नेपाल । करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र पवित्र पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की। बीती रात करीब 12 बजे से ही मंदिर परिसर के पास श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक 11 लाख से अधिक भक्तों के पशुपतिनाथ दर्शन की जानकारी दी गई।
पशुपति क्षेत्र विकास कोष के सदस्य सचिव राजू खत्री द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक महाशिवरात्रि के दिन पूरे समय मंदिर के चारों कपाट खोल दिए जाते हैं ताकि भक्तों को दर्शन की सुविधा हो सके। मंदिर परिसर में 10 स्थानों से श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है। शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आसपास की सड़कों पर वाहनों के प्रवेश को रोक दिया गया है। काठमांडू के चार मुख्य सडकों पर ट्रैफिक डाइवर्जन किया गया है।
पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल और सेना के जवानों की तैनाती की गई है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता भीम प्रसाद ढकाल ने बताया कि पशुपतिनाथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में करीब 10 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी और ड्रोन से भी चारों तरफ नजर रखी जा रही है। पुलिस और सेना की तरफ से एंबुलेंस, पेयजल, घुम्ती अस्पताल और स्वास्थ्य शिविर की भी व्यवस्था है।
पशुपति क्षेत्र विकास कोष के तरफ से बताया गया है कि भारत से करीब 3 से 4 लाख लोगों का काठमांडू आना हुआ है। हजारों की संख्या में नागा साधु और कई अखाड़ा के साधु काठमांडू पहुंचे हैं। गुजरात, महाराष्ट्र सहित दक्षिण भारत से सबसे अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं।
shivratri
नई दिल्ली । महाशिवरात्रि की छुट्टी होने की वजह से आज घरेलू शेयर बाजार में कोई कारोबार नहीं हो रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के साथ आज इक्विटी डेरिवेटिव्स, इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स और करेंसी डेरिवेटिव्स मार्केट भी बंद रहेंगे। हालांकि कमोडिटी डेरिवेटिव सेगमेंट आज सिर्फ दिन के पहले सत्र में ही बंद रहेगा, दूसरे सत्र में सामान्य कारोबार होगा।
आज शिवरात्रि होने और इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी होने की वजह से अब शेयर बाजार में 11 मार्च को कारोबार होगा। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार में रिकॉर्ड तोड़ तेजी रही। गुरुवार को सेंसेक्स ने 74,245.17 अंक तक पहुंच कर ऑल टाइम हाई का रिकॉर्ड बनाया। इसी तरह निफ्टी भी 22,525.65 अंक तक पहुंच कर मजबूती का नया रिकॉर्ड बनाने में सफल रहा। गुरुवार को पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 33.40 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,119.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 19.50 अंक यानी 0.09 प्रतिशत मजबूत होकर 22,493.55 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।
हुगली। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के डानकुनी थाना अन्तर्गत हिमनगर इलाके में एक भीड़भाड़ वाले मंदिर के पास शनिवार शाम हुए विस्फोट में एक महिला और एक बच्चे सहित कम से कम पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिवरात्रि के मौके पर हिमनगर के एक मंदिर में समारोह चल रहा था। कई दुकानदार भी अपना सामान लेकर वहां बैठे थे। उनमें से एक गुब्बारे में गैस भरकर बेच रहा था। सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन अचानक तेज धमाके के साथ गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर फट गया। तेज आवाज से इलाका कांप उठा। पास के एक घर के निवासी ने बताया कि विस्फोट इतना तीव्र था कि उसके घर की खिड़की का शीशा टूट गया। घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस गैस गुब्बारा कारोबारी की तलाश कर रही है। इस घटना से कार्यक्रम में आए आम लोगों के मन में दहशत फैल गई। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले दक्षिण 24 परगना जिले में ऐसी ही एक घटना में चार लोगों की जान चली गई थी।
मंदसौर। नगर में भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में शनिवार को भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिर के कपाट सुभह 4 बजे से ही भक्तों के लिए खोल दिये गए थे। सुबह भूतभावन भगवान को दूध, दही, शहद, चंदन से अभिषेक किया गया। सुबह 11 बजे पशुपतिनाथ को दूल्हे की तरह श्रृंगार किया गया। विदेश से मंगवाए विशेष गुलाब के फूलों के श्रृंगार के साथ बाबा भोलेनाथ को फूलों की पगड़ी पहनाई गई। सुबह कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं का दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। शनिवार को मंदिर के कपाट 33 घण्टे खुले रहे। रात के चौथे पहर शिव-पार्वती का विवाह हुआ।
शनिवार को दोपहर तक करीब 30 हजार से अधिक भक्तों ने शहस्त्र शिवलिंग और पशुपतिनाथ के दर्शन किए। वहीं शाम को मंदिर परिसर से लेकर शहर से चौक चौराहों और हर घर तक करीब एक लाख दीप एक साथ प्रज्वल्लित किये। शिवना तट पर एक घंटे भव्य आतिशबाजी की गई। इसके साथ ही शिव केंद्रित नृत्य अनुषा जैन इंदौर, रूप मे शिव गायन अभिजीत सुखदाणे एवं साथी ग्वालियर, भक्ति गायन तृप्ति शाक्य एवं साथी दिल्ली द्वारा नृत्य एवं भजन की प्रस्तुतियां दी गईं। मंदिर परिसर में दर्शन करने आए भक्तों के लिए कामधेनु अमजिक संस्था द्वारा 31 क्विंटल फलाहारी खिचड़ी का वितरण किया गया। अन्य सामाजिक संस्थाओं द्वारा भक्तों के लिए ठंडाई भांग की प्रसाद वितरण किया गया।
शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा हुई
मेघदूत नगर बालाजी समिति द्वारा मेघदूत नगर के राजाधिराज श्री भूरिया महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर शिव परिवार की प्रतिमाओं की भव्य प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण विधि विधान के साथ की। इसके पूर्व ढोल ढमाकों व गाजे बाजे के साथ माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय व नंदी की प्रतिमाओं को मंदिर परिसर लाया गया जहां दो दिन हवन, अभिषेक, पूजा अर्चना हुई एवं प्रतिमाओं को विराजित किया। समिति द्वारा मंदिर को विशेष रूप से फूलों एवं विद्युत सज्जा कर सजाया गया।
श्री भूरिया महादेव मंदिर समिति संरक्षक नेमीचन्द खिमेसरा ने बताया कि भूरिया महादेव मंदिर में शिव परिवार की नवीन प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। प्राण प्रतिष्ठा पं. दुर्गाशंकर शास्त्री के सान्निध्य 11 विद्वान पंडितों द्वारा पूर्ण विधि विधान के साथ की गई।
रांची । देवघर में शिव बारात पहले से निर्धारित मार्ग पर ही निकली जाएगी, इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। यह आदेश झारखंड हाई कोर्ट ने दिया है। कोर्ट ने देवघर उपायुक्त को निर्देश दिया है कि वह स्थिति स्पष्ट करें। हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में शुक्रवार को सुनवाई के दौरान देवघर डीसी से मोबाइल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात भी की गई।
कोर्ट ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा देवघर में शिव बारात निकाले जाने का रास्ता नहीं बदला जा सकता है। क्योंकि, जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से वर्षों से यह रास्ता तय कर रखा है। केवल कोविड के तीन वर्षों के दौरान यह रास्ता नहीं लिया गया था। इसलिए याचिकाकर्ता की ओर से शिव बारात का रास्ता बदलने के आग्रह पर कोर्ट हस्तक्षेप नहीं कर सकता है।
डीसी ने कोर्ट को मोबाइल पर बताया गया कि धारा 144 शिव बारात के रास्ते पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगाया गया है। शिव बारात के सुरक्षा को लेकर देवघर जिला प्रशासन को कुछ आउटपुट मिला था, इसे लेकर धारा 144 लगाया गया। ऐसा नहीं है कि पूरे देवघर में धारा 144 होने से पांच या छह आदमी एक साथ एकत्रित नहीं हो सकते हैं।
कोर्ट ने समाचार पत्रों एवं अन्य संचार माध्यमों के माध्यम से देवघर डीसी को आज से ही यह जानकारी प्रसारित करने को कहा है कि देवघर में कहीं भी सीमित संख्या में लोगों के रहने को लेकर धारा 144 जैसा आदेश लागू नहीं है। साथ ही कोर्ट ने कहा है कि महाशिवरात्रि पर निकलने वाले शिव बारात के दौरान प्रशासन की ओर से लगाई गयी धारा 144 आम लोगों पर लागू नहीं होगी। हालांकि, प्रशासन ने जो रूट तय किया है, उसी रूट से शिव बारात निकलेगी।
यह जानकारी डॉ. निशिकांत दुबे के वकील प्रशांत पल्लव ने दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन के पास इंटेलिजेंस इनपुट है कि जिस रूट से शिव बारात निकलती रही है, उस रूट पर कुछ गड़बड़ी हो सकती है। इसलिए रूट में बदलाव किया गया है।
दरअसल, इस जनहित याचिका में सांसद निशिकांत ने देवघर जिला प्रशासन द्वारा महाशिवरात्रि पर शिव बारात को लेकर धारा 144 लगाने एवं शिव बारात का मार्ग बदलने का विरोध किया है। जिला प्रशासन के इस आदेश को निरस्त करने का आग्रह किया है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रशांत पल्लव एवं पार्थ जालान पैरवी की।
उल्लेखनीय है कि देवघर में एसडीओ दीपांकर चौधरी ने आदेश जारी कर महाशिवरात्रि के दिन पूरे देवघर अनुमंडल क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। साथ ही शिव बारात निकालने को निर्धारित रूट के संबंध में आदेश जारी किया है।
महाशिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष अभिषेक आनंद झा ने कहा कि झारखंड हाई कोर्ट का फैसला आने के बाद शिव बरात संचालन समिति की बैठक होगी और आगे की रणनीति पर विचार किया जायेगा। अध्यक्ष ने कहा कि समिति चाहती है कि बारात का संचालन बेहतर तरीके से हो और अधिक से अधिक लोग बरात देख पायें, कहीं भी भगदड़ की स्थिति नहीं हो।
उन्होंने कहा कि समिति जिला प्रशासन से आग्रह करती है कि भगवान शिव के लिए अपना आदेश वापस लें। क्योंकि, यह किसी पार्टी विशेष का आयोजन नहीं है। यह लाखों शिवभक्तों की आस्था का सवाल है। प्रशासन के अधिकारी यदि भगवान शिव पर आस्था रखते हैं, तो अपने फैसले पर पुनर्विचार करें और समिति को बारात संचालन में सकारात्मक सहयोग करें।
मुरादाबाद। कांठ थाना क्षेत्र में देर रात हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे जनपद संभल के कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक पलट गई। हादसे में 20 लोग घायल हुए, जिसमें दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल 18 लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ, जिला अस्पताल और निजी हास्पिटल में उपचार चल रहा हैं जिसमें तीन की हालत गंभीर बनीं हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतक दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिले के संबंधित अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव जयंतीपुर के कांवड़ियों का एक जत्था बीतीरात को टैक्टर ट्राली से उत्तराखंड के हरिद्वार से गंगाजल और कांवड़ लेने के लिए निकला था। जत्थे में महिलाएं, बच्चों सहित करीब 50 से अधिक लोग शामिल थे। रात 11 बजे कांवड़ियों से भरी टैक्टर ट्राली कांठ क्षेत्र में सहसपुर और गढ़ी सलेमपुर चेक पोस्ट के बीच में मोड़ पर पहुंचने पर अनियंत्रित होकर पलट गई। टैक्टर ट्राली चालक समेत 20 लोग चोटिल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ में उपचार के लिए भर्ती कराया। पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिर वहां से निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान सनी (20 वर्ष) और पप्पू (45 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि हादसे बबीता (छह माह की गर्भवती), देवेंद्र, कुलदीप, ओमप्रकाश, गंगोत्री, भोपाल, सुहानी, रीना, पूजा, निर्वेश, धर्मपाल सिंह, रज्जो देवी, शिवानी, देवेंद्र सिंह, सचिन, श्यामवती, ईश्वरी आदि सभी घायलों का इलाज चल रहा है।