कोलकाता। पश्चिम बंगाल के चर्चित शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार के बाद अब नगर पालिकाओं में भी भ्रष्टाचार का मामला तूल पकड़ने लगा है। ईडी ने दावा किया है कि नगर पालिका नियुक्ति भ्रष्टाचार भी दो सौ करोड़ से अधिक का है। इस बाबत कोर्ट में एक रिपोर्ट भी दी गई है। ईडी सूत्रों ने शनिवार को बताया है कि नगर पालिकाओं की नियुक्ति में भी बड़े पैमाने पर धांधली होती रही है।
तृणमूल के युवा नेता अयन शील की गिरफ्तारी के बाद ही ईडी ने दावा किया था कि वे “सोने की खदान” को सीज कर चुके हैं, क्योंकि केंद्रीय जांच एजेंसी ने अयन शील के घर से नगर निगम की नियुक्तियों से जुड़े हजारों दस्तावेज भी बरामद किए थे। इन दस्तावेजों में नगर पालिका भर्ती घोटाले में भारी मात्रा में धन का लेन-देन किया गया है। इसमें कोलकाता नगर निगम के साथ ही राज्य की नगर पालिकाओं की भी सूची बनाई जा रही है। सूत्रों ने बताया है कि अयन के संपर्क में रहे तृणमूल नेताओं से पूछताछ शुरू की जाएगी। खास बात यह है कि कोलकाता नगर निगम में भी नियुक्ति भ्रष्टाचार के साक्ष्य मिलने के बाद सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर दबाव और बढ़ गया है।