चंडीगढ़। पंजाब के जालंधर में सोमवार को तीन लड़कियों की लाशें एक लोहे के ट्रंक से बरामद हुई है। तीनों लड़कियां आपस में बहनें थीं और रविवार से लापता थीं। परिजनों ने पुलिस में मामला भी दर्ज करवाया था।
पठानकोट मार्ग पर स्थित कानपुर क्षेत्र निवासी तीनों मृतक लड़कियों की उम्र चार से नौ साल के बीच है। वह तीनों रविवार को घर पर अकेली थी। रात के समय जब परिजन आए तो लड़कियां घर पर नहीं मिली। काफी देर तक उनकी तलाश की गई। रात करीब 11 बजे पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया। इसके बाद एसपी मनप्रीत सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की एक टीम ने रविवार की रात आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार की सुबह कुछ लोगों ने कानपुर कालोनी के बाहरी क्षेत्र में लोहे का एक ट्रंक पड़ा देखा। आसपास पूछने पर जब कोई भी ट्रंक लेने के लिए नहीं आया, तो लोगों ने अपने स्तर पर ट्रंक खोला। ट्रंक खोलते हुए वहां भगदड़ मच गई, जब उसमें तीन लड़कियों के शव पड़े मिले। इनकी शिनाख्त अमृतका कुमारी, साक्षी व कंचन के रूप में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मृतक लड़कियों का पिता नशेड़ी है और उसने ही नशे में अपनी बेटियों को मौत के घाट उतारा है। आसपास के लोगों के बयान के बाद पुलिस ने मृत लड़कियों के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।