वाराणसी। सेना भर्ती रैली में अग्निवीर योजना के तहत दूसरे दिन गुरूवार को गोरखपुर जिले के सहजनवा और गोला तहसील के युवाओं ने छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान में पूरे उत्साह और दमखम के साथ भागीदारी की। दूसरे दिन भर्ती रैली के दौड़ में कुल 3773 अभ्यर्थियों ने नाम पंजीकृत कराया था। जिसमें 3264 युवाओं ने भागीदारी की और इसमें कुल 240 अभ्यर्थी ही सफल हुए।
गोला तहसील के सचिन यादव ने 4.58 मिनट में सबसे पहले अपने लेन में दौड़ पूरी की। सैन्य अफसरों के अनुसार भर्ती रैली अब तक शांतिपूर्ण तरीके चल रही है। सुरक्षा में फोर्स के साथ स्थानीय पुलिस भी तैनात है। शुक्रवार को गोरखपुर के खजनी व गोरखपुर तहसीलों के 7045 अभ्यर्थी दौड़ में हिस्सा लेंगे। इसके पहले बुधवार को रणबांकुरे मैदान में 2300 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। इसमें से तीन सौ अभ्यर्थी सफल हुए।
गोरखपुर के चौरीचौरा व बांसगांव के 3903 युवाओं ने पंजीकरण कराया था।लेकिन दौड़ में 2300 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। कई युवा शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच में छांट दिये गये। जरूरी कागजात न होने या खामियां मिलने पर उन्हें रैली से बाहर कर दिया गया। दौड़ में असफल अभ्यर्थियों को रोडवेज और बस स्टैंड ले जाने के लिए स्टेडियम के समीप ट्रक और बस लगाया गया है। 12 जनपदों के लिए अग्निपथ योजना के तहत भर्ती रैली 16 नवंबर से 6 दिसंबर तक चल रही है।
race
देहरादून। मुख्यमंत्री ने पुलिस की ओर से रविवार को पुलिस लाइन में नशामुक्त मुहिम के साथ रन फ़ॉर यूनिटी और रन अगेन्ट्स ड्रग्स थीम पर आयोजित देहरादून मैराथन का फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संकल्प दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड को 2025 तक नशा मुक्त करना है। इस दौड़ में देश के साथ 15 देशों के विदेशी एथलीट भी शामिल हुए। कार्यक्रम हंस फाउंडेशन की संस्थापिका माता मंगला और भोले महाराज भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल ने राष्ट्रीय एकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राष्ट्रीय एकता में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि 2025 तक उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। नशा से मुक्ति के लिए सबको दृढ़ संकल्प लेना होगा और अन्य लोगों को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि एक अच्छे समाज के लिए सबका स्वस्थ शरीर होना जरूरी है। जीवन के सभी सुख निरोगी काया से ही संभव है। स्वस्थ मन, वचन, एवं कर्म के लिए मनुष्य का निरोगी होगा जरूरी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए सबको अपना योगदान देना होगा। हमारी युवा पीढ़ी जो आने वाले समय में देश के कर्णधार होंगे, उन्हें सही दिशा मिलनी जरूरी है। भविष्य में युवाओं को नशा से दूर रहने के लिए यह जागरूकता कार्यक्रम किया गया है। आने वाली पीढ़ी और संस्कृति को बचाने के लिए बेहतर भविष्य को तैयार करने के लिए सरकार संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि नशा की लत से दूर रहकर अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं। जीवन का हर सुख निरोगी काया है। यह संकल्प लेकर इस दौड़ में जा रहे हैं। इस दौरान पुलिस और हंस फाउंडेशन को दौड़ के लिए सहयोग किया। पुलिस लाइन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। इस दौरान कैलाश खेर सहित अन्य कालाकारों ने गीत गाकर उत्साहवर्धन किया।
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि रन फाॅर यूनिटी एवं रन अगेंस्ट ड्रग थीम पर आधारित देहरादून मैराथन में 15 हजार से अधिक लोग प्रतिभाग कर रहे हैं। अनेक देशों के एथलीट भी इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं। राष्ट्रीय एकता एवं नशा मुक्ति के उद्देश्य से देहरादून मैराथन का आयोजन किया जा रहा है।
10 और 21, किलोमीटर के साथ 03 किलोमीटर की दौड़ है। पुलिस की ओर से दौड़ में 15 देशों के 112 एथलीट कैडेट्स,21 किमी में कुल 3255 (3027 पुरुष व 228 महिला), 10 किमी में कुल 5100 (4351 पुरुष व 749 महिला) प्रतिभागियों का पंजीकरण जा कराया गया है। करीब 15 हजार लोगों ने पंजीकरण कराया है।हाफ मैराथन में विभिन्न श्रेणियों में विजेता प्रतिभागियों को 10 लाख रुपये और सांत्वना पुरस्कार दिये जायेंगे। इसके साथ ही 21 किमी एवं 10 किमी में सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क टाइमिंग चिप दी गई थी। 21 किमी फिनिश करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को और 10 किमी में टॉप 10 प्रतिभागियों को फिनिशर मैडल प्रदान किए जायेंगे।
मैराथन में मेयर सुनील उनियाल गामा, राजपुर विधानसभा खजान दास,भोले महाराज, प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, अपर मुख्य सचिव राधा रतूडी, डीजीपी अशोक कुमार कार्यक्रम में मौजूद रहे।
लंदन। ब्रिटेन में बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री पद की दौड़ में लिज ट्रस से परास्त हुए भारतवंशी ऋषि सुनक एक बार फिर इस दौड़ में शामिल हो गये हैं। उन्हें प्रधानमंत्री पद की दावेदारी के लिए जरूरी सौ सांसदों का समर्थन मिल गया है।
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस द्वारा प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिये जाने की घोषणा के बाद सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी ने नए दावेदार की तलाश शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री पद की दावेदारी के लिए इस बार कम से कम सौ सांसदों के समर्थन की शर्त रखी गयी है। ब्रिटिश संसद में कंजर्वेटिव पार्टी के कुल 357 सांसद हैं।
माना जा रहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन एक बार फिर प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदारी करेंगे, किन्तु फिलहाल ऐसा संभव होता नजर नहीं आ रहा है। हां, लिज ट्रस के हाथों पराजय का सामना करने वाले भारतवंशी ऋषि सुनक जरूर एक बार फिर गंभीर दावेदार के रूप में सामने आए हैं।
कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद टोबियास एलवुड ने कहा है कि ऋषि सुनक को सौ सांसदों का समर्थन मिल चुका है। इससे पहले सुनक को 82 सांसदों के समर्थन की बात सामने आई थी। किन्तु टोबियास एलवुड ने ट्वीट कर साफ किया कि सुनक को सौ सांसदों का समर्थन मिल चुका है।
ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री टॉम टुगेंट ने भी सुनक के समर्थन का एलान किया है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक खेल का समय नहीं है। इस बीच ब्रिटेन में हुए एक सर्वे में दावा किया गया है कि ब्रिटेन के मतदाताओं की पहली पसंद ऋषि सुनक हैं। पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और प्रधानमंत्री पद के दावेदार ऋषि सुनक के बीच हुए सर्वेक्षण में 44 प्रतिशत लोग सुनक के साथ नजर आए। सिर्फ 31 प्रतिशत लोगों ने बोरिस जॉनसन का समर्थन किया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर क्रॉस कंट्री स्लम दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौड़ की शुरूआत दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरी झंडी दिखा की। यह दौड़ मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से इंडिया गेट तक आयोजित की गई।
इस स्लम दौड़ को 4 हिस्सों में बांटा गया है। जिसमें से सबसे छोटा 2.5 किमी का है, इसमें 10 से 15 वर्ष की लड़कियां और लड़कों ने भाग लिया। वहीं 2.5 किमी की एक अन्य दौड़ आम लोगों के लिए रखी गई थी। इस दौड़ में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों ने हिस्सा लिया।
जानकारी के मुताबिक इस दौड़ में करीब 10 हजार युवा प्रतिभागी शामिल हुए। पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में इस दौड़ को दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित किया गया है। बताया जा रहा है कि इसमें जीतने वाले को 3 लाख तक का इनाम भी दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में अमित शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बीजेपी के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पूर्व क्रिकेटर इशांत शर्मा समेत कई और अहम लोग मौजूद रहे।