लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार द्वारा आरंभ की गई शासन की योजनाओं की जानकारी युवाओं को होनी चाहिए। उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच का विकास करने का प्रयास करना चाहिए, क्योंकि जब कोई व्यक्ति इस भावना से आगे बढ़ता है तो वह लंबे समय तक समाज और देश के लिए उपयोगी हो सकता है।
मुख्यमंत्री योगी शुक्र्रवार को राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर माई भारत पोर्टल के माध्यम से स्वच्छता अभियान संबंधी गतिविधियों का शुभारंभ भी किया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए युवाओं को प्रधानमंत्री के पंच प्रण को भी अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री के अनुसार हमारी सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन है, जो हमें गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलने में मददगार हो सकती है। हमें आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रणी भूमिका निभानी होगी।
जब हम जाति, मजहब, क्षेत्र, भाषा से ऊपर उठ कर केवल देश पहले की भावना को सबसे ऊपर रखेंगे तो यही वास्तविक देशभक्ति होगी।उन्होंने कहा कि स्वच्छता का हमें विशेष रूप से ध्यान रखना होगा, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में युवाओं की आकांक्षा और स्वप्न को नई उड़ान देने के लिए अपार संभावनाएं हैं। युवा अपनी क्षमता का सही प्रयोग करते हुए उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान दिलाने में सक्षम हो सकते हैं।