लखनऊ । योगी सरकार प्रदेश की महिलाओं को होली पर तोहफा में निशुल्क गैस सिलेंडर प्रदान करने जा रही है। सरकार के इस प्रयास से रंगों का यह पर्व पर प्रदेश की गरीब महिलाओं और उनके परिवार वालों के लिए खास बन जाएगा। इससे प्रदेश के 1.75 करोड़ लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। इससे पहले योगी सरकार ने दीपावली पर भी महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर का तोहफा दिया था।
उल्लेखनीय है कि योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत साल में 2 सिलेंडर मुफ्त में देने का निर्णय किया था। इसी क्रम में पहला सिलेंडर दीपावली पर और अब दूसरा सिलेंडर होली के अवसर पर मिलने जा रहा है। प्रदेश में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लगभग 1.75 करोड़ लाभार्थियों को 2 निःशुल्क सिलेंडर रिफिल वितरण कराए जाने के लिए योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2312 करोड़ रुपये का बजट प्राविधानित किया है।
योजना के तहत अब तक 1.31 करोड़ सिलेंडर की डिलिवरी
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि योजना में प्रथम चरण के अंतर्गत दीपावली पर्व के लिए लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर वितरित कराए जाने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में एक नवंबर 2023 से 15 फरवरी 2024 तक तक कुल 80.30 लाख लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल की डिलीवरी की गई। द्वितीय चरण में अब होली पर्व के अवसर पर लाभार्थियों को निशुल्क सिलेंडर वितरित कराए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 01 जनवरी 2024 से अब तक लगभग 50.87 लाख लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल की डिलीवरी की जा चुकी है। इस प्रकार योजना के अंतर्गत अब तक कुल 131.17 लाख (1.31 करोड़ से ज्यादा) सिलेंडर रिफिल की डिलीवरी की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 नवंबर 2023 को योजना का शुभारंभ करते हुए एक साथ लाखों उज्जवला लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी की धनराशि का अतंरण किया था।
chief minister yogi
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अन्नदाता किसानों के लिए बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि, ओलावृष्टि से प्रभावित 9 जिलों में 23 करोड़ की धनराशि मुआवजा वितरण के लिए एडवांस के रूप में स्वीकृति प्रदान की है। जल्द ही किसानों को यह धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। ओलावृष्टि प्रभावित जिलों में बांदा के लिए 2 करोड़, बस्ती 2 करोड़, चित्रकूट 1 करोड़, जालौन 5 करोड़, झांसी 2 करोड़, ललितपुर 3 करोड़, महोबा 3 करोड़, हारनपुर 3 करोड़ और शामली के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कुल धनराशि 23 करोड़ रुपये हैं।
अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी ने केंद्रीय मंत्रियों संग रामलला के दरबार में शीश नवाया , हनुमानगढ़ी में टेका मत्था
अयोध्या । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमानजी की आरती उतारी और दर्शन पूजन किया। उसके बाद श्रीराम लला के दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेशवासियों के कल्याण व सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। राम कथा पार्क हेलीपैड से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे हनुमानगढ़ी गए।
रामलला के दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति का हाल जाना। यहां श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मंदिर निर्माण से जुड़ी जानकारी दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन राम मंदिर का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह और अपर मुख्य सचिव एस पी गोयल ने भी रामलला एवं हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री जी का दिसम्बर माह का पहला दौरा है। पिछले महीने मुख्यमंत्री ने तीन बार रामलला एवं हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन किया था। इससे पहले मुख्यमंत्री 9 नवम्बर को कैबिनेट बैठक में शामिल होने अयोध्या आए थे, तब मंत्रियों के साथ उन्होंने दोनों मंदिरों में दर्शन पूजन किया था। पुनः मुख्यमंत्री 11 नवम्बर को दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उसके अगले दिन उन्होंने हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किये थे।
एशियाड में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मुख्यमंत्री ने सराहा
लखनऊ। एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सराहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि एशियाई खेलों में हर दिन भारतीय खिलाड़ी इतिहास रच रहे हैं, देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। देश का प्रत्येक खिलाड़ी पदक के लिए नहीं, देश के सपने को पूरा करने के लिए खेल रहा है और अब सरकार अपने खिलाड़ियों के सपने पूरे करेगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की कोशिशों के क्रम में ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं को उत्तर प्रदेश सरकार में नौकरी देने की नीति लागू की है। अब तक बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को इस नीति का लाभ मिला है। बीते वर्ष मुख्यमंत्री योगी ने ओलंपिक और पैरालम्पिक खेलों के पदक विजेताओं का सार्वजनिक सम्मान किया था।
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के गठन के संबंध में समीक्षा बैठक की और यथाशीघ्र इसके गठन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन में अपार संभावनाएं हैं।
प्राधिकरण के स्वरूप पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्राधिकरण के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पद पर ख्यातिलब्ध विशेषज्ञ को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। प्रदेश के परिवहन आयुक्त को इसका सीईओ नामित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्राधिकरण नोडल अथॉरिटी के रूप में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के साथ समन्वय का कार्य करेगा। प्राधिकरण द्वारा अंतर्देशीय जल परिवहन एवं पर्यटन संबंधित समस्त गतिविधियों का रेगुलेशन किया जाएगा। साथ ही, जल परिवहन से संबंधित पर्यावरण एवं सुरक्षा कानूनों का अनुपालन, जलमार्गों के विकास एवं बेहतर उपयोग हेतु हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण एवं जांच की जिम्मेदारी का निर्वहन भी करेगा।
जल परिवहन, पर्यटन एवं शिपिंग पर अनुसंधान की जरूरत
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा अंतर्देशीय जल यातायात डेटा का अध्ययन एवं विश्लेषण किया जाना चाहिए। अंतर्देशीय जल परिवहन, पर्यटन एवं शिपिंग तथा नेविगेशन संबंधित गतिविधियों के संबंध में वैज्ञानिक अनुसंधान किया जाए। अंतर्देशीय जल परिवहन से संबंधित स्टेकहोल्डर्स एवं अधिकारियों व कर्मचारियों का तकनीकी प्रशिक्षण भी कराया जाए।
जल परिवहन के ढांचागत सुविधाओं की स्थापना में प्राधिकरण की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नदियों के जलमार्गों के सदुपयोग एवं विनियमन के परिप्रेक्ष्य में जलग्रहण क्षेत्र का निर्धारण, नदियों को चैनलाइज करने तथा पूरे वर्ष नेविगेबल बनाए रखने, अविरल प्रवाह हेतु ड्रेजिंग गतिविधि कराने तथा अंतर्देशीय जल परिवहन हेतु ढांचागत सुविधाओं आदि की स्थापना के अलावा, पर्यटक सर्किट मार्ग तैयार करने में प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
निजी भागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगा प्राधिकरण
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्राधिकरण द्वारा जल परिवहन के अन्य परिवहन साधनों के साथ समन्वयन तथा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप एवं निजी भागीदारी प्रोत्साहित करने का भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर नदी की प्रकृति भिन्न होती है। ऐसे में अंतर्देशीय जलमार्गों के वर्गीकरण के लिए प्राधिकरण द्वारा मानक तय किया जाना चाहिए।
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां कहा कि पहले गुंडे स्ट्रीट वेंडर्स से गुंडा टैक्स वसूलते थे, लेकिन आज प्रदेश में कोई गुंडा टैक्स वसूलने की हिम्मत नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर तरह की सफाई पर विशेष ध्यान दे रही है। इस अभियान में गुंडों और माफिया की भी सफाई हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आज लोकभवन के सभागार में आयोजित पीएम स्वनिधि एवं स्वयं सहायता समूह ऋण योजना के तहत 11000 लाभार्थियों के ऋण वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लगभग एक दर्जन स्ट्रीट वेंडर्स और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण की चेक सौंपीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 6 वर्षों के अंदर प्रदेश में वृहद रूप से सफाई अभियान चलाया गया। इसके जरिये केवल माफिया की ही सफाई नहीं हुई बल्कि गंदगी की भी सफाई हुई है। यह विशेषता उत्तर प्रदेश ने ही हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में अकेले उत्तर प्रदेश के 15 लाख स्ट्रीट वेंडर्स पीएम स्वनिधि का लाभ उठा रहे हैं, जो हमारे लिए गर्व की बात है। इन्हीं वेंडर्स को वर्ष 2020 से पहले अपना काम शुरू करने के लिए साहूकार से पैसा लेना पड़ता था। साहूकार इनकी मजबूरी का फायदा उठाकर हजार रुपये के बदले बारह से पंद्रह सौ रुपये लेते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक से जोड़ते हुए उनके लिए ब्याज मुक्त कर्ज की व्यवस्था की। आज स्ट्रीट वेंडर्स को स्वनिधि के जरिये दस हजार रुपये की पहली किस्त के रूप में दिये जा रहे हैं। वहीं इसका भुगतान करने पर 20 हजार की दूसरी और 50 हजार की तीसरी किस्त दी जा रही है, जिसका लाभ उठाकर स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने स्ट्रीट वेंडर्स को पांच लाख के सुरक्षा बीमा से जोड़ा
उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स के लिए कभी कोई योजना नहीं बनायी गयी। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके इस दर्द को समझा और पीएम स्वनिधि योजना उनके लिए लेकर आए। इसी का नतीजा है कि आज पीएनबी इस योजना से जुड़ा है। अब तक पीएनबी 2,00000 लोगों को इस सुविधा से जोड़ चुका है। वहीं आज 11,000 लोगों को अकेले उत्तर प्रदेश में यह सुविधा दी जा रही है। वहीं प्रदेश सरकार ने स्वनिधि योजना से जुड़े स्ट्रीट वेंडर्स को पांच लाख के सुरक्षा बीमा की सौगात दी है ताकि उनके परिवार को किसी तरह की कोई समस्या न हो। यह वही सरकार कर सकती है तो गरीब की पीड़ा को समझती है और उनके साथ खड़ी होती है। डबल इंजन की सरकार गरीब की पीड़ा के साथ जुड़कर अपनी संवेदना को व्यक्त कर रही है। योगी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना महिला सशक्तीकरण और उनके स्वावलंबन का आधार है क्योंकि ज्यादातर महिलाएं ही घर का काम निपटा कर ठेला लगाती हैं। आज कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र की 6 लाख महिला स्वयं सहायता समूह की 2000 बहनों को रिवाल्विंग फंड की 10000 की पहली किस्त जारी की गई है। वहीं दो महिला स्वयं सहायता समूह को 600000 की राशि दी गयी, जो डेयरी सेक्टर से जुड़ेंगी। प्रदेश की आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए टेक होम राशन योजना के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ा गया है। इससे जहां भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है, वहीं समूह की महिलाएं अपनी अतिरिक्त इनकम कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहीं हैं। वर्ष 2019 में भारत सरकार के सहयोग से हम लोगों ने झांसी में बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर की स्थापना की थी। यह 6 महिलाओं के साथ शुरू हुआ था। वहीं आज समूह की लगभग 40,000 महिलाएं जुड़ी हैं। उनका वार्षिक टर्नओवर 150 करोड़ से अधिक है और नेट प्राफिट लगभग 15 करोड़ है। यह एक बड़ा अभियान है, जिससे जुड़कर हम समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के साथ संबल बनाकर खड़े हो रहे हैं।
महज 6 घंटे में गंगा एक्सप्रेस-वे से पहुंचेंगे मेरठ से प्रयागराज
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए जब पैसे की जरूरत पड़ी तो केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने लखनऊ आकर पीएनबी के माध्यम से धन की कमी को दूर करने में सहयोग किया। यह एक्सप्रेस वे देश के बड़े एक्सप्रेस वे और हाई-वे में से एक है, जो मेरठ से प्रयागराज तक बन रहा है। आज मेरठ से प्रयागराज जाने में 15 से 16 घंटे लग जाते हैं, लेकिन इस एक्सप्रेस-वे के बन जाने से यह दूरी महज 6 घंटे में तय की जा सकेगी। 36 हजार करोड़ से बन रहे इस एक्सप्रेस-वे से औद्योगिक गलियारे बनेंगे। साथ ही हजारों नौजवानों को रोजगार मिलेगा। यह एक्सप्रेस वे नए भारत के नये उत्तर प्रदेश को दर्शाता है। आज रिजर्व बैंक की रिपोर्ट में देशभर में सबसे अधिक निवेश करने वाला प्रदेश उत्तर प्रदेश बनकर उभरा है।
छह वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था दो गुनी हुई
उन्होंने कहा कि छह वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था दो गुनी हुई है। उत्तर प्रदेश देश के अंदर हर एक दृष्टि से बीमारू राज्य से उठकर विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा की तर्ज पर हम लोग बुंदेलखंड के झांसी में एक बहुत बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बना रहे हैं। यह औद्योगिक क्षेत्र नोएडा की तर्ज पर विकसित होगा। इसके लिए लगभग 35,000 एकड़ लैंड को क्रय करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा चुके हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने बजट स्वीकृत कर दिया है। उसकी कनेक्टिविटी को बेहतर कर दिया है। यहां पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की स्थापना पहले से ही हो रही है। बुंदेलखंड के इस पोटेंशियल को आगे बढ़ाने में पीएनबी बहुत बड़ा योगदान कर सकता है इसलिए उसे आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा एवं पीएनबी के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार गोयल आदि मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश को धार्मिक पर्यटन हब बनाने की तैयारी, विंध्य काॅरिडोर से जुड़ा एक और नया अध्याय
मीरजापुर । शक्ति-भक्ति से लबरेज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को धार्मिक पर्यटन हब बनाने का मन बना चुके हैं। धार्मिक पर्यटन विकास की कड़ी में आदिशक्ति जगत जननी मां विंध्यवासिनी धाम भी है। जगविख्यात विंध्यधाम के सौंदर्यीकरण के लिए काशी विश्वनाथ काॅरिडोर की तर्ज पर विंध्य काॅरिडोर निर्माणाधीन है।
खास बात यह है कि विंध्य काॅरिडोर मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। ऐसे में विंध्य काॅरिडोर से एक और नया अध्याय जुड़ गया है। विंध्य पर्वत व गंगा के मिलन स्थल पर विराजमान मां विंध्यवासिनी धाम की राह श्रद्धालुओं के लिए काफी सुगम होगी। विंध्याचल रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही 40 फीट चौड़ा मार्ग सुखद अहसास कराएगा और सुविधाजनक होगा। यही नहीं, कुछ ही दूर चलकर श्रद्धालु पुरानी मार्ग से विंध्य काॅरिडोर में प्रवेश कर जाएंगे। आस्था के सम्मान के साथ विश्वस्तरीय सुविधाएं देने का जो प्रयास किया जा रहा है। इससे आस्था की डगर पर श्रद्धालुओं की राह आसान होगी ही, विंध्यधाम दुनिया का पहला धार्मिक स्थल होगा जो जल मार्ग, सड़क मार्ग व हवाई मार्ग से जुड़ा होगा। शायद ही ऐसा धार्मिक स्थल कहीं और देखने को मिले।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि विंध्यधाम को भव्य-नव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए निर्माणाधीन विंध्य काॅरिडोर पर योगी सरकार 331 करोड़ रुपये खर्च करेगी। विंध्यवासिनी मंदिर के चारों तरफ दो मंजिला परिक्रमा पथ के साथ पक्का घाट, कोतवाली गली, न्यू वीआईपी व पुरानी वीआईपी मार्ग का सौंदर्यीकरण लगभग पूर्णता की ओर है। अब विंध्य काॅरिडोर को विंध्याचल रेलवे स्टेशन से जोड़ने की योजना है। इससे रेलवे स्टेशन विंध्याचल से विंध्यवासिनी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। रेलवे स्टेशन से पुरानी वीआईपी मार्ग तक जाने वाले संपर्क मार्ग को 40 फीट चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए शासन से भूमि क्रय के लिए प्रथम किश्त के तौर पर 15 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। भूमि क्रय पर कुल 24 करोड़ 27 लाख 41 हजार 120 रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण के लिए जल्द ही सहमति के साथ भूमि अधिग्रहण व निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।
श्रद्धालुओं को रिझाएगा मां विंध्यवासिनी का आंगन
रेलवे स्टेशन विंध्याचल से प्रशासनिक भवन होकर पुरानी वीआईपी मार्ग तक जाने वाले संपर्क मार्ग को 40 फीट चौड़ा किया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण से विभिन्न क्षेत्रों से ट्रेन के माध्यम से आने वाले श्रद्धालु रेलवे स्टेशन से सीधे मां विंध्यवासिनी के दरबार तक पहुंच सकेंगे। इसी प्रकार मंदिर में दर्शन के बाद ट्रेन पकड़ने के लिए यात्री सीधे रेलवे स्टेशन जा सकेंगे। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वह मां विंध्यवासिनी के आंगन में अधिक समय बिता सकेंगे और रोमांचित धार्मिक यात्रा का अहसास करेंगे।
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में सोमवार को एमएसएमई विभाग के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूरे प्रदेश के साथ ही अयोध्या के विकास की चर्चा की और विपक्ष पर हमला बोला। किसी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि एक समय जहां गोलियां चलती थीं, वहां आज प्रदेश सरकार एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बना रही है। जहां आंदोलन होते थे, वहां सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बना दिये हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां लोकभवन में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर सूक्ष्म उद्यम इकाइयों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने हेतु ‘मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी दुर्घटना बीमा योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना से 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही प्लेज पार्क योजनान्तर्गत जनपद झांसी, हापुड़ एवं सम्भल में निजी औद्योगिक पार्कों के विकास हेतु विकासकर्ताओं को प्रथम किस्त के रूप में 1,137 लाख का चेक वितरण किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज नागपंचमी का दिन है। सामान्य जीवन में जीव जंतुओं के प्रति अनुराग का दिवस है। उद्यमी अपने पुरुषार्थ से देश समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करता है।
उत्तर प्रदेश देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। आज से छह वर्ष पहले बीमारू प्रदेश के रूप में जाना जाता था। उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर लोग भयभीत होते थे। पिछले एक हफ्ते में कई सर्वे में उत्तर प्रदेश की स्थिति पर्यटन के क्षेत्र में, निवेश के क्षेत्र में, निवेश के नए डेस्टिनेशन स्टेट के रूप में सामने आया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के कुशल निर्देशन के साथ मिलकर राज्य की टीम के साथ चलने का परिणाम है। इसकी पृष्ठभूमि 2018 मे पहले इन्वेस्टर सम्मिट से शुरू हुई।
उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर वन डिस्ट्रिकट वन प्रोडक्ट का शुभारंभ किया गया। यह सेक्टर कभी दम तोड़ रहा था। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि गुलामी के चिन्हों से मुक्ति और विरासत का सम्मान से ही सही अर्थो में आगे बढ़ा जा सकता है। पिछले एक हफ्ते की भिन्न-भिन्न रिपोर्ट उन लोगों के लिए आंखें खोलने वाला है, जो कहते थे कि क्या हुआ है उत्तर प्रदेश में। आज उत्तर प्रदेश में माताओं, बहनों, नौजवानों के लिए पहचान का संकट नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्लेज़ पार्क की थीम देश के लिए पहली योजना है जो उत्तर प्रदेश लागू कर रहा है। हम बहुत जल्दी इन पार्क के लिए निवेश आमंत्रित करेंगे। इस सदी की सबसे बड़ी महामारी को देश दुनिया ने देखा। लोग कहते थे कि उत्तर प्रदेश अगर संभल गया तो सब कुछ संभल जायेगा। हमने करके दिखा दिया। आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से उठकर रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उत्तर भारत का सबसे बड़ा डाटा सेंटर लगा है। उत्तर प्रदेश के फिल्मसिटी की गूंज मुंबई तक है। हर कोई आकर्षित हो रहा है। तीस करोड़ पर्यटक धार्मिक स्थलों में सिर्फ उत्तर प्रदेश में आये हैं। इस मौके पर एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
लखनऊ । राज्य में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार सोनभद्र के ओबरा मे 800 मेगा वाट के दो पॉवर प्लांट स्थापित करेगी। इन दोनों प्लांट पर लगभग 18 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में ऊर्जा विभाग समेत कई अन्य विभागों के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।
कैबिनेट बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह पावर प्लांट उत्तर प्रदेश का पहला अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पॉवर प्लांट होगा। राज्य सरकार और एनटीपीसी का 50-50 फीसद का संयुक्त प्रोजेक्ट, ओबरा डी के नाम से स्थापित होगा। सरकार ने पहला प्लांट 50 महीने में स्थापित होने की संभावना जताई है। दूसरे प्लांट की 56 महीने में संभावना है। दोनो प्लांट पर कुल लागत 17 हजार 985 करोड़ रुपये आएगी।
कैबिनेट बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। जनपद रामपुर में शाहाबाद – रामपुर – बाजपुर मार्ग (स्टेट हाइवे 144 ) के चैनेज 0 से चैनेज 30100 तक, चैनेज 48.754 से 7.246 तक कुल लम्बाई 57.592 किमी के चौड़ीकरण सुदृढ़ीकरण हेतु वित्तीय स्वीकृति मिली है। कुल लागत 02 अरब, 05 करोड़ 36 लाख, 51 हजार का अनुमोदन हुआ है। यह मार्ग रामपुर शाहाबाद से शुरु होकर उत्तरा खंड के जिम कार्बेट तक जाता है।
अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव
मिर्ज़ापुर में मां विंध्यवासिनी कोरिडोर के विस्तारीकरण कार्य के संबंध में प्रस्ताव पास हुआ है। इसके तहत सड़क चौड़ीकरण हेतु मार्ग अतिक्रमण व ध्वस्तीकरण कार्य होंगे।
-इसके अलावा चित्रकूट मे रानीपुर टाइगर रिजर्व पार्क क्षेत्र में पर्यटन विकास हेतु लैंड बैंक चिन्हांकन संबंध में भी प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।
-भारत सरकार के मिशन वात्सल्य योजना को राज्य सरकार द्वारा अंगीकार करने का प्रस्ताव पास हुआ है। इसके तहत विधि विरुद्ध कार्यों में लिप्त बच्चों का पुनर्वास किया जाएगा।
-केंद्र सहायतित मेडिकल कॉलेज़ योजना के संबंध में प्रतापगढ़ स्वशासी मेडिकल कॉलेज़ के जीर्ण शीर्ण भवनों के ध्वस्तीकरण के संबंध में आए प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिल गयी है।
-जनपद कुशीनगर मे जिला कारागार निर्माण हेतु चयनित भूमि को कारागार विभाग को हस्तान्तरित करने के संबंध मे प्रस्ताव पास हुआ है।
-इसके साथ ही जनपद हाथरस में कारागार निर्माण के लिए 184 करोड़ 94 लाख धनराशि की स्वीकृति मिली है।
-उत्तर प्रदेश के निजी क्षेत्र के टी. एस मिश्रा विश्विद्यालय लखनऊ के स्थापना के संबंध में रखे गए प्रस्ताव पर कैबिनेट में चर्चा के उपरांत पास हुआ है।
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से बढ़चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने गुरुवार की सुबह ट्वीट कर कहा कि उ.प्र. नगर निकाय चुनाव-2023 का आज अंतिम चरण है। सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए लोकतंत्र के इस उत्सव में अवश्य सहभागी बनें। मतदान जरूर करें। आपका अमूल्य वोट आपके नगर निकाय को और अधिक सशक्त बनाएगा। ध्यान रहे, पहले मतदान, फिर जलपान !