सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरहट-रीवा नेशनल हाईवे पर मोहनिया टनल के समीप ग्राम बरखड़ा के पास शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बसों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की टक्कर से एक बस सड़क किनारे पलटकर गई, जबकि दो बसें अनियंत्रित होकर खाई में गिर गईं। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 50 से अधिक लोगों के घायल हो गए। हादसा ट्रक का टायर फटने से हुआ। मृतकों में से आठ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि बाकी की मौत अस्पताल में हुई। अभी तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की है। कांग्रेस नेता कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया। सतना में कोल समाज का महाकुंभ था, जिसमें केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से कोल समाज के लोग बसों से आए थे। रात में ये बसें कार्यक्रम समापन के बाद लोगों को लेकर वापस लौट रही थीं। रामपुर बघेलान और रीवा के रास्ते मोहनिया टनल से एक किलोमीटर दूर सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में बरखड़ा गांव के पास तीन बसें कुछ देर के लिए रोकी गई थीं। यहां यात्रियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। तीनों बसों से 50 से 60 लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहनिया टनल से कुछ दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों बसों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दो बसें 10 फीट गहरी खाई में गिर गईं। वहीं, एक बस हाईवे पर ही पलट गई। ट्रक सीमेंट से भरा था और टक्कर के बाद पलट गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात में सीधी में ही थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे आधी रात को घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वे अस्पताल भी गए और घायलों से मुलाकात की। उनके साथ प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। इससे पहले सीधी कलेक्टर और एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। सीधी सांसद रीति पाठक भी मौके पर पहुंचीं।
मुख्यमंत्री चौहान ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए और साधारण घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने देर रात ट्वीट करते हुए कहा कि रात में सीधी जिले में हुई दुर्घटना में खड़ी बसों से ट्रक द्वारा टकराने के फलस्वरूप हुई जनहानि और रेस्क्यू प्रयासों की घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की। प्रशासनिक अधिकारियों, नागरिकों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से विस्तृत विवरण जाना। दु:ख की इस घड़ी में हम सब साथ हैं। रीवा मेडिकल कॉलेज और संजय ग़ांधी अस्पताल में पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और घायलों के इलाज के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हमारे घायल भाई-बहन शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ हों, यही प्रार्थना करता हूं। सीधी में हुई दुर्घटना हृदय विदारक है। रीवा के अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। घायलों के इलाज की बेहतर से बेहतर व्यवस्था की गई है, फिर भी आवश्यकता पड़ने पर इलाज के लिए बाहर ले जाया जायेगा। हमारी पहली प्राथमिकता है कि घायलों के उपचार की बेहतर व्यवस्था करें। आवश्यकता पड़ने पर घायलों को एयर एंबुलेंस द्वारा भी अन्यत्र उपचार हेतु ले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जो साथी नहीं रहे, उनके परिजनों को 10-10 लाख की राहत राशि दी जाएगी। दिवंगत व्यक्तियों के आश्रित परिजनों को योग्यतानुसार शासकीय सेवा में लिया जाएगा। गंभीर घायलों को 2-2 लाख तथा सामान्य घायलों को 1-1 लाख की सहायता देने की व्यवस्था हम करेंगे। दिवंगत व्यक्तियों के परिवार की पूरी चिंता की जाएगी। संकट की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।
ditch
चेन्नई। तमिलनाडु के थेनी जिले में हुए सड़क हादसे में आठ तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। यह तीर्थयात्री एक कार में थे। सबरीमाला के तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही यह कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। थेनी के कलेक्टर केवी मुरलीधरन ने इसकी पुष्टि की है।
कलेक्टर केवी मुरलीधरन के मुताबिक यह हादसा केरल-तमिलनाडु सीमा के नजदीक इडुक्की के कुमिलि में हुआ। यह कार अनियंत्रित होकर 40 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में आठ लोगों की जान चली गई और दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
- बारात के साथ आ रही कार पर काशीपुर का नंबर
बागेश्वर/अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भैंसियाछाना ब्लॉक में बारात में आ रही एक अल्टो कार शनिवार को खाई में गिर कर दुर्घटना का शिकार हो गयी। इसमें चार लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस और आपदा की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। तहसीलदार कुलदीपक पांडेय ने इसकी पुष्टि की है। कार काशीपुर नंबर की थी।
पुलिस ने बताया कि बागेश्वर के काफलिगैर क्षेत्र के मटेला से बारात कल पिथौरागढ़ के बेरीनाग गयी थी। आज सुबह वापसी के दौरान ऑल्टो कार अल्मोड़ा जिले में काफलीगैर रोड पर नौगांव-जमराड़ी बखरिया के बीच अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गयी। इस हादसे में 3 पुरुष और एक महिला समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गयी जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कुछ देर बाद पुलिस-प्रशासन और आपदा की टीम भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में दूल्हा पक्ष के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। विस्तृत ब्यौरा की प्रतीक्षा है।
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में बीती देर रात थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के दोबटा तिराहे के निकट एक गाड़ी के खाई में गिर गई। इसमें एक लड़की की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।
लक्ष्मण झूला थाने के अनुसार शुक्रवार की देर शाम सूचना मिली थी कि दोबटा तिराहे के पास एक गाड़ी ईको स्पोर्ट्स गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 4 लोग सवार थे। इनमें से दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस पर पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों का रेस्क्यू कर प्राइवेट वाहन से एम्स अस्पताल ऋषिकेश पहुंचाया। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल लड़की को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जिसका नाम 19 वर्षीय रिद्धि पुत्री रोहित बब्बर, निवासी R-5 राज कुंज गाजियाबाद बताया गया। इसके अतिरिक्त तीन अन्य घायलों में वंश पुत्र राजेश लांबा, निवासी-गली नंबर 4, आशुतोष नगर ऋषिकेश ,अदिति पुत्री सुनील, निवासी-टावर नंबर 4, फ्रेंच को अपार्टमेंट गुड़गांव,सानिया पुत्री आशीष कथुरिया, निवासी हाउस नंबर 388162 वसंत कुंज, दिल्ली है जो की गंभीर हालत में है। पुलिस ने मृतक के शव को लेकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
देहरादून। त्यूणी से 20 किलोमीटर आगे प्लासू में एक पिकअप वाहन खाई में गिर गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस थाना विकासनगर द्वारा प्राप्त सूचना के अनुसार त्यूणी से करीब 15-20 किलोमीटर आगे ग्राम प्लासू के पास एक पिकअप वाहन करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गया है। दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान चालक सुलेमान पुत्र गानी निवासी ग्राम रिक्षाणू थाना त्यूणी, सुनील चौहान पुत्र केशर सिंह चौहान निवासी थंगाड तहसील चौपाल थाना नेरवा जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।