नयी दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी अगले लोकसभा चुनाव को भगवान राम के रंग में रंगने की तैयारी में जुटी है। भारतीय जनता पार्टी अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के बाद विशेष दर्शन अभियान चलाएगी। अभियान 24 जनवरी से शुरू होकर तीन महीने तक चलेगा। इसके लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था होगी। यह जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी है। भाजपा की इस कोशिश को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आस्थावान मतदाताओं को रिझाने से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि हर लोकसभा क्षेत्र से ढाई से तीन हजार मतदाताओं को अयोध्या ले जाने की तैयारी है। पार्टी की ओर से श्रद्धालुओं के अयोध्या में रहने और भोजन की भी व्यवस्था होगी। दर्शनार्थियों की सूची बूथ स्तर से तैयार होगी। हर जिला इकाई सूची को प्रदेश इकाई को भेजेगा, जिसके बाद अयोध्या आने-जाने से लेकर सभी व्यवस्था होगी। करीब 1000 विशेष ट्रेन पूरे देश से प्राण प्रतिष्ठा के बाद 100 दिन तक चलाई जाएंगी। इन्हीं ट्रेनों के माध्यम से अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों से लोग रामलाल के दर्शन करने जाएंगे।
भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी आम जनमानस को यह बताने की कोशिश करेंगे कि जो काम 500 साल में नहीं हो पाया, उनकी पार्टी ने कर दिखाया है। एक पूर्वानुमान के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी ने 50 लाख से एक करोड़ लोगों को राम मंदिर के दर्शन कराने की योजना बनाई है।
BHARTIYA JANTA PARTY
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अनुपम हाजरा को राष्ट्रीय मंत्री पद से हटा दिया है। मंगलवार को जारी भाजपा अध्यक्ष का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। यह फैसला मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा द्वारा पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक बैठक के बाद लिया गया। इस कोर समिति की बैठक में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। इस बैठक के बाद अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसा करते हैं और आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां से 35 सीटों पर विजयी दिलाएगी।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस पार्टी से भाजपा में आए और पूर्व लोकसभा सदस्य अनुपम हाजरा ने पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख की आलोचना की थी। अनुपम हाजरा से हाल ही में वाई कैटेगरी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी। अनुपम हाजरा के बयानों से कई बार पार्टी को असहज होना पड़ा है। इसी के कारण पार्टी के अंदर ही अनुपम हाजरा के विरोध में कई आवाजें उठती रही हैं।
नई दिल्ली । तीन राज्यों में प्रचंड जीत के बाद गुरुवार को आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी भाजपा सांसदों को संबोधित करते हुए उन्हें विकसित भारत संकल्प यात्रा पर जाने को कहा। उन्होंने अपने संबोधन में पांच राज्यों में भाजपा के चुनावी प्रदर्शन पर बात की। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा ने बहुमत के साथ सरकार बनाई और तेलंगाना व मिजोरम में भाजपा का संख्याबल बढ़ा है।
बैठक के बाद केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जानकारी दी कि भाजपा संसदीय दल की बैठक में मिचौंग तूफान से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त किया गई। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तीन राज्यों में जीत के साथ मिजोरम और तेलंगाना में भी भाजपा का संख्याबल बढ़ा है। भाजपा संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है कि भाजपा ने तीन राज्यों में जीत हासिल की। अब सभी सांसद 22 दिसंबर से 25 जनवरी तक विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लें और केन्द्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
छत्तीसगढ़ : दो तिहाई बहुमत से सत्ता में लौटी भाजपा , भूपेश बघेल राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेगे
रायपुर । विधानसभा चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रात तक राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौपे देंगे। कांग्रेस के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव समेत प्रदेश के नौ मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। चुनाव आयोग के अनुसार प्रदेश में भाजपा को दो तिहाई सीटों पर बहुमत मिला है।अभी तक के परिणामों के अनुसार प्रदेश में भाजपा 24 सीट जीत चुकी है, जबकि 30 सीटों पर उसे बढ़त मिली है, जबकि कांग्रेस केवल 15 सीट जीत सकी है और 21 सीटों पर उसकी बढ़त बनी हुई है।
खबर मिली है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजभवन से साढ़े नौ बजे का समय मांगा है। वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो कांग्रेस के उपमुख्यमंत्री समेत प्रदेश के नौ मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। इनमें अंबिकापुर से उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के अलावा साजा से रविन्द्र चौबे, कवर्धा से मोहम्मद अकबर, आरंग से शिवकुमार डहरिया, कोंडागांव से मोहन मरकाम, सीतापुर से अमरजीत भगत, नवागढ़ से रुद्र गुरु और कोरबा से जय सिंह अग्रवाल चुनाव हार गए हैं।
भाजपा की जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि इस बड़ी जीत के पीछे प्रदेशवासियों का आशीर्वाद है, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व का परिश्रम तथा कुशल नेतृत्व शामिल है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पर जनता ने विजय तिलक लगाया है। अब हम मिलकर छत्तीसगढ़ का विकास करेंगे।
छत्तीसगढ़ में भारी जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बुलडोजर पर सवार होकर पार्टी कार्यालय पहुंचे हैं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया है।
लखनऊ । उत्तर प्रदेश कांग्रेस चुनावी मोड में आ गयी है। हर दिन बैठक, कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के काम के साथ ही दूसरी पार्टियों के बड़े नेताओं को शामिल करने का सिलसिला चल रहा है। भाजपा को घेरने के हर तरीके अपनाए जा रहे हैं। अभी शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पोस्टर जारी कर उप्र में गैस सिलेंडर के दाम कम करने की मांग की।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने सरकार बनने पर सिलेंडर के दाम कम करने का वादा किया है। इसको लेकर अजय राय ने घेरने की कोशिश की है। भाजपा ने राजस्थान में वादा किया है कि यदि उसकी सरकार बनी तो गैस सिलेंडर 450 रुपये में मिलेगा। वहीं छत्तीसगढ़ में भाजपा द्वारा वादा किया गया है कि वहां प्रदेश में सरकार बनने पर 500 रुपये में सिलेंडर दिया जाएगा।
इसी मुद्दे को दर्शाते हुए यूपी कांग्रेस प्रदेश की भाजपा सरकार से पूछा है कि उप्र में यह कब होगा? 2024 में या 2027 में। इस संदर्भ में अजय राय का कहना है कि भाजपा सिर्फ वादा करना जानती है। उसको पूरा करना नहीं जानती। वह जनता को लाली पाप देती रहती है, जिसे जनता ने समझ लिया है और अब उसके भुलावे में नहीं आने वाली है।
योगी ने कहा- राजस्थान में इस बार भाजपा सरकार, तिजारा में बाबा बालकनाथ के समर्थन में की सभा
अलवर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान विधान सभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों के लिए प्रचार शुरू कर दिया है। इसी के तहत बुधवार को उन्होंने अलवर में रैली को सम्बोधित किया। योगी ने कहा कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और तिजारा से इसका शंखनाद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री अलवर के सांसद और तिजारा से भाजपा प्रत्याशी बाबा बालकनाथ के नामांकन के लिए तिजारा आए थे। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि राजस्थान में हिंदू विरोधी कांग्रेस की सरकार है। राजस्थान में गोमाता को नुकसान हुआ है। अपराध, गोकशी, बलात्कार के बढ़ते मामलों से राजस्थान फेमस हो गया है। हम उत्तर प्रदेश में अपराध मिटा सकते हैं तो राजस्थान में क्यों नहीं मिटाया जा सकता। योगी ने कहा कि राजस्थान में अराजकता नहीं बल्कि रामराज्य लाएंगे। भाजपा की सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश की तरह अपराधियों में यहां भी खौफ होगा।
आदित्यनाथ ने कहा कि बालकनाथ का अपना कोई परिवार नहीं है। बालकनाथ ने तिजारा को ही अपना परिवार माना है। उनका एक ही मकसद है कि कोई भी इंसान परेशान नहीं हो, इसलिए बालकनाथ तिजारा आए हैं। उन्होंने इस दौरान मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं को भी गिनाया। योगी ने मोदी को संत के रूप में काम करने वाला प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में आतंकियों द्वारा मारे गए कन्हैया के परिवार को पांच लाख का सहयोग भी बड़ी मुश्किल से मिलता है जबकि गोतस्करों को सरकार 50 लाख की सहायता दे देती है। जयपुर में बाइक भिड़ंत में 50 लाख का मुआवजा दिया, आखिर यह भेदभाव क्यों है।
आदित्यनाथ के स्वागत के लिए सभास्थल के बाहर रोड पर करीब दो दर्जन बुलडोजर खड़े रहे। बुलडोजर से कार्यकर्ताओं ने योगी का फूलों से स्वागत किया। आतिशबाजी भी की गई।
महंत बालकनाथ ने कहा कि अलवर की भूमि सौभाग्यशाली है। यहां से राजस्थान की जीत का शंखनाद आज से हो गया है। पहले प्रत्याशी के रूप में वह नामांकन दाखिल कर रहे हैं। पहली तारीख है और योगी आदित्यनाथ का आगमन हुआ है, इससे सुखद अवसर कहां हो सकता है। राजस्थान में भाजपा का झंडा लहराएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में भजनलाल सैनी, श्योनारायण, हितेश यादव, भारत सैनी, नवीन यादव, अशोक यादव, निरंजन सैन, सतपाल प्रजापत, फूलसिंह सैनी आदि को पार्टी में शामिल किया।
इस दौरान बाबा बालकनाथ, पूर्व सभापति संदीप दायमा, अलवर प्रभारी लक्ष्मीकांत, भाजपा नेता रामकिशन मेघवाल, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, जिलाध्यक्ष उम्मेद भाया, फूलनाथ महाराज सहित बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने जबरदस्त जीत हासिल की है । जानकारी के अनुसार, सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 42 हजार से भी ज्यादा मतों से पराजित किया है। इस जीत के बाद सपा के राष्ट्रिय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार और बीजेपी पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा सरकार में लगातार बढ़ती महंगाई और लगातार घटती कमाई की दोहरी मार झेल रहे परिवारों का आक्रोश है, जिसने वोट बनकर भाजपा को हराया है।
घोसी ने ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी को जिताया
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि घोसी ने सिर्फ समाजवादी पार्टी के नहीं बल्कि ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी को जिताया है। यह सिर्फ आज ही नहीं बल्कि आने वाले कल का भी परिणाम होगा। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए कहा कि यह दलबदल-घरबदल और गिरगिट प्रत्याशियों के लिए भी एक संदेश है।
ये दलीय संकीर्ण विचारधारा और जाति बंधन से ऊपर से उठकर, उस उम्मीदवार की जीत है, जिसके काम करने की आशा है और नाकाम प्रत्याशी की पराजय है। ये भाजपा की तोड़फोड़ और समाज को बांटने वाली नकारात्मक राजनीति की मुंहतोड़ हार है। ये झूठे-प्रचार और जुमलाजीवियों की पराजय है। ये व्हाटसअप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया द्वारा फैलायी जा रही सामाजिक घृणा, भ्रामक सूचनाओं और राजनीतिक मिथ्या की पराजय है। ये भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों की भी जीत है।
अखिलेश यादव ने कहा कि ये बुलडोजर और बुल से त्रस्त जनता का शासन-प्रशासन को करारा जवाब है। ये कुछ स्थानीय नेताओं की इस गलतफहमी की भी हार है कि एक समुदाय के लोग हमारी जेब में है। ये ‘गिरगिटी प्रत्याशियों को भी एक संदेश है कि जनता उनके असली रंग को पहचान गई है। ये दलबदल-घरबदल की सियासत करने वालों की हार है। यह भाजपा के अहंकार और घमंड को चकनाचूर करने वाला नतीजा है। यह उस अच्छी सोच वाले सर्व समाज और पीडीए के एक साथ आने की जीत है, जो समाज के हर वर्ग को बराबर का हकर देकर हर किसी की तरक्की को मकसद मानकर चलती है। ये सामाजिक न्याय के लिए जातिगत जनगणना की मांग करने वाले हर किसी की जीत है। यूपी एक बार फिर से देश में सत्ता परिवर्तन का अगुवा बनेगा। भारत ने आईएनडीए को जिताने की शुरुआत कर दी है।
आखिरी में अखिलेश यादव ने कहा कि ये देश के भविष्य की जीत है और यह एक ऐसा अनोखा चुनाव है। जिसमें जीता तो एक विधायक है, पर हारे कई दलों के भावी मंत्री हैं। ‘आईएनडीए’ टीम है और ‘पीडीएस’ रणनीति जीत का हमारा ये नया फार्मूला सफल साबित हुआ है।
वहीं, शिवपाल यादव ने ट्वीट किया है। इसमें अपने साथ अखिलेश की फोटो को साझा करते हुए समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद, इसके बाद ही अखिलेश ने रिट्वीट करते हुए कहा कि चाचा जी जिंदाबाद। एक मुख्यमंत्री, दो उपमुख्यमंत्री, 14 मंत्री संत्री विधायक, शासन प्रशासन पूरी भाजपाई फौज फिर भी घोसी की जनता ने नकार दिया नफरत की विचारधारा को।
बांदा । समाजवादी पार्टी ने अगर जनता को नहीं जगाया तो ये भारतीय जनता पार्टी के लोग न जाने किस अंधकार की ओर हम लोगों को ले जाएंगे। यह बातें गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांदा में लोक जागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में कही।
उन्होंने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि बुंदेलखंड में सब कुछ है और सब कुछ किया जा सकता है। छूट गई चीजों को हम समाजवादी लोग करने का काम करेंगे। मेजर ध्यानचंद जी के नाम पर समाजवादियों ने स्टेडियम झांसी में बनाया। वहीं 500 बेड का राजकीय अस्पताल भी बनाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे बताया गया कि मेडिकल कॉलेज में इन-इन चीजों की जरूरत हैं। जो-जो चीजें बताई गई, उन सब चीजों का इंतजाम करके दे दिया। उसका परिणाम ये हुआ कि बांदा में मेडिकल कॉलेज पूरी तरीके से तैयार हो गया और उसे हम लोगों ने शुरू किया। उन्होंने कहा कि अब तो अखबार-टीवी वाले भी हिसाब-किताब करते हैं, जैसा उनका बजट वैसी उनकी भाषा। सोचिए हमारे और आपके सामने कितनी चुनौतियां हैं। जिस दल से हमारा आपका मुकाबला है वो भगवान की कसम खाकर भी झूठ बोलते हैं।
अखिलेश ने कहा कि अभी सदन में कह रहे थे कि ये जो टमाटर महंगा बिक रहा है, इससे हमारे किसानों को लाभ हो रहा है। बताओ किसान भाइयों यहां पर किसेने टमाटर पैदा किया हो तो। हमें तो लगता है कि इन्होंने छिपाकर कहीं टमाटर के पौधे लगा दिए हैं।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि करोड़ों रुपया पता नहीं कहां जा रहा है। हमारे प्रधान उसी में मारे जा रहे हैं। याद कीजिए प्रधानमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में मिसाइल बना रहे हैं, बीजेपी के लोगों से पूछिए मिसाइल कहां है। कहां डिफेंस कॉरिडोर बनेगा, बताओ कहीं बन गया हो।
अखिलेश ने मंच से कहा कि जो रास्ता डॉ. लोहिया ने दिखाया, जिस रास्ते पर नेताजी चले, इन दोनों का रास्ता वही है जो सपना कभी बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर ने दिखाया था कि देश में समानता हो, गैर बराबरी खत्म हो, समता मूलक समाज हो, उसी रास्ते पर हम लोगों को चलना है।
मंंच पर पहुंचने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। मंच से अखिलेश ने उपस्थित जनता का अभिवादन करते हुए जोश भरा। इस दौरान जिंदाबाद के नारे कार्यकर्ता लगाते रहें।
किसानों की आय नहीं हुई ‘हाय’ दोगुनी
इससे पूर्व अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने लिखा उप्र में बीज खरीद में मनचाही कंपनी को काम देकर 60 करोड़ के घोटाले की खबर गोरखधंधे की बस ऊपरी परत है, बाकी परतें भी खुलेंगी। जो बीज में घपला करते हैं, वो क्या किसानों की आय दोगुनी करेंगे। भाजपा सरकार में किसानों की आय नहीं ‘हाय’ दोगुनी हुई है, जो भाजपा के पतन का कारण बन रही है।
नई दिल्ली। भारतीय जनता की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज पार्टी मुख्यालय पर होगी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत चुनाव समिति के सभी सदस्य शामिल होंगे। केंद्रीय चुनाव समिति बैठक में इस साल के अंत में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा की रणनीति और तैयारी पर मंथन करेगी।
आमतौर पर चुनावों की घोषणा से पहले बीजेपी चुनाव समिति की बैठक नहीं होती है। चुनाव समिति चुनावों में उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देती है। इसलिए, यह बैठक संकेत देती है कि भाजपा इन चुनावों में कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक बैठक में उन सीटों पर फोकस किया जाएगा जहां बीजेपी कमजोर है। सूत्रों ने कहा कि योजना इन सीटों पर पहले से ही उम्मीदवारों की पहचान करने की है ताकि उन्हें तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इस बैठक में चुनावी मुद्दों, कांग्रेस की फ्रीबीज़ और गारंटियों की काट और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा भी होगी।
इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। जिन पांच राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं वे हैं मिजोरम, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और तेलंगाना। इनमें से छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना विपक्ष शासित राज्य हैं और यहाँ बीजेपी इस बार जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। ये विधानसभा चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये अगले साल होने वाले आम चुनाव से कुछ महीने पहले होंगे।
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने सभी लोकसभा सदस्यों को सात से 11 अगस्त के दौरान सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। भाजपा ने शुक्रवार को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि संसद के मानसून सत्र में सदन की पटल पर करीब 31 विधेयक रखे जाने थे। हंगामे के कारण कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित नहीं हो सके हैं। विपक्ष के मणिपुर हिंसा के विरोध में लगातार अवरोध पैदा करने से दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हुई है।