प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर कंस्ट्रक्शन डिवीजन एनसीआर झांसी पर एक करोड़ रुपये का हर्जाना लगाया है। यह हर्जाना 2014 से रेलवे द्वारा कोर्ट को गुमराह करने व याची को परेशान करने के लिए लगाया है। कोर्ट ने एनसीआर झांसी को कानूनी प्रक्रिया अपनाये बगैर जबरन कब्जा की गई खेती की जमीन का मय ब्याज नये सिरे से मुआवजा तय करने का निर्देश दिया है।
कोर्ट ने भारत सरकार के अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह से कहा है कि चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर कंस्ट्रक्शन डिवीजन एनसीआर झांसी याची के नाम एक करोड़ के डिमांड ड्राफ्ट के साथ व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करें। कोर्ट ने कहा है कि यदि इस आदेश का पालन नहीं किया गया तो रेलवे के सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कोर्ट को गुमराह करने पर प्रतिकूल आदेश पारित किया जायेगा।
यह आदेश न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल तथा न्यायमूर्ति नंद प्रभा शुक्ला की खंडपीठ ने महोबा के चंदन चांदपुर गांव के चिरंजी लाल की याचिका पर दिया है। मालूम हो कि कोर्ट ने 31 जनवरी 23 को रेलवे को मार्केट रेट से नियमानुसार जमीन का मुआवजा तय करने का आदेश देते हुए पूछा था कि क्यों न याची को एक करोड़ रुपये हर्जाना दिया जाय।
मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर कंस्ट्रक्शन ने व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर बताया कि जिला प्रशासन को जमीन अधिग्रहण करने के लिए अनुरोध किया गया गया है, किंतु हर्जाने के मुद्दे पर कोई सफाई नहीं दी। उन्होंने कहा कि सहमति से मुआवजा तय किया गया है। इस पर कोर्ट ने कहा बिना कानूनी कार्यवाही किए जबरन जमीन हथिया लिया तो सहमति का प्रश्न नहीं उठता। कोर्ट ने जिलाधिकारी को राजस्व अधिकारियों की मदद लेकर मार्केट रेट से ब्याज सहित मुआवजा तय करने का निर्देश दिया है। याचिका की सुनवाई 2 मार्च को होगी।
JHANSI
झांसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपनी बेटी की इज्जत अपने पति से बचाने के लिए पति को मौत के घाट उतार दिया। अपना जुर्म कबूल करते हुए आरोपित पत्नी ने पूरी घटना स्वयं बताई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी। सीओ मऊरानीपुर ने बताया कि मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एक तरफ जहां महाशिव रात्रि को लेकर लोग मंदिरों में जाकर अपने परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं, तो वहीं मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदरवारा निवासी 35 वर्षीय काशीराम पुत्र नरवत अहिरवार शराब पीने का आदी था। पति-पत्नी में शराब को लेकर आए दिन झगड़े होते थे। बीती रात भी उसने शराब पी थी। जिसके बाद दोनों पति-पत्नी में झगड़ा हुआ और दोनों के बीच मारपीट हुई। जिसमें पति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बहू और नातिन ने मिलकर बेटे की हत्या की है।
वहीं हत्यारोपित लाड़कुवर ने बताया कि उसकी शादी 17 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से उसका पति काशीराम शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था। बीती रात जब पड़ोस में शादी थी। तभी वह शराब पीकर आया और लाड़कुवर के साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद उसने अपनी बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया। इस पर लाड़कुवर अपना आपा खो बेटी और बेटी को हैवानियत से बचाने के लिए उसने लाठी डंडों से पति के ऊपर हमला कर दिया। हमले में वह अचेत होकर गिर गया और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मां-बेटी शव के पास रोने-बिलखने लगे। रोने की आवाज सुनकर गांव के लोग एकत्र हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी।
झांसी। अपनी नाबालिग पुत्री की बरामदगी न होने से को लेकर डीएम कार्यालय पहुंची महिला ने मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। इससे पहले कि वह आग लगा पाती, वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल अब महिला को महिला थाने में पुलिस सुरक्षा में रखा गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित उन्नाव गेट बाहर निवासी पीड़ित महिला दीपिका साहू ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को दिसंबर महीने में जितेंद्र रायकवार निवासी सुकवा ढुकुवां कॉलोनी, सिविल लाइंस अगवा कर ले गया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया लेकिन उसके बाद से उसकी बेटी का कुछ पता नहीं चल रहा है। उसने बेटी को बरामद करने के लिए कई बार पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने उसे अनसुना कर दिया। पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर वह मंगलवार को दोपहर के समय मिट्टी के तेल से भरी बोतल लेकर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंच गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने बोतल से पूरा तेल अपने ऊपर उड़ेल लिया और आग लगाने का प्रयास करने से पहले ही उसे पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। वहां से उसे महिला थाने ले जाया गया।
झांसी। पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के विरुद्ध हुई कार्यवाही के तहत आज 237 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस. पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक की कोठी, कई विला, फ्लैट और 23 गाड़ियां जब्त की गई हैं।
पुलिस कप्तान ने पुलिस कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि माह सितम्बर 2022 में जेल में निरुद्ध कुख्यात अपराधी लेखराज सिंह यादव को न्यायालय से पेशी के बाद पुलिस कस्टडी से छुड़ाने के प्रयास में साजिश के आरोपित बनाए गए समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव का इतिहास रहा है। इस पर गैंगस्टर की कार्यवाही में प्रथम चरण में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देशन में पुलिस ने 130 करोड़ की संपत्ति कुर्क की थी। दूसरे चरण में आज पुलिस ने उनका शिवाजी नगर के आरटीओ स्थित आवास को कुर्क कर दिया। साथ ही 10 विभिन्न बैंकों अकाउंट जिसमें 32 लाख की रकम मौजूद है, इसके अलावा 23 गाड़ियां जिसमें कुछ लग्जरी चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर ट्रॉली व जेसीबी मशीन भी शामिल है। वहीं कुर्की की कार्यवाही में स्पेस मून सिटी में 39 विला और 100 फ्लैट सीज किए गए। एसएसपी ने बताया कि अग्रिम जांच पड़ताल के बाद यह कार्यवाही जारी रहेगी।
झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद का समझौता कराने गई पुलिस टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। हमले में एक सिपाही के सिर में पत्थर लगने से सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस टीम ने घायल सिपाही को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। एसपी सिटी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। कुछ आरोपितों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला प्रेम नगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर मोहल्ले का है। जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि दो पक्षों में मारपीट हो रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची नैनागढ़ चौकी की पुलिस ने दोनों पक्षों का बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इससे पहले दोनों पक्ष एक दूसरे पर पथराव भी कर रहे थे। इस दौरान दबंगों ने अरविंद नाम के सिपाही के साथ मारपीट करने के साथ सिपाही पर पथराव कर दिया।
पथराव में सिपाही अरविंद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस पर हमले की जानकारी होते ही मौके पर भारी पुलिस बल व पुलिस अधिकारी जा पहुंचे। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला ने बताया कि पथराव कर सिपाही को घायल करने के मामले में चार आरोपित समीर, आशिक, हुसैन व चिट्टी को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इस मामले में कुछ आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मारपीट के मामले में मुकदमा लिखकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस संबंध में एसपी सिटी राधेश्याम राय ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पथराव के दौरान एक सिपाही को भी पत्थर लगने से वह घायल हो गया था। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। शेष की तलाश जारी है।
झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र में पुलिया नम्बर नौ स्थित मनोकामना मंदिर में कुछ असामाजिक तत्वों ने दुर्गा मां की प्रतिमा को खंडित कर दिया। इसके चलते बुधवार सुबह से ही मंदिर पर श्रद्धालुओं व हिन्दू संगठनों का जमावड़ा जुट गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसएसपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी व दुर्गा मूर्ति की स्थापना समेत पिछले सभी मामलों की जांच के आश्वासन के बाद आक्रोशितों को शांत कराया।
मंदिर के पुजारी पण्डित प्रवासी शर्मा ने बताया कि वह मंदिर में 12 साल से सेवा कर रहे हैं और यह विश्वासी मंदिर के नाम से जाना जाता है। प्रशासन से इस पूरे मामले में इंसाफ चाहिए। मेरी केवल यही मांग है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन इस मामले में कुछ नहीं करता है तो उन्हें अपनी जान भी देने से गुरेज़ नहीं होगा।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग प्रमुख विनोद अवस्थी ने कहा कि यह प्राचीन मंदिर है। यहां पर आज हुई घटना कोई पहली बार की नहीं है। इससे पहले भी तीन बार दानपेटी फेंकी जा चुकी है। कुछ लोग सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का लगातार प्रयास कर रहे हैं लेकिन विहिप और बजरंगदल के लोग उनकी इस कुत्सित सोच को कभी पूरा नहीं होने देंगे। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों को किसी कीमत पर माफ नहीं किया जाएगा। मंदिर में नयी प्रतिमा की स्थापना तब तक नहीं होने देंगे, जब तक अपराधी पकड़ कर जेल नहीं भेजे जाते।
विहिप जिलाध्यक्ष प्रभाकर अवस्थी के नेतृत्व में भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा व अर्पित समेत पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल एसएसपी राजेश एस. से मिला। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने मां दुर्गा की मूर्ति की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कराने को भी प्रतिनिधिमंडल से कहा। उन्होंने इससे पूर्व हुई इस प्रकार की सभी घटनाओं का संज्ञान लेते हुए मामले की गहन जांच कराने का भी आश्वासन दिया।
झांसी । सपा के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव पर गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद रविवार को उनकी करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर ली गयी। दीप नारायण सिंह यादव कुख्यात अपराधी लेखराज सिंह को पुलिस कस्टडी से भगाने की साजिश के आरोप में जेल में बंद हैं। योगी सरकार द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्ति के लिए चलाए जा रहे जब्तीकरण अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
कुख्यात अपराधी लेखराज को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने के आरोप में जेल में बंद गरौठा विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के पूर्व बाहुबली विधायक दीप नारायन सिंह यादव पर पूर्व में दर्ज दर्जनों मुकदमों में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने गैंगस्टर की कार्यवाही की थी। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार व एसएसपी राजेश एस के निर्देशन में राजस्व विभाग और नवाबाद पुलिस टीम ने क्षेत्र में पहुंच कर डुगडुगी बजा कर ऐलान करते हुए पूर्व विधायक दीपनारायण की अर्जित की गई संपत्ति करगुवा जी में सालासर कॉलोनी में करोड़ों की संपत्ति कुर्क की है। इसके अलावा मून सिटी के आस पास तथा अन्य स्थानों की संपत्ति को भी चिन्हित करते हुए संपत्ति जब्ती करण कुर्क की कार्यवाही की जानी है। अभी पुलिस ओर राजस्व विभाग की टीम लगातार पूर्व विधायक की संपत्ति में जमीनों की जब्ती करण की कार्यवाही को करती जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए तहसीलदार लालकृष्ण ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर आज करगुआं जी स्थित गाटा संख्या 82 की संपत्ति कुर्क की गई है। इसमें दीपनारायण यादव सह खातेदार हैं।
झांसी। लहचूरा थाना पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। खुलासा करते हुए एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में नगर निगम पार्षद का एक भाई भी शामिल है। बदमाशों के पास से दो बंदूक, एक एयर गन, तमंचा, कारतूस व छुरा बरामद किया है। पकड़े गए बदमाशों में बृजेन्द्र कुशवाहा, आकाश व नारायण दास पर गम्भीर मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी आरएस राय ने बताया कि लहचूरा पुलिस प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ में लगी थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश असलहों के साथ जंगल में बनी एक झोपड़ी में मौजूद हैं। वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रोरा क्षेत्र के धसान व सुखनई नदी के बीच जंगल में घेराबंदी कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम बृजेन्द्र कुशवाहा पुत्र रामकिशुन पदोडी नई बस्ती,आकाश उर्फ राहुल उर्फ भोला यादव निवासी पंचवटी झांसी, देवेंद्र कुशवाहा उर्फ निक्की पठौरिया दतियागेट, मुकेश अहिरवार रोरा लहचूरा, नारायणदास कुशवाहा मातवाना बरुआसागर व धर्मेंद्र कुशवाहा शिवाजी नगर झांसी बताए हैं।
झांसी। प्रेमनगर थानाक्षेत्र के झांसी-ललितपुर राजमार्ग स्थित डगरवाहा में शनिवार की सुबह रक्त रंजित अवस्था में एक युवक का शव मिला। दो लोग गंभीर रूप से घायल पड़े मिले। सूचना पर प्रेमनगर और बबीना थाना की पुलिस पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्रित किए। फिलहाल हत्या का कारण और घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस छानबीन कर रही है।
बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम सफा निवासी मनोज अहिरवार पुत्र रामप्रसाद, दुर्गापुर निवासी साहब सिंह तथा प्रेमनगर क्षेत्र निवासी एक युवक डगरवाहा में बन रही लोहे की फैक्ट्री की देखभाल करते हैं। आज सुबह मनोज फैक्ट्री के पास मृत अवस्था में मिला। उसके चेहरे पर कई चोटों के निशान थे। वहीं, साहब सिंह और उसका एक साथी घायल अवस्था में मिले हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना कैसे और क्यों हुई, इसकी पुलिस जानकारी जुटा रही है। घटना स्थल बबीना और प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बीच का होने के चलते लम्बे समय तक सीमा पर विवाद होता रहा। बाद में तय हुआ कि घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है। इसको लेकर चार घंटे तक ओहापोह की स्थिति बनी रही। इसके बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। फिलहाल मृतक की हत्या पत्थर से कुचल कर होना बताया जा रहा है तो वहीं पास में खून से सना हथौड़ा भी मिला है।
पुलिस के मुताबिक, पता चला है कि देर रात घटना स्थल पर यह लोग आपस में खाने-पीने की पार्टी कर रहे थे। उसी दौरान हुए झगड़े में यह घटना हुई है। पुलिस इस बात की जानकारी कर रही है कि जब यह तीनों आपस में पार्टी कर रहे थे फिर वह लोग कौन थे जिन्होंने घटना को अंजाम दिया और क्यों दिया ?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस मौके पर पहुंचकर घटना स्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि प्राथमिक घटना के दौरान अन्य लोग भी मौजूद थे। उनका पता लगाया जा रहा है। प्राथमिक जांच में जमीन के विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम में मृतक की मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा।
झांसी। बबीना थाना क्षेत्र के आर्मी फायरिंग रेंज में शुक्रवार को युद्धाभ्यास के दौरान गोला फटने से दो जवान शहीद हो गए। वहीं एक जवान घायल बताया जा रहा है। यह सूचना बबीना थाना पुलिस को दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक घटना तब घटित हुई जब सेना के जवान युद्धाभ्यास कर रहे थे। इसी बीच अचानक धमाके के साथ टैंक का बैरल फट जाने से यह हादसा हुआ। हालांकि इस मामले सेना और पुलिस के अधिकारी कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। सेना ने बबीना पुलिस को दो जवानों की मौत की सूचना जरूर दी है।