जोशीमठ । मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर सही साबित हुआ है। श्री बद्रीनाथ धाम, फूलों की घाटी, औली, हेमकुंड साहिब-लोकपाल सहित नीती-माणा घाटियां एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गई हैं।
सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। दोपहर होते होते उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश शुरू हो गई। श्री बद्रीनाथ धाम में अब तक करीब आधा फिट ताजा हिमपात हुआ है, जबकि करीब चार फीट बर्फ पहले से ही जमीं थी। विश्व विख्यात हिमक्रीड़ा केन्द्र औली में भी बर्फबारी शुरू होने से स्कीइंग प्रेमियों व पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं।
Auli
गोपेश्वर। चमोली जिले में गुरुवार देर रात्रि से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। बदरीनाथ, औली, जोशीमठ सहित जनपद के ऊंचाई वाले सभी स्थानों पर बर्फबारी हो रही है।
शुक्रवार को आपदा कन्ट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 47 गांव बर्फबारी से प्रभावित हैं। इसमें सबसे ज्यादा 19 गांव तहसील घाट तथा 13 गांव तहसील जोशीमठ के शामिल हैं। इसके अलावा तहसील चमोली के अन्तर्गत सात तथा तहसील गैरसैंण के आठ गांव भी बर्फबारी से प्रभावित हुए है। भारी बर्फबारी के कारण मंडल-चोपता मोटरमार्ग अवरुद्ध हो गया है।
जोशीमठ के 181 भवन असुरक्षित घोषित
जोशीमठ नगर क्षेत्र में भू-धंसाव के कारण अभी तक 849 भवनों को चिन्हित किया गया है, जिनमें दरारें मिली हैं। इसमें से 181 भवन असुरक्षित जोन में रखा गया है।
राहत शिविर में 259 परिवार रह रहे
जोशीमठ में आपदा प्रभावित 259 परिवारों के 867 सदस्यों को सुरक्षा के दृष्टिगत राहत शिविरों में रुकवाया गया है। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा इत्यादि मूलभूत सुविधाएं प्रभावितों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक राहत शिविरों में 731 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।
राहत शिविर में परिवारों को बांटे जा रहे गर्म कपड़े
शीतलहर को देखते हुए राहत शिविरों में प्रभावितों के लिए हीटर, गरम कपडे, कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था की गई है।
पेयजल सुचारु करने में जुटा विभाग
जल संस्थान जोशीमठ नगर क्षेत्र में भूधंसाव के कारण क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को ठीक करने में जुटा है। सभी राहत शिविरों में पेयजल आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है।
प्री फैब्रिकेटेड भवनों का निर्माण शुरू
जोशीमठ में भू धंसाव के कारण आपदा प्रभावितों के लिए जोशीमठ से एक किलोमीटर पहले टीसीपी तिराहे के पास उद्यान विभाग की भूमि पर मॉडल प्री फेब्रीकेटेड भवन बनाया जा रहा है। सीबीआरआई की ओर से भूमि का सर्वेक्षण भी किया गया है। प्री फैब्रिकेटेड भवन के तीन मॉडल घर तैयार किए जा रहे हैं।
जोशीमठ (चमोली)। भारत-चीन सीमा से सटे जोशीमठ में हो रही भूगर्भीय हलचल से लोग दहशत में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज निरीक्षण के लिए यहां पहुंच रहे हैं। जोशीमठ के औली-सुनील से मारवाड़ी और परसारी से खोंन-होसी तक की आबादी पर खतरा मंडराने लगा है।
जोशीमठ में ऐसा कोई घर बाकी नहीं है, जिस पर दरारें न आई हों। जमीन लगातार फट रही है। दीवारों पर दरारें पड़ रही हैं। फर्श के नीचे पानी भर गया है। जमीन धंसने की शुरुआत पिछले साल जुलाई में सुनील वार्ड, गांधी नगर वार्ड और रविग्राम के कोठलागढ़ में हुई थी। तब कई परिवार पलायन कर गए थे। फिर वैज्ञानिकों की टीम पहुंची। सर्वेक्षण भी हुआ। शासन को रिपोर्ट भेजी गई। फाइल देखने की भी जहमत नहीं उठाई गई। और दिसंबर आते-आते मनोहर बाग वार्ड में जमीन धंसी तो हल्ला मचना शुरू हुआ। नया वर्ष आते-आते सिंहधार से लेकर मारवाड़ी वार्ड इस आफत से घिर गए।
मनोहर बाग वार्ड के करीब 80 घरों के जमींदोज होने का खतरा बढ़ गया है। घरों के आसपास खेत फटने लगने लगे हैं। हाड़ कंपा देने वाली ठंड में लोग रतजगा करने को विवश हैं। सरकारी और प्रशासन के कानों में जूं न रेंगने पर लोगों का गुस्सा सड़क पर फूटा। चक्का जाम और बंद के बाद सरकार और अधिकारी हरकत में आए। गढ़वाल कमिश्नर और आपदा प्रबंधन सचिव दौड़े-दौड़े आए। तब राहत-बचाव कार्य शुरू हुए। जिला प्रशासन ने आपदा अधिनियम के मद्देनजर एनटीपीसी की परियोजना, हेलंग-मारवाड़ी बाइपास एवं जोशीमठ में निर्माण कार्यों को प्रतिबंधित कर करीब 1271 लोगों के रहने के लिए सरकारी और गैरसरकारी भवनों को अधिग्रहित किया।
आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत सिन्हा और गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार ने वैज्ञानिकों के साथ भूगर्भीय हलचल से प्रभावित औली सुनील से मारवाड़ी-विष्णुप्रयाग, रविग्राम, गांधीनगर के घरों का सर्वेक्षण किया। तपोवन में एनटीपीसी की टनल में घुसकर पानी और मलबे का सैम्पल लिया। नागरिकों ने इस त्रासदी का प्रमुख कारण एनटीपीसी की टनल व हेलंग-मारवाड़ी बाइपास को बताया। सिन्हा ने तपोवन से लेकर जोशीमठ तक विस्फोट से होने वाले कंपन के आकलन के लिए अलग अलग स्थानों पर संयंत्र स्थापित करने के लिए एनटीपीसी को निर्देश दिए।
हालात पर नजर रखने के लिए अफसर तैनात हैं। एनडीआरएफ पर अलर्ट है। लोगों प्रार्थना कर रहे हैं कि आद्य जगद्गुरु शंकराचार्य की तपोस्थली, भगवान बद्रीविशाल और हेमकुंड साहिब-लोकपाल के प्रवेश द्वार की भगवान रक्षा करें। इस भूगर्भीय हलचल से निपटने के लिए ओएनजीसी से सहयोग लेने पर सहमति बनी है।आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत सिन्हा का कहना है कि ऐतिहासिक नगर जोशीमठ को बचाने के लिए हर कदम उठाए जाएंगे।
- दुनिया की सेनाओं में भी भारतीय सेनाओं के प्रति सम्मान का भाव पैदा हुआ : राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को सुबह चमोली (उत्तराखंड) के औली मिलिट्री स्टेशन में ‘शस्त्र पूजा’ की और इसके बाद सैनिकों के साथ दशहरा मनाया। इस मौके पर उन्होंने सैनिकों से कहा कि जब-जब हमारे पड़ोसियों ने भारत की सुरक्षा को लेकर संकट पैदा किया तो उस समय हमेशा आपकी भूमिका सराहनीय रही है। सेना के जवानों की वजह से ही हमारा भारत सुरक्षित है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की सेनाओं में भी भारतीय सेनाओं के प्रति सम्मान का भाव पैदा हुआ है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बार उत्तराखंड में दशहरा का पर्व मना रहे हैं। इसी क्रम में रक्षा मंत्री सुबह साढ़े आठ बजे सेना प्रमुख मनोज पांडे के साथ औली पहुंचे। उन्होंने चमोली के औली सैन्य स्टेशन में विजयदशमी के अवसर पर ‘शस्त्र पूजा’ की और सैनिकों के साथ दशहरा मनाया। उन्होंने शस्त्रों का पूजन करने के बाद अवलोकन भी किया। उन्होंने सैनिकों को भी संबोधित किया। सिंह ने कहा कि आपके हाथों में देश सुरक्षित है और यही भरोसा हम हर देशवासियों को दिलाते हैं। विजयदशमी ऐसा पर्व है जिसमें ‘आयुध पूजन’ की भारत में लंबी परंपरा रही है। दुनिया में कहीं भी ‘शस्त्र पूजा’ नहीं होती, जबकि भारत अकेला देश है, जहां शास्त्रों और शस्त्रों यानी दोनों की पूजा की जाती है।
उन्होंने कहा कि हथियार हमारी और हमारे देश की रक्षा करते हैं। इसलिए साल में एक बार विजयादशमी के अवसर पर उनकी पूजा करने का विधान है। आपसे मिले भरोसे के कारण ही हम भारत को ऊंचाइयों तक ले जाने का सफल प्रयास कर पा रहे हैं। दुनिया की उत्कृष्ट सेनाओं में भारत की गिनती होने से हमारी प्रतिष्ठा बड़ी तेजी के साथ बढ़ी है। आज अगर भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है तो साड़ी दुनिया कान खोलकर सुनती है। राजनाथ सिंह ने सैनिकों से एक देश भक्ति गीत सुनाने का आग्रह किया तो एक सैनिक ने फिल्म कर्मा का गाना ‘हर करम अपना करेंगे, ये वतन तेरे लिए….’ सुनाकर माहौल जोशीला कर दिया। पूरे गाने के दौरान रक्षा मंत्री, सेना प्रमुख और मौजूद जवान तालियां बजाकर हौसला अफजाई करते रहे।
रक्षा मंत्री बनने के बाद से राजनाथ सिंह हर साल विजयदशमी का दिन देश के जवानों के बीच बिताते हैं। दशहरा पर्व पर उनसे बातचीत करते हैं और फिर शस्त्र पूजा यानी आयुध पूजन में भी शामिल होते हैं। पिछले साल उन्होंने डीआरडीओ में शस्त्र पूजन किया था। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रक्षा क्षेत्र का आधुनिकीकरण करने के लिए आयुध निर्माणी बोर्ड (ओएफबी) के 41 कारखानों को कॉरपोरेट कल्चर के सात उपक्रमों (डीपीएसयू) में बदलकर 07 नई कंपनियों का उद्घाटन किया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2020 में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में सुकना वार मेमोरियल पर शस्त्र पूजन किया था। इससे पहले फ्रांस यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह ने भारत को मिले पहले राफेल लड़ाकू विमान की पूजा की थी। औली सैन्य स्टेशन के बाद वे चीन सीमा से सटे देश के अंतिम गांव माणा जाएंगे, जहां वे सीमा पर सेना और आईटीबीपी की अग्रिम चौकियों का निरीक्षण करने के साथ ही सैनिकों के संग दशहरा का पर्व मनाएंगे। इसके साथ ही आज रक्षा मंत्री भगवान नारायण के दर्शन के लिए बदरीनाथ धाम भी जाएंगे।