- रोहित शर्मा की कप्तानी पारी ,मुंबई इंडियंस की 3 मैचों में यह पहली जीत है , दिल्ली ने लगाया हार का ‘चौका’
- तिलक वर्मा 41 रन की पारी खेलकर आउट हुए
- विकेटकीपर इशान किशन ने 31 रन बनाए
नई दिल्ली। आईपीएल का यह सीजन रोमांच से भरता जा रहा है। पिछले तीन मैच दिल की धड़कने बढ़ाने वाले रहे। तीनों मैच के नतीजे आखिरी गेंद पर आये। मंगलवार की रात मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स का मैच भी
आखिरी गेंद तक चला। मैच में मुंबई इंडियंस को अंतिम गेंद पर जीत के लिए दो रन चाहिए थे जो किसी तरह से बनाने में कामयाब हो गयी। दिल्ली कैपिटल्स की यह लगातार चौथी हार है ।
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2023 में जीत का खाता खोल लिया है। मुंबई ने आईपीएल के 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को उसी के घर में 6 विकेट से पराजित कर मौजूदा सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई की 3 मैचों में यह पहली जीत है , जबकि दिल्ली कैपिटल्स को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है. डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली दिल्ली की टीम एक अदद जीत को तरस रही है। आखिरी गेंद पर जीत दर्ज करने वाली मुंबई की टीम ने 6 विकेट से मुकाबले को अपने नाम किया।
दिल्ली ने पहले बैटिंग करते हुए मुंबई के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में मुंबई ने 19 ओवरों तक 4 विकेट के नुकसान के साथ 168 रन बना लिए थे। टीम के लिए 20वें ओवर में टिम डेविड और कैमरून ग्रीन बैटिंग कर रहे थे। दिल्ली ने आखिरी ओवर नोर्खिया को दिया। इस ओवर की पहली गेंद पर ग्रीन ने एक रन लेकर डेविड को स्ट्राइक दी। नोर्खिया की दूसरी गेंद पर डेविड आउट होने से बाल-बाल बच गए। मुकेश कुमार ने कैच छोड़ दिया। तीसरी गेंद फिर से डॉट रही। टिम ने चौथी गेंद पर सिंगल लिया और स्ट्राइक ग्रीन को दी। ग्रीन ने पांचवीं गेंद पर सिंगल लिया और स्ट्राइक डेविड को दी। इसके बाद आखिरी गेंद पर डेविड ने 2 रन लेकर मुंबई को जीत दिला दी।
मुंबई की जीत में बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा. टीम के लिए पीयूष चावला ने खतरनाक गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवरों में महज 22 रन देकर 3 विकेट झटके। पीयूष ने मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल और ललित यादव को शिकार बनाया। जेसन बेहरनडॉर्फ ने 3 ओवरों में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने डेविड वॉर्नर, अक्षर पटेल और अभिषेक पोरेल को शिकार बनाया।
मुंबई के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए। उन्होंने 45 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के लगाए। इशान किशन 31 रन बनाकर आउट हुए वहीं तिलक वर्मा ने 29 गेंदों पर 41 रन का योगदान दिया। सूर्यकुमार यादव पहली ही गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। टिम डेविड ने नाबाद 13 और कैमरन ग्रीन ने नाबाद 17 रन की पारी खेली।