रायबरेली । कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान से बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। रायबरेली लोकसभा क्षेत्र की सांसद सोनिया गांधी के नामांकन से यह माना जा रहा है कि अब वह लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसके साथ यह भी तय हो गया है कि अगले लोकसभा चुनाव में रायबरेली को नया संसद मिलेगा।
वर्ष 2004 से 2019 तक सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार जीत चुकी हैं। वर्ष 1999 में वह पहली बार अमेठी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ीं और जीतीं। इसके बार यह सीट उन्होंने राहुल गांधी के लिए छोड़ दी। सोनिया ने अपनी सास इंदिरा गांधी के बाद लंबे समय तक रायबरेली से चुनाव लड़ा और जीता। हालांकि 2019 के बाद यहां उनका आना जाना कम हो गया, तभी से यह कयास लगाया जाने लगा था कि उनका यह अंतिम चुनाव होगा, जिसका संकेत उन्होंने अपनी कई सार्वजनिक सभाओं में दिया था।
रायबरेली सीट गांधी परिवार के लिए सबसे सुरक्षित मानी जाती है। प्रियंका गांधी वाड्रा की सक्रियता से इस बात की अटकलें लगने लगी हैं कि वह इस बार रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी।
रायबरेली सीट से पहली बार वर्ष 1952 के चुनाव में सोनिया गांधी के ससुर फ़िरोज गांधी ने चुनाव लड़ा और जीता। वह 1952 और 1957 में यहां से जीते। सोनिया की सास इंदिरा गांधी ने इसे मजबूती दी और यहां से 1967, 1971 और 1980 में विजयी रहीं। रायबरेली में गांधी परिवार से चुनाव लड़ने और जीतने का सिलसिला आगे भी चलता रहा। वर्ष 1980 एवं 1984 में अरुण नेहरू ने चुनाव जीता। गांधी परिवार की ही शीला कौल 1989 एवं 1991 में रायबरेली से सांसद रहीं। वर्ष 1999 में कैप्टन सतीश शर्मा यहां से सांसद बने। सतीश शर्मा को गांधी परिवार का सबसे विश्वास पात्र माना जाता था।
हालांकि रायबरेली में गांधी परिवार को कई झटके भी लगे। वर्ष 1977 के चुनाव में यहां से जनता पार्टी के राजनारायण जीते और 1996 एवं 1998 के चुनाव में यहां से भाजपा उम्मीदवार विजयी रहा। बावजूद इसके यह सीट गांधी परिवार के लिए सबसे अहम रही है। वर्ष 2024 में प्रियंका गांधी के चुनावी राजनीति की शुरुआत भी यहीं से करने की तैयारी है।
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी पहली बार 1999 में अमेठी क्षेत्र से सांसद चुनी गईं। इसके बाद वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में वह रायबरेली सीट से जीतीं। मई 2006 में लाभ के पद को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उपचुनाव के जरिए वह दोबारा सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2009, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में सोनिया ने रायबरेली सीट से जीत हासिल की।
Gandhi Family
रायबरेली/अमेठी। लाेकसभा चुनाव को करीब आता देख उत्तर प्रदेश की वीआईपी संसदीय सीटों पर सभी की नजरें हैं। इन सीटों में कांग्रेस और गांधी परिवार के लिए रायबरेली और अमेठी सबसे अहम है। बावजूद इसके सपा ही यहां कांग्रेस की खेवनहार है। रायबरेली कांग्रेस के लिए आज भी सबसे सुरक्षित सीट मानी जा रही है। हालांकि इसके लिए उसे समाजवादी पार्टी का ही सहारा है। सपा के बिना कांग्रेस के लिए यहां काफ़ी मुश्किल हो सकती है। एक ओपनियन पोल के अनुसार रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी की सीट पक्की है, लेकिन ऐसा तभी होगा जब कांग्रेस के समर्थन में सपा कोई उम्मीदवार न उतारे। यही हाल अमेठी का भी है , जहां बिना सपा के सहारे चुनाव लड़ना उसके लिए मुश्किल भरा हो सकता है।
रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी लगातार चुनाव जीतती रही हैं। हालांकि पिछले चुनाव में उनका जीत का अंतर कम हो गया था। 2019 में सोनिया गांधी को एक लाख 67 हजार वोटों के अंतर से जीत मिली थी जबकि इसके पहले 2004, 2006, 2009 और 2014 में सोनिया हमेशा दो लाख से अधिक वोटों के अंतर से ही जीतती रही हैं। इन जीत के आंकड़ों के बावजूद रायबरेली के विधानसभा चुनावों में सपा का ही बोलबाला रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में रायबरेली की पांच सीटों में से चार सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की, जबकि एक सीट भारतीय जनता पार्टी के खाते में गई। कांग्रेस की रायबरेली जनपद में तो छोड़िये उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में हालत काफी खराब रही और वह केवल दो विधानसभा सीटों में सिमट कर रही गई। इससे स्पष्ट है कि रायबरेली में सपा की मतदाताओं में मजबूत पकड़ है और कांग्रेस इसके मुकाबले कहीं नहीं टिकती है। समाजवादी पार्टी पिछले कई चुनावों से रायबरेली में अपना उम्मीदवार नहीं खड़ी कर रही थी। सपा ने सोनिया गांधी के खिलाफ 2004 में उम्मीदवार को उतारा था। उस समय कांग्रेस के पक्ष में माहौल होने के बावजूद सपा के उम्मीदवार को 1 लाख 28 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। अगर सपा इस बार भी उम्मीदवार उतारती है तो यहां कांग्रेस को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
कमोबेश यही हाल अमेठी का भी है जहां विधानसभा चुनावों में भाजपा और सपा ही मुख्य मुकाबले में रहते हैं। हालांकि 2019 में सपा और बसपा से समर्थन मिलने के बावजूद कांग्रेस अमेठी सीट नहीं बचा पाई थी और राहुल गांधी को हार का सामना करना पड़ा था। जबकि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और भाजपा के बीच अमेठी में कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। सपा ने गौरीगंज और अमेठी सीट पर जीत दर्ज कर ली और भाजपा को तिलोई और जगदीशपुर में सफलता मिली थी। कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण इन सीटों पर परिणाम बेहद निराशाजनक रहा।
कांग्रेस और ख़ासकर गांधी परिवार के लिए बेहद अहम अमेठी और रायबरेली कांग्रेस सीट है जो उसके लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। 2019 में राहुल गांधी का अमेठी से चुनाव हारने के मुद्दे को भाजपा आज भी जोरशोर से उठा रही है। ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस के लिए इन सीटों पर हर हाल में सपा के समर्थन की दरकार होगी। पूरे देश में कांग्रेस भले ही आईएनडीआईए गठबंधन में नेतृत्व की भूमिका हो, लेकिन उत्तर प्रदेश और खासकर रायबरेली, अमेठी में उसे सपा का परोक्ष नेतृत्व स्वीकार करना ही पड़ेगा। अकेले दम पर कांग्रेस को इन जनपदों में लोकसभा चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ सकता है।
नई दिल्ली। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 84 के सिख विरोधी दंगों के मामले में कांग्रेस के पूर्व नेता जगदीश टाइटलर के खिलाफ दाखिल सप्लीमेंट्री चार्जशीट को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई 08 जून को होगी।
इसके पहले कोर्ट ने आर्म्स डीलर अभिषेक वर्मा के बयान दर्ज करने में देरी पर सीबीआई को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने कहा कि इस मामले के 35 साल बीत गए और कई बार जांच में तेजी लाने के आदेश दिए गए। गवाह भी आगे आए, लेकिन सीबीआई केवल धारा 161 के तहत बयान दर्ज कर संतुष्ट हो गई। कोर्ट ने सीबीआई से पूछा था कि उन बयानों पर गवाहों के दस्तखत तक नहीं हुए हैं। कोर्ट ने कहा था कि अगर सीबीआई चाहती है, तो वो अभिषेक वर्मा का बयान धारा 164 के तहत दर्ज कर सकती है। धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट बयान दर्ज करता है। अभिषेक वर्मा ने 2017 में दिल्ली पुलिस को शिकायत दी थी और अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। अभिषेक वर्मा को ई-मेल के जरिये जान से मारने की धमकी दी गई थी।
अभिषेक वर्मा 01 नवंबर 1984 में दिल्ली के पुलबंगश में तीन सिखों की हत्या के मामले में गवाह हैं। एक नवंबर 1984 को जिन सिखों की हत्या हुई थी, उनमें बादल सिंह, ठाकुर सिंह और गुरचरण सिंह शामिल हैं। इस केस को नानावटी कमीशन ने दोबारा खोलने का आदेश दिया था। सीबीआई ने इस मामले में टाइटलर के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 109 और 302 के तहत आरोप लगाया है। सीबीआई के मुताबिक टाइटलर ने भीड़ को उकसाया था, जिसके बाद भीड़ ने पुलबंगश के गुरुद्वारे में आग लगा दी थी।
नई दिल्ली। भाजपा ने तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने तमिलनाडु के वित्त मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जिस तरह से गांधी परिवार देश में भ्रष्टाचार कर रहा था, उसी प्रकार से डीएमके का परिवार भी तमिलनाडु में जमकर भ्रष्टाचार कर रहा है।
सैयद जफर इस्लाम ने तमिलनाडु के वित्त मंत्री और एक पत्रकार के बातचीत का ऑडियो सुनाते हुए यह दावा किया कि राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के दामाद वी सबरीसन और उनके बेटे ने भ्रष्टाचार कर एक साल में तीस हजार करोड़ रुपये का काला धन बनाया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का कल्चर भारत की विरासत है लेकिन प्रदेश की डीएमके सरकार इस विरासत में भ्रष्टाचार का जहर घोल रही है। जब से डीएमके की सरकार प्रदेश में आई है तब से वहां भ्रष्टाचार और भी बढ़ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे राहुल गांधी हों, चाहे वाड्रा हों या गांधी परिवार के कुछ और लोग हों… जिस तरह से ये परिवार देश में भ्रष्टाचार कर रहा था, उसी प्रकार डीएमके का परिवार भी भ्रष्टाचार कर रहा है।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव का नतीजा आज आएगा। कांग्रेस की कमान मल्लिकार्जुन खड़गे या फिर शशि थरूर, दोनों में से किसी एक नेता के हाथ में होगी। करीब 24 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से होगा। मतगणना कांग्रेस मुख्यालय में सुबह 10 बजे शुरू होगी।
कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री नतीजे की घोषणा करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को हुए चुनाव में नौ हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों ने वोट डाला था। देशभर से सभी बैलट बॉक्स दिल्ली पहुंच चुके हैं।