मुंबई। मशहूर फिल्म डायरेक्टर एसएस राजामौली और उनके बेटे एसएस कार्तिकेय भूकंप से बच गए। गुरुवार, 21 मार्च को जापान में 5.3 की तीव्रता वाला भूकंप आया। भूकंप जिस समय आया, आरआरआर फिल्म की पूरी टीम 28वीं मंजिल पर थी।
राजामौली के बेटे कार्तिकेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि, “जब भूकंप आया तो आरआरआर की पूरी टीम होटल की 28वीं मंजिल पर थी। स्मार्टवॉच में भूकंप का अलर्ट दिखने के तुरंत बाद उन्हें झटके महसूस हुए।
उन्होंने स्मार्टवॉच में दिख रहे भूकंप के अलर्ट मैसेज की फोटो शेयर करते हुए ट्वीट किया है। इसमें कार्तिकेय कहते हैं, “अभी जापान में भूकंप महसूस हुआ। हम 28वीं मंजिल पर थे। जमीन धीरे-धीरे हिलने लगी। हमें यह समझने में थोड़ा समय लगा कि यह भूकंप है। मैं चीखने ही वाला था लेकिन हमारे आसपास के जापानी लोगों को कोई परवाह नहीं थी… उनकी प्रतिक्रिया ऐसी थीं जैसे कुछ बारिश होने वाली हो।”
जापान के मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार 21 मार्च को पूर्वी इलाके में 5.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया। नए साल की शुरुआत में जापान में 21 भूकंप के झटके महसूस किए गए।
एसएस राजामौली पिछले कुछ दिनों से फिल्म की टीम के साथ जापान में हैं। राजामौली फिल्म की टीम और परिवार के साथ आरआरआर की स्क्रीनिंग में शामिल होने के लिए जापान में हैं। राजामौली की फिल्म पिछले 513 दिनों से जापान में दिखाई जा रही है। जापान में आरआरआर का जबरदस्त क्रेज है।
SS RAJAMAULI
नयी दिल्ली। दक्षिण भारतीय फिल्मों के बेहद सफल डायरेक्टर्स में से एक एसएस राजामौली की ‘आरआरआर’ कामयाबी की नयी बुलंदी को छू रही है। पहले गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड में फिल्म के गाने नाटू नाटू ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग जीतकर इतिहास रच दिया, तो अब यह ऑस्कर 2023 की रेस में शामिल है। वहीं, इस सबके बीच आरआरआर ने हॉलीवुड क्रिटिक्स एसोसिएशन अवॉर्ड्स में भी अपना परचम लहरा दिया है। फिल्म अलग-अलग श्रेणियों में तीन अवॉर्ड जीतने में कामयाब रही है।
एसएस राजामौली की फिल्म ने देश को फिर से गौरवान्वित किया है। आरआरआर ने हाल ही में आयोजित हुए हॉलीवुड क्रिटिक्स एसोसिएशन अवॉर्ड्स में तीन श्रेणियों में जीत हासिल की। यह अवॉर्ड फंक्शन 12 मार्च को होने जा रहे ऑस्कर से पहले आयोजित हुआ, जिसमें जूनियर एनटीआर और राम चरण अभिनीत आरआरआर ने तीन अवॉर्ड अपने नाम कर बड़ी जीत हासिल की है।
हॉलीवुड क्रिटिक्स एसोसिएशन अवॉर्ड्स में आरआरआर ने सर्वश्रेष्ठ एक्शन फिल्म, सर्वश्रेष्ठ स्टंट और सर्वश्रेष्ठ गीत (नाटू नाटू) के लिए अवॉर्ड जीता है। फिल्म का संगीत एमएम कीरावनी ने तैयार किया है। एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी आरआरआर के लिए ऑस्कर 2023 से पहले यह एक बड़ी उपलब्धि है। बता दें कि ऑस्कर में नाटू नाटू को बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग के लिए नॉमिनेट किया गया है।
नयी दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी मिली कामयाबी से गदगद साउथ इंडिया की फिल्म आरआरआर के निर्माता फिर धमाका करने की तैयारी में हैं। आरआरआर की सफलता के बाद फिल्म को दोबारा से थिएटर्स में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि ऑस्कर अवॉर्ड घोषित होने से पहले फिल्म सिनेमाघरों में नजर आएगी।
एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर साल 2022 की धमाकेदार मूवी रही है। फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। इसमें साउथ के सुपरस्टार राम चरण और जूनियर एनटीआर मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इसके अलावा फिल्म में अजय देवगन और आलिया भट्ट भी नजर आईं थी। फिल्म ने इस साल कई अवॉर्ड्स भी हासिल किए हैं। फिल्म के गाने नाटू नाटू को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग के लिए गोल्डन ग्लोब के खिताब से नवाजा गया है। इसके अलावा फिल्म को क्रिटिक्स च्वाइस ऑफ अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। वहीं, फिल्म की इतनी सफलता के बाद मेकर्स एक बार फिर से इसे रिलीज करने का मन बना रहे हैं।
आरआरआर को दोबारा कर सकते हैं थिएटर्स में रिलीज
रिपोर्ट्स के अनुसार आरआरआर फिल्म के मेकर्स इसे एक बार फिर से सिनेमाघरों में रिलीज करने के बारे में सोच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इस फिल्म को दोबारा से थिएटर्स में रिलीज किया जा सकता है। जिसके लिए थिएटर की लिस्ट, भाषा और टाइम पर प्लान बनाया जा रहा है। आपको बता दें कि फिल्म के गाने नाटू नाटू को ऑस्कर के लिए नॉमिनेट किया गया है। फिल्म के गाने को खूब सफलता हासिल हुई है। इसे एमएम कीरावानी द्वारा कंपोज किया गया है। वहीं, हाल ही में कीरवानी को पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था।
फिल्म को मिले कई अवॉर्ड्स
फिल्म का निर्देशन एसएस राजामौली ने किया है। वहीं, फिल्म का लेखन विजयेंद्र प्रसाद के द्वारा किया गया है। फिल्म की रिलीज के बाद से इसकी सफलता थमने का नाम नहीं ले रही है। आरआरआर के कई अवॉर्ड्स जीतने के बाद सभी लोगों ने इसकी खूब तारीफ की थी। साथ ही बॉलीवुड के कलाकारों ने भी फिल्म को खूब सराहा। वहीं, गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीतने पर देश के प्रधानमंत्री मोदी ने भी आरआरआर की पूरी टीम को बधाई दी थी। वहीं, फिल्म में वैश्विक स्तर पर 1200 करोड़ से भी ज्यादा कमाई की थी।
नयी दिल्ली। क्या साउथ इंडिया के स्टार कलाकार महेश बाबू जल्द बॉलीवुड डेब्यू करने वाले हैं। यह चर्चा फ़िल्मी सर्किल में बहुत तेज़ी से चल रही है। जानकारी के अनुसार महेश बाबू एसएस राजामौली के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। राजामौली ने एक मीडिया इंटरव्यू में खुद इसका खुलासा किया है।
दक्षिण भारत के सिने स्टार महेश बाबू के साथ बॉलीवुड डेब्यू को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। बता दें कि महेश बाबू ने बीते वर्ष एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बॉलीवुड डेब्यू को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने बॉलीवुड के लिए खुद को अफॉर्ड न कर पाने की बात कही थी। इसके बाद खूब हंगामा हुआ। अब एक बार फिर एक्टर के हिंदी इंडस्ट्री में डेब्यू की खबरें चल रही हैं। वह एसएस राजामौली के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। राजामौली ने एक मीडिया इंटरव्यू में खुद इसका खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार विदेशी मीडिया से बात करते हुए एस एस राजामौली ने कहा कि ‘उनकी अगली फिल्म महेश बाबू के साथ होगी।’ उनका मानना है कि वो तेलुगू के बड़े स्टार हैं। डायरेक्टर ने बताया कि ये इंडियाना जोन्स की तर्ज पर एक साहसिक फिल्म होगी। फिल्म में एक्टर को लेकर काफी एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलेंगे। फिल्म की शूटिंग अक्टूबर, 2023 के बाद शुरू की जाएगी।
इसके अलावा महेश बाबू इन दिनों ‘एसएसएमबी 28’ की शूटिंग में बिजी हैं। वह जल्द ही इसमें नजर आने वाले हैं। फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस पूजा हेगड़े और श्रीलीला नजर आने वाली हैं। इसका निर्देशन डायरेक्टर त्रिविक्रम श्रीनिवास कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि यह फिल्म एक फैमिली एंटरटेनर है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एसएसएमबी28 के ओटीटी राइट्स बिक चुके हैं। इसके साउथ लेंग्वेज के राइट्स नेटफ्लिक्स ने खरीदे हैं। कहा जा रहा है कि दिग्गज ओटीटी प्लेटफॉर्म ने इसके लिए 80 करोड़ रुपये अदा किए हैं। हालांकि, अभी तक इसके हिंदी राइट्स नहीं बिके हैं। इसकी वजह है कि इसके हिंदी राइट्स को प्रोड्यूसर ने अपने पास रखा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक महेश बाबू राजामौली के साथ अपनी बॉलीवुड पारी की शुरुआत करना चाहते हैं।आपको बता दें कि बीते वर्ष हिंदी फिल्मों में काम करने को लेकर महेश बाबू ने कहा था कि ‘उन्हें काफी फिल्मों के ऑफर आते रहते हैं। मगर उनको लगता नहीं है कि उनको हिंदी में कोई अफॉर्ड कर पाएगा। वो ऐसी इंडस्ट्री में काम करके अपना वक्त बर्बाद नहीं करना चाहते हैं।’ इस पर खूब विवाद हुआ था।