लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा का बजट सत्र सोमवार से आरम्भ हो गया। विधान सभा की बैठक शुरू होने से पहले राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधान मण्डल के दोनों सदनों विधान सभा और विधान परिषद को संयुक्त रूप से संबोधित किया।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने अपने अभिभाषण में योगी सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के नारे को साकार कर रही है। राज्यपाल ने एक घंटा एक मिनट के अपने अभिभाषण में हर क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। दूसरी तरफ विपक्षी दल सदन में हंगामा करते रहे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि मेरी सरकार जन आकांक्षाओं की पूर्ति ‘सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के लक्ष्य को सामने रखते हुए सभी वर्गों की उन्नति, कल्याण एवं सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित है। सुशासन, सुरक्षा एवं विकास के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए अपराध एवं भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ शांति एवं सद्भाव का वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है। समाज के सभी वर्गों के हित तथा राज्य के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाएं एवं कल्याणकारी कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं
संयुक्त सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेरी सरकार जन समस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण समाधान के लिए संवेदनशील है। इस उद्देश्य से तहसील स्तर पर संपूर्ण ‘समाधान दिवस’ और थाना स्तर पर आयोजित किए जा रहे ‘थाना दिवस’ में शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। आईजीआरएस प्रणाली व सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त लगभग 3.97 करोड़ मामलों में से 3.93 करोड़ से अधिक का समयबद्ध निस्तारण कराया गया है।
जी-20 का नेतृत्व करना सौभाग्यपूर्ण
राज्यपाल ने कहा कि अमृत काल के प्रथम वर्ष में भारत द्वारा एक दिसम्बर, 2022 से 30 नवम्बर, 2023 तक जी-20 की अध्यक्षता किया जाना सौभाग्य पूर्ण व अभूतपूर्व अवसर है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में होने वाली 200 से अधिक बैठकों में से 11 बैठक का आयोजन उत्तर प्रदेश के चार जनपदों लखनऊ, आगरा, वाराणसी एवं गौतमबुद्ध नगर में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के लिए जी-20 सम्मेलन की बैठकों की मेजबानी प्रदेश के विकास बुनियादी ढांचे तथा संस्कृति और विरासत को वैश्विक समुदाय के सम्मुख प्रदर्शित करने का एक वृहद एवं व्यापक अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि भारत के विकास का इंजन उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। प्रदेश राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में 08 प्रतिशत से अधिक का योगदान करता है। प्रधानमंत्री द्वारा देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर बनाए जाने का संकल्प लिया गया है। इसको देखते हुए वर्ष 2022 से 2027 की अवधि में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मेरी सरकार प्रयास कर रही है।
राज्यपाल ने कहा कि सरकार में बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान के तहत 600 से अधिक सुधार लागू किए हैं। सिंगल विंडो पोर्टल निवेश मित्र के माध्यम से उद्यमियों को 400 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं दी जा रही हैं। निवेशकों के सहायतार्थ एमओयू पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन निवेशक प्रबंधन पोर्टल निवेश सारथी विकसित किया गया है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश अचीवर श्रेणी में है। कहा कि मेरी सरकार के प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार की संचालित अनेक योजनाओं के क्रियान्वयन में देश में अग्रणी स्थान पर है।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत प्रदेश में 8.51 करोड़ खातों के साथ देश में प्रथम स्थान पर है।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 4.23 करोड़ नामांकन के साथ उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है।
अटल पेंशन योजना के तहत 75 लाख नामांकन के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शहरी पथ विक्रेताओं को 10 हजार, 20 हजार एवं 50 हजार क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय ब्याज अनुदान आधारित ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के तहत कुल ऋण वितरण में प्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
प्रदेश में निर्गत जीएसटी पंजीयन की कुल संख्या 28.03 लाख हो गई है। यह देश में सर्वाधिक है।
मनरेगा योजना के तहत वर्ष 2022-23 में प्रदेश में अब तक 26.29 करोड़ मानव दिवस सृजित कर प्रदेश ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
महिलाओं के प्रति अपराध एवं बाल अपराध (पॉक्सो एक्ट) संबंधी गंभीर मुकदमा हेतु विशेष न्यायालयों में विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति करके प्रभावी पैरवी की जा रही है। इससे महिलाओं के प्रति अपराध में 59.1 प्रतिशत सजा की दर प्राप्त की गई है। यह देश में सर्वाधिक एवं राष्ट्रीय औसत के दोगुने से भी अधिक है।
उत्तर प्रदेश दूध खाद्यान्न गन्ना आलू सब्जियों फलों व एथेनाल के उत्पादन में भी देश में पहले स्थान पर है।
प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत कुल 52.77 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं। गरीबों के लिए आवास बनाने में प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। उल्लेखनीय है कि इनमें से 39.66 लाख आवास पूरे भी हो चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास निर्माण की संख्या एवं ग्रामीण आवास निर्माण की उत्कृष्टता में राज्य को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
बुधवार को योगी सरकार का आएगा सबसे बड़ा बजट
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे शुरू हुई। विधिक कार्यवाहियों को पूरा करते हुए विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी। मंगलवार को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। सदन के सदस्य, पूर्व सदस्यों के निधन की सूचना पर शोक प्रस्ताव आएगा। सभी दलीय नेताओं के शोक व्यक्त करने के उपरांत सदन की कार्यवाही बुधवार की सुबह तक के लिए स्थगित हो जाएगी। उल्लेखनीय है योगी सरकार का बुधवार को बजट पेश होगा। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट आएगा।