जयपुर। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक मंगलवार शाम चार बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगी। दोपहर डेढ़ बजे से भाजपा के सभी नवनिर्वाचित विधायकों का रजिस्ट्रेशन शुरू होने के साथ केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडेय राजस्थान पहुंचे। शाम तक राज्य को अपना नया सीएम मिल जाएगा।
इससे पहले पहले एयरपोर्ट पर तीनों पर्यवेक्षेकों का प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भजनलाल शर्मा ने बताया कि सभी नवनिर्वाचित विधायकों को विधायक दल की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सह-पर्यवेक्षक भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। विधायक दल की बैठक से पहले विधायकों से अलग-अलग बातचीत भी हो सकती है। विधायक दल का नेता चुनने के बाद राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।