गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस ने अपनी मंगेतर से कुछ दोस्तों के साथ मिलकर गैंग रेप करने और ब्लैक मेल करने के आरोप में दिल्ली एम्स के डॉक्टर अमित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर अमित पर गाजियाबाद की एक युवती ने सगाई करने, रेप के बाद गर्भपात कराने और फिर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने डाक्टर को दिल्ली के हौज खास इलाके से गिरफ्तार किया है। कविनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने इस संबंध में 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था।
मेट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए की सगाई
युवती के मुताबिक, उन्होंने शादी के लिए एक मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर अपना बायोडाटा डाला हुआ था। इसे देखकर 11 मार्च 2023 को अमित यादव नामक युवक ने युवती के पिता से फोन पर संपर्क किया। अमित ने खुद को दिल्ली में डॉक्टर बताया। मार्च 2023 को युवती और अमित यादव के परिजन दिल्ली में मिले और शादी पर सहमति बन गई। इसके बाद अमित के परिजन गाजियाबाद आए और रिश्ता पक्का करके शगुन देकर चले गए।
रेप कर बनाए अश्लील वीडियो
2 अप्रैल को हरियाणा में अमित यादव के गांव में दोनों की सगाई हो गई। आरोप है इसके बाद अमित पक्ष ने 25 लाख रुपये और कार की डिमांड की। पीड़ित युवती की और से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, सगाई होने के बाद रुपये और कार की डिमांड पूरी ना होने पर अमित यादव और उसके कुछ रिश्तेदार घर पर आए। उन्होंने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। अमित यादव ने रेप किया और कुछ अश्लील फोटो वीडियो बना लिए। इसके बाद युवती गर्भवती हो गई तो अमित ने उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। तंग आकर उसने 2 नवंबर 2023 को कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया।
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपी डॉक्टर अमित यादव को दिल्ली के होज खास इलाके से गिरफ्तार किया गया जिसके बाद दिल्ली के थाना हौजखास में ले जाकर वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस उसको गाजियाबाद ले आई है। यहां उसको कोर्ट में पेश करके जेल भेजा जाएगा।
dowry
मुरादाबाद। मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र निवासी महिला ने एसएसपी व थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दहेज के लिए ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित कर मारपीट कर घर से निकाल दिया था। कुछ समय बाद आरोपित पति ने मायके में आकर उसे तीन तलाक दे दिया। बाद में अपने बहनोई व भाई से हलाला कराने को दबाव बनाया, विवाहिता के मना करने पर मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संभल निवासी पति समेत सात ससुरालियों पर आज केस दर्ज कर लिया।
कटघर थाना क्षेत्र निवासी महिला का निकाह 28 फरवरी 2022 को संभल के लुकन्दरी सराय निवासी युवक से हुआ था। महिला के अनुसार निकाह के बाद से पति, सास व दो ननद ने अतिरिक्त दहेज की मांग की। पीड़िता ने पिता के न होने का हवाला देकर असमर्थता जताई तो प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि पीड़िता के दोनों बहनोई उसके ऊपर बुरी नजर रखते थे व कई बार छेड़छाड़ भी किए। पीड़िता ने सास से इसकी शिकायत की तो सास और अन्य ससुरालियों ने उल्टा पीड़िता को भला-बुरा कहकर मारा पीटा। पीड़िता के अनुसार आरोपियों की पिटाई से कम समय में ही 11 जनवरी को पैदा हुए बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद 30 अगस्त 2023 को आरोपियों ने मारपीट कर पीड़िता को घर से निकाल दिया। पीड़िता मायके आ गई।
10 सितंबर को आरोपी पति व अन्य ससुराल वाले उसे जबरन मायके से ले जाने को आ गए। विरोध करने पर मारपीट कर पति ने तीन तलाक दे दिया। बाद में आरोपित पति व ससुरालियों ने कहा कि बहनोई व देवर से संबंध बनाकर हलाला करा ले, जिसके बाद हम साथ ले चलेंगे। आरोप है कि आरोपित बहनोई व देवर ने दुष्कर्म की कोशिश भी की। बाद में जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़िता ने एसएसपी हेमराज मीणा को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। मामले में एसएसपी ने थाना काटकर पुलिस को अविलंब कार्रवाई के आदेश दिए थे।
थाना कटघर एसएचओ तेजवीर सिंह ने बताया कि कप्तान के आदेश पर पीड़िता की तहरीर के आधार पर मंगलवार को आरोपित पति समेत सात ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना, तीन तलाक, छेड़छाड़ समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जोधपुर। शहर के प्रतापनगर सदर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ मुस्लिम विवाह अधिकार के तहत केस दर्ज करवाया है। महिला को उसके पति ने नोटिस के जरिए तीन बार तलाक शब्द लिख कर तलाक दे दिया। महिला ने थाने में इस बाबत केस दर्ज करवा दिया। प्रतापनगर सदर पुलिस की तरफ से पड़ताल की जा रही है। जांच एएसआई गोविंद सिंह की तरफ से की जा रही है।
पहले से ससुराल वालों के खिलाफ महिला ने महिला थाने में मारपीट और दहेज को लेकर मामला दर्ज करवा रखा है। थाने में दी रिपोर्ट में महिला ने बताया कि उसका निकाह 18 जनवरी 2020 को मसूरिया निवासी मोइन खान पुत्र अब्दुल सत्तार खान से हुआ था। निकाह के समय उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज देकर विदा किया था। 2 महीने तक उसके पति और ससुराल वालों ने ठीक रखा लेकिन दो महीने बाद ही पति, देवर, सास और ससुर दहेज में दिए समान को लेकर ताने मारने लगे।
इस महिला का आरोप है कि गर्भवती हालत में भी उसके साथ मारपीट की गई और यातनाएं दी गईं। 3 सितंबर 2021 को उसे मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया गया। इसके बाद से वह अपने पीहर में रह रही है। खुद के साथ हुई मारपीट को लेकर महिला ने 7 नवंबर 2021 को महिला थाना पश्चिम में मामला भी दर्ज करवाया था।
एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने वकील के जरिए 7 जून 2023 को एक नोटिस भिजवाया, जिसमें तीन बार तलाक लिखा गया है। ट्रिपल तलाक को गैरकानूनी घोषित करने के बावजूद उसके पति ने उसे तीन तलाक देने का आपराधिक कृत्य किया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधी आबादी को नकार कर कोई भी समाज सशक्त नहीं हो सकता। आधी आबादी के सशक्तिकरण के बिना विकास की अवधारणा असंभव है। समाज को सशक्त करने के लिए महिलाओं के प्रति अत्याचार को रोकना होगा, सशक्तिकरण के कदम उठाने होंगे। इसे समझते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार नारी गरिमा की रक्षा व सशक्तिकरण के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री गुरुवार पूर्वाह्न चंपा देवी पार्क मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दहेज की सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ सामूहिक विवाह योजना एक सकारात्मक अभियान है। दहेज एक सामाजिक कुरीति है और दहेज मुक्त विवाह के अभियान में पूरे समाज को खड़ा होना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2017 से अब तक दो लाख से अधिक शादियां करा चुकी है। 2017 के पूर्व प्रति जोड़े विवाह पर 31 हजार रुपये खर्च किए जाते थे बाद में इसे बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दिया गया है। डबल इंजन की सरकार का यह सामूहिकता का प्रयास है।
महिला सशक्तिकरण को सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार महिला सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हर बेटी, बहन के लिए सुरक्षा के वातावरण में पढ़ाई, रोजगार और सम्मान देने के कार्य पूरी प्रतिबद्धता से चलाए जा रहे हैं। प्रदेश में कन्या के जन्म से लेकर स्नातक की पढ़ाई के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना चलाई जा रही है तो महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। कन्या की स्नातक की पढ़ाई के बाद उसकी शादी के लिए भी किसी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, इसके लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना है। यह गांव की बेटी, सबकी बेटी की भावना के अनुरूप है। सीएम योगी ने महिला कल्याण के क्षेत्र में सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना आदि योजनाओं का भी जिक्र किया।
पुलिस में 20 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती, गोरखपुर में पीएसी की महिला बटालियन
सीएम योगी ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सरकार ने पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती को अनिवार्य कर दिया है। 1947 से लेकर 2017 तक यूपी पुलिस में महिला कार्मिकों की संख्या दस हजार थी, आज यह संख्या चालीस हजार है। 2017 के बाद महज छह वर्षों में यह संख्या चार गुना हो गई है। इस तरह के अभियान को गति देते हुए गोरखपुर में पीएसी की महिला बटालियन की स्थापना के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
10 नवयुगलों को प्रमाण पत्र व उपहार भी किया भेंट
समाज कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित इस समारोह में डेढ़ हजार जोड़े विवाह के पावन बंधन में बंधे। नवयुगलों में हिन्दू, मुस्लिम दोनों शामिल रहे। सभी नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंच से दो अल्पसंख्यक जोड़ों समेत दस नवयुगलों को प्रमाण पत्र और उपहार-शगुन किट भेंट किया। प्रमाण पत्र देने के दौरान मुख्यमंत्री ने जोड़ों से आत्मीय संवाद भी किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद रविकिशन शुक्ल, कमलेश पासवान, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, डॉ विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि भी उपस्थित रहे।
नवादा। जिले में हिसुआ थाना क्षेत्र के मंझवे गांव में दहेज दानवों नें 24 वर्षीया महिला को मौत के घाट उतार दिया। वह 7 माह की गर्भवती थी। मृतका सुनीता कुमारी के पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ शनिवार को हिसुआ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वह गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के लोढि़या गांव निवासी अवधेश यादव की पुत्री थी। पिता ने बताया कि 2011 में बेटी की शादी हिसुआ थाना क्षेत्र के मंझवे गांव निवासी दीपू यादव उर्फ लंबू यादव के पुत्र योगेंद्र यादव के साथ हिंदू रीति रिवाज से किया था। हमारी पुत्री को 3 साल का एक बच्चा भी है। बेटी हमेशा कहती थी की पापा ससुराल वाले हमसे पैसे की मांग करते रहते हैं। जब मैं पैसे नहीं देने की बात कहती हूं तो जान से मारने की धमकी देता है।
आखिर दहेज को लेकर दामाद योगेंद्र यादव, उसकी मां और पिता दीपू यादव उर्फ लंबू ने पीट पीट कर मार डाला।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी लोग शव को घर में छोड़कर फरार हो गए। गांव के ही किसी ने मायके वालों को फोन के द्वारा घटना की सूचना दी।
सूचना बाद मायके के परिजन पहुंचे। फिर हिसुआ थाना की पुलिस भी पहुंची। मामले की जांच पड़ताल के बाद पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दी।
बेटी की मौत से पिता सहित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। गांव के लोग घटना से स्तब्ध है।
हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कुम्हरई में सोमवार की सुबह एक विवाहिता का शव पंखे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
संजना (22) पुत्र महावीर सिंह निवासी गांव सांधन थाना अछनेरा जिला आगरा की शादी करीब डेढ़ साल पहले राहुल पुत्र मनोहर सिंह निवासी गांव कुम्हरई थाना चंदपा के साथ हुई थी। महावीर सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि संजना के सुरालीजन दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करते थे। रविवार की रात ससुरालीजनों ने संजना के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर शव पंखे से लटका दिया। सुबह किसी पड़ोसी ने फोन पर सूचना दी कि तुम्हारी बेटी की मौत हो गई है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई में जुट गई है।
इस संबंध में थाना चंदपा प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम का कहना है कि गांव कुम्हरई में एक विवाहिता का शव पंखे से लटका मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। अगर कोई तहरीर प्राप्त होती है तो उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।