अयोध्या। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक दिवसीय दौरे पर रविवार को राम नगरी पहुंचे। भगवान राम का दर्शन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण से बाला साहेब ठाकरे का सपना पूरा हो रहा है। राम मंदिर हमारी श्रद्धा और आस्था से जुड़ा है। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। अयोध्या की इस यात्रा को हम जीवन में कभी भूल नहीं पाएंगे। इस दौरान उन्होंने हिन्दुत्व के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे पर भी हमला बोला।
भगवान राम की कृपा से हमें पार्टी का नाम और धनुष बाण मिला
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि 500 सालों के इंतजार के बाद मुझे खुशी है कि शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा हो रहा है। आज मंदिर के स्तंभ और छत भी दिखाई दे रहे हैं, जिसे देख आश्चर्य हो रहा है। ये सब प्रधानमंत्री मोदी की शुरुआत और उनका नेतृत्व है। मुख्यमंत्री योगी की निगरानी में पूरा काम हो रहा है। भगवान राम की कृपा से हमें पार्टी का नाम और धनुष बाण मिला है। इसलिए हम सभी मंत्रियों के साथ यहां रामलला का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।