नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी पृथ्वी शॉ फिर मुश्किल में हैं। वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं। पृथ्वी शॉ चोटिल हैं। पृथ्वी के घुटने में चोट लगी है। घायल होने के कारण उन्हें अब लंबे वक्त तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो की खबर के मुताबिक घुटने की चोट के चलते भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को कम से कम तीन महीने तक खेल से दूर रहना पड़ सकता है। वह एक अक्टूबर से ईरानी कप के साथ शुरू होने वाले घरेलू क्रिकेट सीजन का अधिकांश हिस्सा मिस कर सकते हैं। शॉ को यह चोट इंग्लैंड में नॉर्थम्पटनशायर के लिए डरहम के खिलाफ मैच खेलते हुए लगी है। मैच के बाद स्कैन से पता चला कि चोट ज्यादा गंभीर है। पृथ्वी को तीन-चार महीनों के लिए क्रिकेट से दूर होना पड़ सकता है।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के एक अधिकारी ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया कि वह शॉ के चोट से उबरने का इंतजार करेंगे और एनसीए से इस बारे में लगातार बात करेंगे कि क्या वह जनवरी से रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम के लिए उपलब्ध हो सकते हैं या नहीं।
उल्लेखनीय है कि पृथ्वी शॉ लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। वह भारतीय टीम में अपनी जगह नहीं बना पा रहे हैं। पृथ्वी शॉ इस दौरान घरेलू क्रिकेट में ही खेलते नजर आए। वहीं वह इंग्लैंड के डोमेस्टिक क्रिकेट में नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेल रहे थे।
पृथ्वी शॉ भारतीय क्रिकेट टीम से 2021 से दूर चल रहे हैं। उन्होंने भारतीय टीम के लिए आखिरी मैच श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2021 में खेला था। पृथ्वी शॉ भारतीय टीम के लिए 5 टेस्ट मैचों में 339 रन बना चुके हैं। साथ ही 6 वनडे मैच और एक टी-20 मैच खेला है। उन्होंने फर्स्ट क्लास मैचों की 78 पारियों में 3802 रन बनाए हैं। इस दौरान 12 शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं। वे लिस्ट ए के 57 मैचों में 3056 रन बनाए हैं।
prithvi-shaw-
नई दिल्ली । भारतीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ आखिरकार अपने पहले काउंटी कार्यकाल के लिए तैयार हैं। यात्रा दस्तावेजों को लेकर आ रहे कुछ परेशानियों को हल करने के बाद शॉ समय पर यूके पहुंचने में कामयाब रहे। उनका काउंटी कार्यकाल शुक्रवार (4 अगस्त) को वनडे कप मैच के साथ शुरू होगा।
काउंटी क्रिकेट क्लब (एनसीसीसी) नॉर्थहेम्पटनशायर के मुख्य कार्यकारी रे पायने ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पृथ्वी रविवार को यूके पहुंचे और शुक्रवार, 4 अगस्त से शुरू होने वाले हमारे वनडे कप में भाग लेंगे।”
शॉ ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से एनओसी हासिल की, और बाद में उन्हें पुडुचेरी में चल रही देवधर ट्रॉफी इंटर-जोनल एक दिवसीय चैंपियनशिप को छोड़ने की अनुमति दी गई। हालाँकि, एनसीसीसी फिक्स्चर से उनकी लगातार अनुपस्थिति के कारण उनके कार्यभार को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
एक समय पर, उनकी भागीदारी संदेह में थी क्योंकि एनसीसीसी ने कहा था कि उनके पास शॉ के क्लब में शामिल होने की कोई जानकारी नहीं है। हालाँकि, एनसीसीसी सीईओ द्वारा उनके आगमन की पुष्टि के साथ, वह अपने काउंटी कार्यभार के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड का घरेलू टूर्नामेंट वन-डे कप मंगलवार से शुरू हो रही है, लेकिन नॉर्थम्पटनशायर स्टीलबैक्स को अपना पहला मैच चेल्टनहैम कॉलेज, चेल्टनहैम में ग्लॉस्टरशायर के खिलाफ शुक्रवार को खेलना है। शॉ स्टीलबैक्स की टीम में डेविड विली और एंड्रयू टाई जैसे खिलाड़ियों के साथ शामिल होंगे। जॉन सैडलर काउंटी के मुख्य कोच हैं।
शॉ (23) ने 18 साल की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक बनाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्वप्निल शुरुआत का आनंद लिया। हालांकि तब से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह अपनी राह से भटक गए और भारत के लिए छह वनडे, एक टी20ई के अलावा केवल चार और टेस्ट ही खेल पाए।
चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, अर्शदीप सिंह और नवदीप सैनी के बाद शॉ इस सीज़न में काउंटी द्वारा अनुबंधित होने वाले चौथे भारतीय बन जाएंगे। रहाणे ने लीसेस्टरशायर के साथ अनुबंध किया था, लेकिन उन्होंने ब्रेक लेने के लिए अपने अनुबंध से हाथ खींच लिया।
धर्मशाला । हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 15 रनों से हरा दिया है। इस हार के साथ ही पंजाब के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। हालांकि यह मैच एक प्रकार से दिल्ली के लिए बदले से भरा रहा क्योंकि इससे पहले पंजाब ने दिल्ली को उसकी जमीन पर हराकर प्लेऑफ से बाहर किया था।
मैच में 214 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान शिखर धवन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तावड़े ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने प्रभसिमरन (22 रन) को आउट कर तोड़ा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए लियाम लिविंगस्टन ने तावड़े के साथ मिलकर जबरदस्त प्लेटफार्म तैयार किया। दोनों ने मिलकर 50 गेंदों में 78 रन जोड़े। हालांकि रन गति बढ़ाने के चक्कर में तावड़े खुद को रिटायर्ड आउट कर पवेलियन लौट गए। तावड़े ने 55 रन बनाए। फिर जितेश शर्मा शून्य पर, शाहरूख खान 6 रन, सैम करन 11 रन और हरप्रीत बरार शून्य के स्कोर पर जल्दी आउट हो गए। एक छोर से विकेट गिरते रहे लेकिन दूसरी तरफ लिविंग्सटन डटे रहे और लगातार रन बनाते रहे। आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के लिए 33 रन बना थे लेकिन वो सिर्फ 17 रन बना सकी। लिविंगस्टन 94 रन बनाकर पारी का आखिरी गेंद पर आउट हो गए। दिल्ली की तरफ से ईशान्त शर्मा और एनरिक नोर्किया को दो-दो विकेट मिले, जबकि खलिल अहमद और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले, दिल्ली ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवरों में 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के लिए कप्तान डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले दस ओवर में 94 रन बनाए। टीम को पहला झटका वार्नर के रूप में लगा, जिन्हें सैम करन ने आउट किया। वार्नर ने 31 गेंदों में 46 रन बनाए। वार्नर के बाद पृथ्वी ने राइली रूसो के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। तभी सैम करन की गेंद पर शिखर धवन ने पृथ्वी शॉ का शानदार कैच पकड़ा। शॉ ने 27 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। इसके बाद राइली रूसो ने फिल सॉल्ट के साथ मिलकर आखिरी पांच ओवरों में 65 रन जोड़े। रूसो 37 गेंदों में 82 रन और साल्ट 26 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब के लिए एक मात्र सफल गेंदबाज सैम करन रहे, जिन्हें दो विकेट मिले।
मुम्बई। मात्र एक सेल्फी के चक्कर में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ विवादीन में घिर गए हैं। सेल्फी देने के लिए तैयार न होने पर होटल में कुछ फंस से कहा सुनी हो गयी। होटल डिनर करके निकलने पर पृथ्वी शॉ को प्रशंसक ने अपने साथियों के साथ घेर लिया , इसमें एक लड़की भी थी। बात बढ़ते – बढ़ते मारपीट तक आ गयी। इसी विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चल रहा है , जिसमे शॉ लड़की से बेस बॉल का बैट छीनते हुए नज़र आ रहे हैं। इस विवाद में पुलिस को दखल देना पड़ा। पुलिस ने मामले में आठ लोगो के खिलाफ केस दर्ज़ कर लिया है , इसमें से सपना गिल नाम की लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना की शुरुआत बुधवार की रात से शुरू होती है। दरअसल, पृथ्वी शॉ के पक्ष की ओर से बताया गया है कि भारत के स्टार ओपनर बुधवार रात को एक फाइव स्टार होटल में डिनर के लिए गए थे। इसके बाद एक शख्स उनके पास आया और सेल्फी लेने की मांग करने लगा। पृथ्वी ने उस फैन को निराश नहीं किया और फोटो खिंचवाई। इसके कुछ देर बाद वह शख्स अपने कुछ और दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और सेल्फी लेने की मांग करने लगा। पृथ्वी शॉ ने यह कहकर उन्हें मना कर दिया कि वह दोस्तों के साथ यहां खाना खाने आए हैं और कोई डिस्टरबेंस नहीं चाहते।
फिर भी फैंस उन्हें सेल्फी के लिए जोर देने लगे तो पृथ्वी के दोस्त ने होटल मैनेजर को फोन कर शिकायत की। मैनेजर ने उन लोगों को होटल से जाने के लिए कहा। वह सभी वहां से चले गए। इसके बाद पृथ्वी और उनके दोस्तों ने उस होटल में डिनर किया।
होटल से बाहर निकलने पर शुरू हुआ विवाद
जब पृथ्वी शॉ और उनके दोस्त खाना खाने के बाद होटल से बाहर निकले तो कुछ लोग बेसबॉल स्टिक के साथ बाहर खड़े थे। उन लोगों ने पृथ्वी की कार का शीशा तोड़ दिया। उस वक्त पृथ्वी भी कार में मौजूद थे। हालांकि, उन्हें कोई चोट नहीं आई।
महिला ने पृथ्वी से 50 हजार रुपये की मांग की
शिकायतकर्ता ने बताया कि उस वक्त पृथ्वी कार में थे और वह कोई विवाद नहीं चाहते थे। ऐसे में फिर दूसरे कार से घर भेजा गया। इसके बाद पृथ्वी शॉ जिस दूसरे कार में बैठे थे, उसे भी रोका गया। वहां एक महिला आई और कहा कि इस मामले को सुलझाना है तो उसे 50 हजार रुपये देने होंगे नहीं तो झूठे आरोप लगा देगी। कहा जा रहा है कि फैंस ने क्रिकेटर के कार की विंडशील्ड भी तोड़ दी। इस घटना के बाद पृथ्वी के दोस्त ने ओशिवारा थाने में मामला दर्ज कराया।
एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया
ओशिवारा पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इनमें से दो नामजद और छह अज्ञात हैं। शिकायत में जिन लोगों के नाम हैं- उनमें से दो की पहचान शोभित ठाकुर और सना उर्फ सपना गिल के रूप में हुई है। ओशिवारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 143, 148, 149, 384, 437, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। गुरुवार को इसी मामले में एक गिरफ्तारी हुई है।
हालांकि, सपना ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से किनारा कर लिया और पृथ्वी शॉ पर हमला करने का आरोप लगाया। इस मामले में सपना गिल के वकील अली काशिफ खान का कहना है कि मारपीट सपना ने नहीं, बल्कि पृथ्वी शॉ ने की थी।
इसी बीच विवाद से सम्बंधित वीडियो ने इंटरनेट पर कोहराम मचा दिया है। इसमें सपना और उनके साथ मौजूद व्यक्ति पृथ्वी और उनके दोस्तों पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। साथ ही वह यह भी कह रहे हैं कि उनके पास पृथ्वी का वीडियो भी है। झगड़े के वीडियो में भी देखा जा सकता है कि पृथ्वी महिला फैन से भिड़ रहे हैं और दोनों बेसबॉल बैट पकड़े हुए हैं। वकील का कहना है कि उनकी मुवक्किल सपना को ओशिवरा पुलिस थाने में बैठाकर रखा गया है। उसे मेडिकल के लिए भी जाने नहीं दिया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो में शॉ एक लड़की से बेसबॉल बैट छीनते नजर आ रहे हैं। वहीं, उस लड़की का साथी शॉ का वीडियो बनाते दिख रहा है। लड़की और उसके साथी ने आरोप लगाया है कि शॉ और उनके दोस्तों ने डांस क्लब में उनके साथ मारपीट की। फिर बाहर बेसबॉल बैट से हमला किया। पुलिस के मुताबिक सपना एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर हैं।
लड़की ने शॉ पर आरोप लगाए
वायरल वीडियो में लड़की, उसका साथी, पृथ्वी शॉ और कुछ पुलिसवाले नजर आ रहे हैं। शॉ किसी से फोन पर बात करते दिख रहे हैं। लड़की और उसके साथी का कहना है कि वह भी पार्टी करने ही गए थे, लेकिन शॉ के दोस्तों ने उनके साथ क्लब में मारपीट की।
लड़के ने कहा कि वह शॉ के साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था, तभी शॉ ने उसका फोन छीनकर फेंक दिया और उसे धक्का दे दिया। वहीं सपना गिल के वकील अली काशिफ खान ने पृथ्वी शॉ पर अपनी क्लाइंट के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया है।
मुंबई पुलिस के डीसीपी अनिल परासकर ने बताया कि पृथ्वी के दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव की शिकायत पर ओशिवारा पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें सना उर्फ सपना गिल और शोभित ठाकुर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज है। इन पर पृथ्वी के दोस्त की कार का शीशा तोड़ने और मारपीट का आरोप लगाया गया है। इस दौरान शॉ कार में ही मौजूद थे।
आरोपियों पर शॉ के दोस्त ने अपनी कार का पीछा करने, मामले को दबाने और झूठा केस बनाने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपए मांगने का भी आरोप लगाया है। सपना गिल को पुलिस ने गुरुवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। सपना का मेडिकल कराया गया है और उन्हें शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। परासकर ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
23 साल के पृथ्वी शॉ ने हाल ही में 537 दिनों बाद टीम इंडिया में वापसी की थी। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया था। हालांकि, उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। पृथ्वी पिछली बार भारत के लिए 25 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ खेले थे। पृथ्वी 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप को जीतने वाली टीम इंडिया के कप्तान रह चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो पृथ्वी ने भारत के लिए पांच टेस्ट खेले हैं और 42.37 की औसत से 339 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है। पृथ्वी के नाम टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़ने का रिकॉर्ड है। इसके अलावा पृथ्वी छह वनडे मैचों में 31.50 की औसत से 189 रन बना चुके हैं। वहीं, भारत के लिए सिर्फ एक टी20 खेला है, जिसमें वह कोई रन नहीं बना सके। घरेलू क्रिकेट में पृथ्वी 41 फर्स्ट क्लास मैचों में 51.75 की औसत से 3623 रन बनाए हैं। इनमें 12 शतक और 15 अर्धशतक शामिल है।
पृथ्वी शॉ ने जमाया असम के खिलाफ तिहरा शतक, रणजी ट्रॉफी के इतिहास में बनाया दूसरा सबसे बड़ा निजी स्कोर
गुवाहाटी । रणजी ट्रॉफी इतिहास में मुंबई के ओपनिंग बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने बुधवार को दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। शॉ ने गुवाहाटी के अमीनगांव क्रिकेट ग्राउंड में दूसरे दिन असम के खिलाफ मुंबई के लिए खेलते हुए 383 गेंदों पर 379 रनों की धुआंधार पारी खेली।
इससे पहले संजय मांजरेकर के नाम 1990-91 सीज़न में हैदराबाद के खिलाफ 377 रनों का सर्वोच्च निजी स्कोर का रिकॉर्ड था। शॉ का इस साल रणजी ट्रॉफी में यह पहला शतक था। उन्होंने अपनी पिछली सात पारियों में 22.85 की औसत से और 68 का उच्च स्कोर के साथ 160 रन बनाए थे।
वह इस सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 181.42 की स्ट्राइक रेट से 332 रन बनाकर और असम के खिलाफ 134 के शीर्ष स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में सात पारियों में 217 रन बनाए, लिस्ट ए क्रिकेट में उनका औसत 50 से अधिक है।
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में मुबंई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए समाचार लिखे जाने तक अपनी पहली पारी में दूसरे दिन 3 विकेट पर 608 रन बना लिए हैं। मुंबई के लिए शॉ (379) के अलावा कप्तान अजिंक्या रहाणे ने भी शतक लगाया है। वह 139 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।