लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चहारदीवारी फांदकर जय प्रकाश नारायण इंटरनेशल सेन्टर में घुस गये हैं। जय प्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर अखिलेश यादव उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। प्रशासन ने जेपीएनआईसी सेंटर को पहले से ही बंद कर रखा है। इसलिए अखिलेश के वहां पहुंचने पर पुलिस ने अंदर जाने से रोका।
इसके बाद सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और कार्यकर्ताओं ने जेपीएनआईसी के गेट पर लगे टीन शेड को उखाड़कर फेंक दिया है। इस बीच अखिलेश यादव दीवार फांदकर जेपीएनआईसी में दाखिल हो गए। अखिलेश के अंदर घुसने के बाद बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी चहारदीवारी फांदकर अंदर पहुंच गए।
सपा अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लोकनायक जय प्रकाश नारायण जो सम्पूर्ण क्रान्ति के नायक थे। हम लोग उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने हर वर्ष यहां आते हैं। इस बार हमको रोका गया। भाजपा सरकार लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी की जयंती पर उनके नाम पर बने जेपीएनआईसी पर ताला लगाना अत्यंत निंदनीय है। जय प्रकाश की प्रतिमा पर माल्यार्पण न करने देना भाजपाइयों की महापुरषों के विरुद्ध विचाराधारा को दर्शाता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकनायक जयप्रकाश के भ्रष्टाचार, बेकारी-बेरोज़गारी और महंगाई के ख़िलाफ़ छेड़े गये आंदोलन की स्मृति को दोहराने से डर रही है क्योंकि भाजपा के राज में तो भ्रष्टाचार, बेकारी-बेरोज़गारी और महंगाई तब से कई गुना ज़्यादा है।
जेपीएनआईसी में जाने से रोकने के लिए एलडीए ने वहां पर निर्माण कार्यों का हवाला देते हुए गेट पर ताला लगा रखा था। इतना ही नहीं गेट फांदकर कोई अंदर न आये, इसके लिए गेट पर टीन शेड लगाया गया था। एलडीए के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।