नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट के डर से दिल्ली पुलिस ने आखिरकार कल (शुक्रवार) रात भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कर लीं। दोनों एफआईआर कनॉट प्लेस थाने में दर्ज की गई हैं। यह प्राथमिकी महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों से संबंधित हैं। एक एफआईआर एक किशोरी पहलवान के आरोपों से संबंधित है। इसमें बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम समेत भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराएं लगाई गई हैं। दूसरी एफआईआर शील भंग से संबंधित है। यह एफआईआर वयस्क शिकायतकर्ताओं की शिकायतों की गहन जांच के लिए दर्ज की गई है। केस दर्ज़ होने बाद भी पहलवानों का धरना जारी है। पहलवानो को समर्थन देने शनिवार की सवेरे कांग्रेस नेता प्रियंका गाँधी धरना स्थल पर पहुँच गयीं और उनकी मांगों का समर्थन किया। प्रियंका ने कहा की सरकार बृजभूषण शरण सिंह से तत्काल इस्तीफा लेना चाहिए। पहलवानों की भी मांग है कि बृजभूषण शरण सिंह तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
इससे पहले शुक्रवार देर रात बृजभूषण के खिलाफ दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली- दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग रेसलर से यौन शोषण के मामले में बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी FIR अन्य 6 महिला रेसलर्स के यौन शोषण के आरोप में दर्ज हुई है।
भारतीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर महिला पहलवान जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। शनिवार को इस प्रदर्शन का 7वां दिन है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी सुबह 7.45 बजे जंतर-मंतर पहुंचीं। कहा- अब तक एफआईआर की कॉपी नहीं मिली है। सवाल है सरकार बृजभूषण को क्यों बचा रही।
उन्होंने विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया से बात की। वे करीब एक घंटे धरना स्थल पर रहीं। 50 मिनट तक बातचीत करती रहीं। विनेश और साक्षी बातचीत करते हुए भावुक हो गईं। प्रियंका ने विनेश के सिर पर हाथ रखकर दिलासा दिलाया। उधर, यूपी में ब्रजभूषण ने कहा कि मैं पूरी तरह निर्दोष हूं। अपराधी बनकर इस्तीफा नहीं दूंगा।
प्रियंका ने कहा- बृजभूषण से इस्तीफा ले सरकार
पहलवानों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा, ‘जो एफआईआर दर्ज कराई गई है, उसमें क्या है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। वे इसे क्यों नहीं दिखा रहे हैं? जब ये पहलवान पदक जीतते हैं तो हम सभी ट्वीट करते हैं। गर्व महसूस करते हैं। आज ये सड़क पर बैठे हैं। इन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। ये सभी महिला पहलवान इस मुकाम तक आने के लिए काफी संघर्ष करती हैं और मैं यह नहीं समझ पा रही हूं कि सरकार बृजभूषण को क्यों बचा रही है। ब्रजभूषण पर इतने गंभीर आरोप हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सरकार उसे पद से हटाए। उससे इस्तीफा लेना चाहिए।’
प्रियंका ने कहा, ‘मुझे पीएम से कोई उम्मीद नहीं है, क्योंकि अगर उन्हें पहलवानों की चिंता है, तो उन्होंने अभी तक उनसे बात क्यों नहीं की। जब मेडल जीतकर आते हैं तो उनके साथ फोटो खिंचवाते हैं। लेकिन अब तक उनसे बातचीत नहीं की। देश खिलाड़ियों के साथ खड़ा है। मुझे गर्व है कि पहलवान ऐसी चीज के लिए खड़े हैं और आवाज उठा रहे हैं।’
ब्रजभूषण ने कहा- मैं इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन…
यूपी के गोंडा में बृजभूषण ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कहा कि यह यह खिलाड़ियों का धरना नहीं है। मैं पूरी तरह निर्दोष हूं। हरियाणा के 90% खिलाड़ी मेरे साथ हैं। अपराधी बनकर इस्तीफा नहीं दूंगा। हर रोज नई डिमांड आ रही है। इस पूरे मामले में कांग्रेस का हाथ है। 12 साल से शिकायत क्यों नहीं की।
एफआईआरदर्ज होने के बाद बृजभूषण शरण ने शुक्रवार देर रात कहा था, ‘अगर धरना दे रहे पहलवान इस्तीफे से मानेंगे, तो मैं दे दूंगा। मगर, अपराधी बनकर नहीं दूंगा। अब ये कहेंगे कि इनका कार्यकाल तो खत्म हो गया है, अब इस्तीफे से क्या होगा। अगर ये खिलाड़ी धरने से उठकर वापस घर जाएं, अपनी प्रैक्टिस करें तो मैं इस्तीफा भिजवा दूंगा।’
रेसलर का आरोप- रात में हमें नजरबंद किया, धमकाया भी
रेसलर बजरंग पूनिया ने सुबह आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस परेशान कर रही है। रात में खाना खाते वक्त बिजली काट दी गई। वहां खड़े पानी के टैंकरों को भी ले जाया गया। पब्लिक टॉयलेट को भी पुलिस ने दूसरी जगह भिजवा दिया।
जंतर-मंतर पर मौजूद रेसलर ने आरोप लगाया कि जब बजरंग ने इस बारे में ए सी पी को कॉल की तो उन्होंने कहा कि जो करना है कर लो, अब तो ऐसा ही होगा। साथ ही कहा कि केस दर्ज हो गया है, अब वह वहां से धरना उठा लें। पुलिस ने धरनास्थल के चारों ओर बैरिकेड्स लगाकर खिलाड़ियों को नजरबंद कर दिया। मौके से मीडियाकर्मियों को भी निकाल दिया गया। धरनास्थल पर खिलाड़ी और कुछ समर्थक ही रह गए। जो अंधेरे में बिना बिजली के रात काटने को मजबूर हुए।