City Headlines

Home » हॉकी वर्ल्ड कप… वेल्स को 4-2 से हराया लेकिन सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से चूकी टीम इंडिया,

हॉकी वर्ल्ड कप… वेल्स को 4-2 से हराया लेकिन सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से चूकी टीम इंडिया,

अब क्वार्टर फाइनल में जाने के लिए न्यूजीलैंड को 22 को हराना होगा

by Rashmi Singh

भुवनेश्वर। भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप के अपने आखिरी पूल मैच में वेल्स को 4-2 से हरा दिया। कलिंगा स्टेडियम में गुरुवार को भारत की ओर से आकाशदीप सिंह ने 2 गोल किए। जबकि शमशेर सिंह और हरमनप्रीत सिंह की स्टिक से एक-एक गोल आए।
इस जीत के बावजूद भारतीय टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में नहीं पहुंच सकी। अब भारत को क्रॉसओवर मुकाबला खेलना होगा। उसमें जीत मिलने की स्थिति में टीम क्वार्टर फाइनल में जाएगी।
22 जनवरी को न्यूजीलैंड से होगा क्रॉस ओवर मैच
भारतीय टीम पूल-डी में इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर रही। भारत का क्रॉसओवर मैच 22 जनवरी को पूल-सी में तीसरे स्थान पर रहने वाली न्यूजीलैंड की टीम से होगा। उस मैच में जीत हासिल करने की स्थिति में भारत क्वार्टर फाइनल में पूल-बी टेबल टॉपर टीम से भिड़ेगी। इस से इंग्लैंड की टीम डायरेक्ट क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। भारत ने वेल्स को 4-2 से हराया। अब क्वार्टरफाइनल में जगह का फैसला क्रॉसओवर मैच से होगा।
पहला क्वार्टर : कोई गोल नहीं आया
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने विपक्षियों के गोल पोस्ट पर धावा बोला। एक दफा तो टीम इंडिया को सफलता मिल ही गई थी कि आखिरी मिनट में वेल्स के गोलकीपर ने 2 शानदार बचाव किया। पहले 15 मिनट में भारत को कोई पेनल्टी नहीं मिला। वेल्स का डिफेंस भी सराहनीय रहा।

दूसरा क्वार्टर : 2 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन एक गोल आया
भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भी हमले जारी रखे। इसका फायदा उसे 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिला, लेकिन गोल नहीं हो सका। थोड़ी देर बाद मैच के 21वें मिनट पर टीम इंडिया को बढ़त का एक और मौका मिला, लेकिन हमारे ड्रेग फ्लिकर एक बार फिर चूक गए। बॉल गोलकीपर से डिफ्लेक्ट होकर शमशेर के पास पहुंची। जिसे गोल में डालने में शमशेर ने कोई गलती नहीं की। इस क्वार्टर में यही एक गोल आया।

तीसरा क्वार्टर : वेल्स की जोरदार वापसी, स्कोर बराबर
हॉफ टाइम के बाद वेल्स को 31वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि, मेहमान टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी। अगले ही मिनट में आकाशदीप सिंह ने मनदीप सिंह के पास शानदार फील्ड गोल किया। भारत को 32वें और 34वें मिनट में भी पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन गोल नहीं हो सका। 39वें मिनट में वेल्स के खिलाड़ी रोड्री फर्लांग को ग्रीन कॉर्ड (2 मिनट के लिए बाहर) मिला। फिर टीम इंडिया 40वें और 41 मिनट में भी एक पेनल्टी कॉर्नर चूक गई। यहां से मेहमान टीम ने जोरदार वापसी की। उसने 42वें और 44वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागे। पहले गारेथ फर्लांग और जैकब ड्रैपर ने गोलकर स्कोर बराबर कर दिया।
चौथा क्वार्टर : 2 गोल आए, आकाशदीप का दूसरा गोल
आखिरी क्वार्टर की शुरुआत में ही आकाशदीप सिंह ने फील्ड गोलकर भारत को 3-2 की बढ़त दिला दी। कुछ देर इसी स्कोर पर मैच चला। 55वें मिनट में रुपर्ट शिपर्ली को ग्रीन कॉर्ड मिला। फाइनल व्हीसिल से ठीक पहले 59वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, इस बार कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल करने में कोई गलती नहीं की और फाइनल स्कोर लाइन 4-2 रही।
अन्य मैचों के नतीजे
इंग्लैंड ने स्पेन को 4-0 से हराया
पूल डी के एक अन्य मुकाबले में इंग्लैंड ने स्पेन को 4-0 से हराया। इंग्लैंड की ओर से रोपर फिल ने 10वें, कोंडोन डेविड ने 21वें, बंडुरक निकोलस 50वें और अंसेल लियाम ने 51वें मिनट में गोल दागे। इस जीत के बाद टीम पूल के टॉप पर है। इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम पूल डी के टॉप पर आ गयी है। उसके 7 अंक हो गए हैं।

नीदरलैंड ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, चिली को 14-0 से हराया
हॉकी वर्ल्ड कप में गुरुवार को नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। भुवनेश्वर में नीदरलैंड ने चिली को 14-0 के अंतर से हराया। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले, यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज था। उसने साउथ अफ्रीका को 2010 के सीजन में 12-0 के अंतर से हराया था। डच टीम की ओर से ब्रिंकमैन थियरी ने (25वें, 33वें और 58वें मिनट में) ने हैट्रिक बनाई। बिजेन कोएन (40वें, 45वें) ने दो, डी विल्डर डर्क (22वें) , वैन डैम थाइज (23वें ), पीटर टेरेंस (37वें) , ब्लोक जस्टेन (42वें) और बेन्स टेउन (48वें) ने एक-एक गोल किए।
मलेशिया ने न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी
दोपहर को इसी टर्फ में खेले गए मुकाबले में मलेशिया ने न्यूजीलैंड को 3-2 के अंतर से हराया। इस रोमांचक मुकाबले में मलेशिया की ओर से सारी फैजल (8वें और 56वें मिनट) ने डबल गोल दागे। जबकि रहीम राजी (42वें मिनट में) ने पेनल्टी पर एक गोल किया। न्यूजीलैंड की ओर से जानसेन जिप (6वें, 29वें , 34वें और 44वें मिनट में) ने पेनल्टी पर चार गोल दागे। जबकि फिलिप्स हेडन और लॉन सैन ने क्रमश: 51वें और 52वें मिनट में गोल किए।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.