मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार और हिंदी फिल्मों के भाईजान सलमान खान की फिल्म ”टाइगर 3” की चर्चा काफी समय से हो रही है। फिल्म 10 नवंबर को रिलीज होगी और सलमान एक बार फिर एक्शन अवतार में नजर आएंगे। इसके अलावा सलमान अब एक और एक्शन फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं। जानकारी सामने आ रही है कि इस फिल्म का निर्देशन विष्णु वर्धन करेंगे और करण जौहर इसके निर्माता होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सलमान, करण जौहर और विष्णु वर्धन पिछले छह महीने से एक एक्शन फिल्म पर चर्चा कर रहे हैं। ”टाइगर 3” के बाद सलमान इस फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग इसी साल नवंबर में शुरू होगी और माना जा रहा है कि यह अलग-अलग शेड्यूल में 7 से 8 महीने तक चलेगी। इतना ही नहीं, खबर है कि फिल्म का प्री-प्रोडक्शन का काम भी इसी महीने शुरू हो जाएगा।
हालांकि अभी तक इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म क्रिसमस 2024 में सिनेमाघरों में आने की संभावना है। विष्णु वर्धन साउथ के पॉपुलर डायरेक्टर हैं। अगर वह सलमान के साथ यह फिल्म करते हैं तो यह उनकी हिंदी में दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले उन्होंने सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी अभिनीत 2021 की सुपरहिट फिल्म ”शेरशाह” का निर्देशन किया था।
गौरतलब है कि करण जौहर की फिल्म ”कुछ कुछ होता है” 1998 में रिलीज हुई थी। इसमें शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी थे। इस फिल्म में सलमान खान ने भी काम किया था। ये उनका कैमियो रोल था। इसके बाद 25 साल बाद सलमान खान और करण जौहर की एक साथ नजर आने की चर्चा हो रही है। इसी साल आई शाहरुख खान की फिल्म ”पठान” में भी सलमान ने कैमियो रोल किया था। ऐसे में उनकी ”टाइगर 3” में शाहरुख खान के कैमियो की भी चर्चा है। इस फिल्म में सलमान के साथ एक्ट्रेस कैटरीना कैफ भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
Etah
एटा। जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक कैंटर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए 20 फुट नीचे जा गिरा। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इलाकाई लोगों ने घायलों को बाहर निकलवाया और हादसे की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ से मैनपुरी की तरफ सोमवार को सुबह लगभग चार बजे कैंटर जा रहा था। कैंटर थाना पिलुआ क्षेत्र के ग्राम ततारपुर के पास अचानक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। इस हादसे में उसमें सवार कुल पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर पिलुआ थाना प्रभारी दिनेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज एटा पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के महाजन टोला निवासी 25 वर्षीय अनस खान को मृत घोषित कर दिया। जबकि 30 वर्षीय इरफान और 35 वर्षीय अच्छे खां ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कैंटर सवार 32 वर्षीय मोहम्मद सत्तार और शाहरुख (30) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज एटा से उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम भेजते हुए परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की जा रही है।
एटा। जसरथपुर थानाक्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते पिता-पुत्री एवं मां पर बीती रात गांव के ही एक व्यक्ति ने घर में घुसकर बेलचा से हमला किया और फरार हो गया। घायलों को एटा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पिता-पुत्री को डॉक्टर ने मृत घोषित करते हुए युवती की मां की हालत नाजुक बताते हुए रेफर कर दिया। इस घटना में कुछ रंजिश भी बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जसरथपुर थानाक्षेत्र के गांव बल्लू में गुरुवार की रात आरोपी छत के रास्ते से घर में घुसा और आंगन में सो रहे दम्पती सहित उसकी बेटी पर लोहे के बेलचे से हमला कर दिया। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार पर पुत्रवधू निकली तो आरोपी मौके से भाग निकला। आनन-फानन में घायलों को परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने पिता और पुत्री को मृत घोषित कर दिया। महिला को गंभीर स्थिति में देखकर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाह, एसपी क्राइम विनोद कुमार पांडे, क्षेत्राधिकारी विक्रांत द्विवेदी, इंस्पेक्टर राजेश मीणा, एसआई चरण सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच की। पूछताछ में मृतक के भतीजे ने बताया कि देर रात को आंगन में चाचा अंतराम उनकी बेटी तनिषा और चाची सो रहे थे। तभी पुनीत नाम का एक युवक छत के रास्ते से घर में घुसा और तीनों पर हमला कर दिया। अस्पताल में चाचा और बहन की मौत हो गई। चाची की हालत गंभीर है। उसने बताया कि उसके चाचा की किसी से रंजिश नहीं थी। बहन से आरोपी का प्रेम-प्रसंग का मामला होगा, तो उसे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी दीपक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार से घटना के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को अलीगंज बस स्टैंड के पास से हिरासत में लिया गया है। जिस लोहे की रॉड से घटना को अंजाम दिया गया, उसे भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है। घटना के संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।