाद उपचुनाव होगा, जबकि रामपुर और खतौली विधानसभा सीटों पर क्रमशः आजम खान और विधायक विक्रम सिंह सैनी की सदस्यता जाने के बाद उपचुनाव होने जा रहा है। तीनों ही सीटों पर एक साथ पांच दिसम्बर को मतदान होगा और आठ दिसम्बर को परिणाम आएंगे।