City Headlines

Home court ‘तिहाड़ जेल’ बनाकर भाजपा का ‘आप’ के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन

‘तिहाड़ जेल’ बनाकर भाजपा का ‘आप’ के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन

by City Headline
Tihar Jail, BJP, AAP, Protest, Kejriwal, Sisodia, ED, CBI, Court, Arrested

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। आप दफ्तर के बाहर भाजपा प्रदेश इकाई ने ”तिहाड़ जेल” के दो बैरक बनाए, जिसमें आप पार्टी के मंत्री सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया का मुखाैटा पहनाकर व्यक्ति बिठाए गए। इस दौरान एक व्यक्ति को सत्येंद्र जैन का मुखौटा पहने व्यक्ति पैर दबाते हुए देखा गया।
भारतीय जनता पार्टी अब अपना हमला तेज करते हुए नैतिकता के आधार पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुख्यमंत्री पद छोड़ने की मांग कर रही है। आज के प्रदर्शन के दौरान बनी बैरक की दीवारों पर हवाला घोटाला, विज्ञापन घोटाला, बिजली घोटाला, जल बोर्ड घोटाला, डीटीसी घोटाला और जासूसी घोटाला लिखा गया था।
इसके साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया और दिल्ली की शराब नीति घोटाले में आप पार्टी को घेरने की कोशिश की। आप के खिलाफ प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा, विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद रमेश बिधूड़ी और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता सहित अन्य नेता शामिल हुए।
पार्टी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाले केजरीवाल के भ्रष्टाचार की पोल खुल चुकी है। जल्द ही भ्रष्टाचारी केजरीवाल भी सलाखों के पीछे होंगे।