चंडीगढ़। हरियाणा की सीमा पर तैनात रेलवे पुलिस के एसआई की मौत हो गई। मौत का कारण आंसू गैस के गोले से दम घुटने के कारण हुई है।
पुलिस के अनुसार गांव चुलकाना, पानीपत निवासी एसआई हीरालाल की पोस्टिंग जीआरपी समालखा चौकी में थी। हाल ही में इनकी ड्यूटी किसान आंदोलन के चलते अंबाला में लगी थी। इस दौरान आंसू गैस के गोलों से दम घुटने से उनकी मौत हुई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
Chandigarh
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरियाणा पुलिस के पंजाब की सीमा में ड्रोन उड़ाने पर आपत्ति जताई है। मान ने केंद्र सरकार और किसान संगठनों के मध्य गुरुवार रात दो बजे तक चली बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, नित्यानंद रॉय, पीयूष गोयल की मौजूदगी में यह मुद्दा उठाया।
मान ने शुक्रवार सुबह पत्रकारों से कहा कि आंदोलनकारी किसानों पर हमला करने के लिए ड्रोन का प्रयोग असहनीय है। मान ने कहा कि डीसी पटियाला ने भी डीसी अम्बाला के समक्ष यह मुद्दा उठाया है। मान ने कहा कि पंजाब के तीन जिलों में इंटरनेट सेवाएं निरस्त कर दी गई हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को भारत से अलग करने के लिए हरियाणा के साथ लगती राज्य की सरहद पर कंटीले तार लगाना जायज नहीं है। उन्होंने किसान संगठन शांति के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्फ्यू लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। किसानों की जायज मांगों का हल किया जाना चाहिए। राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की अफवाह या धमकी से हम डरते नहीं हैं। मान ने कहा कि राज्य के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अब तक 54 किसान गंभीर रूप से जख्मी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसानों को उकसाता है तो राज्य सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
देहरादून। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूरे देश की तरह उत्तराखंड में भी छापेमारी प्रारंभ कर दी है। कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत के घर और उनसे जुड़े कई स्थानों पर छापेमारी चल रही है। दिल्ली, उत्तराखंड, चंडीगढ़ समेत 16 स्थानों पर ईडी छापेमारी की जा रही है।
उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री कांग्रेस के नेता हरक सिंह के ठिकानों पर ईडी की रेड चल रही है। उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास में भी देर रात टीम पहुंची और छापेमारी चल रही है। डॉ. हरक सिंह रावत के अलावा 10 से ज्यादा अन्य स्थानों पर भी प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी अपनी कार्रवाई कर रहे हैं। इस संदर्भ में विधानसभा में भी मुद्दा उठाया गया जहां कांग्रेस नेता भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष के कदावर नेताओं पर ईडी की कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं के घर ईडी की छापेमारी चल रही है। भाजपा तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाकर अन्य दलों के नेतृत्व को समाप्त करना चाहती है जबकि भाजपा की ओर से डॉ. धन सिंह रावत ने इसका प्रतिकार किया। उन्होंने कहा कि डॉ. हरक सिंह रावत के घर ईडी की छापेमारी जानकारियों के आधार पर की जा रही है। यह छापेमारी भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोगों पर छापेमारी से आम लोगों को खुश होना चाहिए।
‘हम इस तरह लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे’: चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर सुप्रीम कोर्ट का तल्ख़ रुख
नयी दिली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को चंडीगढ़ नगर निगम (सीएमसी) के मेयर चुनाव के लिए नियुक्त रिटर्निंग ऑफिसर से कहा, हम इस तरह लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे।
‘इंडिया’ गठबंधन के मेयर पद के उम्मीदवार कुलदीप कुमार द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने कड़े शब्दों में कहा: “कृपया अपने रिटर्निंग अधिकारी को बताएं कि सुप्रीम कोर्ट उन पर नज़र रख रहा है।” पीठ में न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा भी शामिल थे। कुमार ने पीठासीन अधिकारी पर मतगणना प्रक्रिया में धोखाधड़ी और जालसाजी का सहारा लेने का आरोप लगाया था।
आम आदमी पार्टी (आप) पार्षद का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी द्वारा पेनड्राइव में दिए गए सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद पीठ ने कहा: “यह लोकतंत्र का मजाक है। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। क्या यह एक रिटर्निंग अधिकारी का व्यवहार है, जो कैमरे की ओर देखता है और मतपत्र को विकृत करता है?”पीठ ने कहा, “यह स्पष्ट है कि उसने मतपत्रों को विकृत कर दिया। इस व्यक्ति पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।”
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा मेयर पद के लिए 30 जनवरी को हुए चुनाव परिणामों पर रोक लगाने से इनकार करने के बाद आप और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने शीर्ष अदालत में याचिका दायर की है। उच्च न्यायालय के समक्ष अपनी याचिका में, उन्होंने अभ्यास और नियमों को पूरी तरह से छोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि पीठासीन अधिकारी ने पार्टियों के उम्मीदवारों को वोटों की गिनती की निगरानी करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
उच्च न्यायालय के समक्ष अपनी याचिका में, उन्होंने अभ्यास और नियमों को पूरी तरह से छोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि पीठासीन अधिकारी ने पार्टियों के उम्मीदवारों को वोटों की गिनती की निगरानी करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। उन्होंने उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से नये सिरे से चुनाव कराने का अनुरोध किया।
चंडीगढ़ । पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल पुरोहित ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेजा है। इससे पहले राज्यपाल ने गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की थी।
भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहे पुरोहित को 11 सितंबर 2021 को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह वर्ष 2017 से 2021 तक तमिलनाडु और वर्ष 2016 से 2017 तक असम के राज्यपाल रहे। पुरोहित का जन्म 16 अप्रैल 1940 को राजस्थान के नवलगढ़ में हुआ था। पुरोहित इस पद पर दो साल 127 दिनों तक रहे।
शनिवार को राष्ट्रपति को भेजे गए पत्र में पुरोहित ने कहा कि वह व्यक्तिगत कारणों तथा अन्य प्रतिबद्धताओं के चलते इस पद से इस्तीफा दे रहे हैं। पंजाब-हरियाणा में हुए समझौते के तहत पुरोहित के पास पंजाब का राज्यपाल होने के नाते चंडीगढ़ के प्रशासक का जिम्मा भी था। इस इस्तीफे के बाद राज्यपाल पद के अलावा चंडीगढ़ में प्रशासक का पद भी रिक्त हो गया है।
चंडीगढ़। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को पश्चिम बंगाल और बिहार के बाद अब चंडीगढ़ में भी तगड़ा झटका लगा है। चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में भाजपा उम्मीदवार मनोज कुमार सोनकर को जीत मिली है। मनोज सोनकर ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार कुलदीप सिंह को हरा दिया है। आपको बता दें कि यह पहला चुनाव था, जहां कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपना संयुक्त उम्मीदवार उतारा था। हालांकि, विपक्षी गठबंधन के पास कुल 36 में से 20 वोट थे, लेकिन वोटिंग के दौरान 8 वोटों को अवैध करार दिया गया। वहीं, भाजपा उम्मीदवार मनोज कुमार सोनकर ने अपने 16 वोटों के जरिए मेयर पद पर जीत का परचम लहरा दिया।
आठ वोटों के मामले पर कोर्ट जाएगी आम आदमी पार्टी
चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सदस्यों ने सदन में भारी हंगामा किया और 8 वोटों को अवैध घोषित करने के फैसले का विरोध किया। आम आदमी पार्टी ने कहा कि वे 8 वोटों को अवैध घोषित करने के फैसले को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। इस चुनाव को इंडिया ब्लॉक के लिए काफी अहम माना जा रहा था, क्योंकि भाजपा को हराने के लिए यहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने हाथ मिलाया था। दोनों पार्टियों में हुई डील के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार उतारा, जबकि कांग्रेस ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए अपने प्रत्याशी उतारे।
केजरीवाल बोले- दिनदहाड़े बेईमानी की गई चुनाव नतीजों के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिनदहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं, तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है।
चंडीगढ़। राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग की टीम ने शुक्रवार को पंजाब के मोहाली में बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में एक मदरसा चलता पकड़ा है। बताया जा रहा है कि यहां पढ़ने वाले बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक या वकील नहीं बनना चाहते। वे यहां मुफ्ती बनने के लिए पढ़ने आ रहे हैं। राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग द्वारा इस संबंध में पंजाब सरकार को नोटिस जारी करके रिपोर्ट मांग ली गई है।
आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो के अनुसार मदरसे में पढ़ाने वाला मौलाना खुद पांचवीं पास है। हरियाणा के नूंह से गरीब मुस्लिम बच्चों को लाकर इस कड़ाके की ठंड में खुले जंगल में अस्थाई टिन शेड में रखकर औरंगजेब के जमाने की दीनी तालीम दी जा रही है। यहां पढ़ाने वाले मौलाना ने बताया कि कनाडा जाने के इच्छुक लोग वीजा लगने बाद यहां दरगाह पर पहुंचते हैं। वह यहां जूते दान करते हैं।
इस मामले में आयोग ने पंजाब पुलिस को तुरंत कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी बच्चों के बयान दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
चंडीगढ़ । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के पूर्व विधायक एवं अभय सिंह चौटाला के समधी दिलबाग सिंह के ठिकानों से करोड़ों की नकदी के अलावा शराब और हथियार बरामद किए हैं।
दरअसल, गुरुवार को ईडी के अधिकारियों की टीमों ने हरियाणा में खनन कारोबारियों के आवास व अन्य प्रतिष्ठानों पर छापा मारा था। यह छापा शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। ईडी ने सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार तथा यमुनानगर से इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के आवास तथा घर पर छापेमारी की। पूरा दिन सर्च के बाद ईडी ने गुरुवार रात करीब नौ बजे फिर से आपरेशन शुरू किया। ईडी ने दिलबाग सिंह के ठिकानों से पांच करोड़ रुपये की नकदी के अलावा तीन सोने के बिस्कुट, 100 से अधिक विदेशी शराब की बोतलें, विदेशों में संपत्तियों के दस्तावेज, चार विदेशी रायफल व कारतूस बरामद किए हैं। ईडी के अधिकारी हथियारों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। ईडी की कार्रवाई अभी भी जारी है।
चंडीगढ़। हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ करवाने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साफ किया है कि सरकार लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव करवाने के लिए तैयार है। इसे लेकर अभी तक भाजपा हाईकमान की ओर से भाजपा की प्रदेश यूनिट को ऐसा कोई इशारा नहीं हुआ है। हाईकमान जो फैसला करेगा, प्रदेश सरकार व भाजपा उसे लागू करेगी। बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में मनोहर लाल ने कहा कि सभी राजनीतिक दल लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव होने की संभावना को आधार बनाकर अपनी तैयारी कर रहे हैं।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्पष्ट किया कि लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव में जब छह माह का समय रह जाता है, उस स्थिति में केंद्रीय चुनाव आयोग के पास यह अधिकार होता है कि वह लोकसभा और विधानसभा के चुनाव इकट्ठे करा सकता है। भाजपा सरकार और संगठन दोनों की चुनाव की तैयारी है।लेकिन चुनाव आयोग अथवा भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से अभी हमें ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है। अगर संकेत मिलता भी है तो हम चुनाव के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में लोकसभा की सभी 10 सीटों पर भाजपा कमल का फूल खिलाएगी तथा प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रदेश में अतिथि अध्यापकों के धरने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अतिथि अध्यापकों को नियमित करने का कोई प्रावधान नहीं है। इन अतिथि अध्यापकों को कांग्रेस सरकार ने बिना किसी सहारे के छोड़ दिया था। भाजपा सरकार ने अतिथि अध्यापकों का भविष्य सुरक्षित किया है और उन्हें 58 साल की उम्र तक नौकरी करने की अनुमति प्रदान की है। कांग्रेस इन अतिथि अध्यापकों को उकसा रही है। अतिथि अध्यापक यह भूल गए हैं कि उनका सबसे अधिक नुकसान ही कांग्रेस ने किया है। अतिथि अध्यापकों को 58 साल की आयु तक नौकरी करने देने के सरकार के फैसले को हाईकोर्ट में कई बार चुनौती देने की कोशिश की गई। अभी भी कुछ लोग इसके लिए तैयार हैं। इसलिए अतिथि अध्यापकों को कांग्रेस के हाथ की कठपुतली बनने की बजाय धैर्य व संतोष से सब कुछ देखना और समझना चाहिए।
मनोहर लाल ने राज्य में नगर निगम से चुनाव से जुड़े सवाल पर कहा कि कुछ शहरी निकाय बचे हैं, जिनमें वार्डबंदी व आरक्षण का काम बाकी है। ज्यादातर स्थानों पर काम पूरा हो चुका है। एक दो जगह बच भी गई, तब भी उस स्थिति में शहरी निकाय चुनाव करा दिए जाएंगे। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से होने वाली अनुबंधित भर्तियों पर कांग्रेस द्वारा सवाल उठाने को लेकर मनोहर लाल काफी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष हर अच्छी चीज को निशाने पर लेगा तो प्रदेश की जनता उन्हें निशाने पर ले लेगी। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से लोगों को बिना किसी सिफारिश और बिना पैसे के नौकरियां मिल रही हैं। इसलिए नौकरी रोको गैंग के सारे जुगाड़ खराब हो गए हैं, जिस कारण उन्हें हर अच्छी चीज में बुराई नजर आ रही है।
चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग (सेवा एवं शिक्षा संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण) अधिनियम 2016 की सूची में पिछड़े वर्गों की राज्य सूची (ब्लाक-ए) में क्रम संख्या एक से सात पर शामिल जातियों अहेरिया, अहेरी, हेरी, हरि, तुरी या थोरी को हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, क्रम संख्या 31 पर जंगम-जोगी शब्द को जंगम के रूप में संशोधित करने तथा क्रम संख्या 50 पर राय सिख जाति को हटाने के प्रस्ताव को भी राज्य मंत्रिमंडल ने अपनी मंजूरी दे दी है।
बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए इस फैसले के बाद अब अधिकारियों को जातियों के प्रमाण पत्र जारी करने में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी। बैठक में हरियाणा पिछड़ा वर्ग (सेवा एवं शिक्षा संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण) अधिनियम 2016 की सूची में पिछड़े वर्गों की राज्य सूची (ब्लाक-ए) में क्रम संख्या-एक से सात पर शामिल जातियों अहेरिया, अहेरी, हेरी, हरि, तुरी या थोरी को हटाने का निर्णय लिया गया है। क्रम संख्या-31 पर जंगम-जोगी शब्द को जंगम के रूप में संशोधित करने को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है तथा क्रम संख्या-50 से राय सिख जाति को हटाने के संबंध में प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल चुकी है। मनोहर लाल के अनुसार समय-समय पर व्यक्तियों और संगठनों से प्रतिवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें अहेरिया, अहेरी, हेरी, हरि, थोरी या तुरी और राय सिख समुदायों को पिछड़े वर्गों की राज्य सूची (ब्लाक-ए) से हटाने का अनुरोध किया गया था, क्योंकि इन जातियों को केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा की अनुसूचित जातियों की सूची में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने इन जातियों को हरियाणा की ओबीसी सूची से भी हटा दिया है, क्योंकि अनुसूचित जातियों और अन्य पिछड़े वर्गों की सूची परस्पर सामान्य है और एक समुदाय को एक ही समय में अनुसूचित जातियों और पिछड़े वर्गों की सूची में शामिल नहीं किया जा सकता है। संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन जातियों को एससी या बीसी प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी संशय को दूर करने के लिए और एक बार इन जातियों को संविधान के अनुसूचित जाति क्रम में शामिल कर लिया गया है, इसलिए इन्हें पिछड़े वर्गों की सूची से हटाया गया है।
पिछड़ा वर्ग (ब्लाक-ए) की सूची में क्रमांक-एक से अहेरिया, अहेरी, हेरी, हरि, थोरी अथवा तुरी को हटाने के बाद नायक जाति क्रमांक-एक पर ही रहेगी तथा क्रमांक-50 से राय सिख को हटाते हुए क्रमांक-50 पर ’30 जून 2016 से हटा दिया गया’ शब्द जोड़ दिया गया है, क्योंकि भारत सरकार ने उसी तारीख से इन जातियों को हरियाणा की ओबीसी सूची से भी हटा दिया है। इसके अलावा, बीसी ब्लाक (ए) सूची के क्रम संख्या-31 पर जोगी जंगम को जंगम में संशोधित किया जाएगा, जबकि अन्य मौजूदा प्रविष्टियां वैसी ही रहेंगी।