नई दिल्ली । हाई कोर्ट के जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल की अध्यक्षता वाली बेंच ने बाटला हाउस एनकाउंटर मामले में दोषी करार दिए जा चुके आरिज खान को ट्रायल कोर्ट से मिली फांसी की सजा को उम्रकैद में तब्दील कर दिया है। ट्रायल कोर्ट से किसी को फांसी की सजा मुकर्रर होने के बाद सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सजा पर हाई कोर्ट की मुहर लगने का प्रावधान है। इसी सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरिज खान की सजा घटा दी।
दिल्ली हाई कोर्ट ने मौत की सजा के खिलाफ खान की अपील मंजूर कर ली और दोषसिद्धि को बरकरार रखा। हाई कोर्ट ने 18 अगस्त को फैसला सुरक्षित रख लिया था। साकेत कोर्ट ने इस मामले में आरिज खान को फांसी की सजा का आदेश दिया था। आरिज खान को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने घटना के दस साल बाद फरवरी, 2018 में भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया था। आरिज पर दिल्ली, अहमदाबाद, यूपी और जयपुर में हुए बम धमाकों का भी आरोप है। वो दिल्ली में 2008 में बाटला हाउस एनकाउंटर के दौरान उसी बिल्डिंग में मौजूद था, जहां चार आतंकी मौजूद थे। चार आतंकियों में से दो आतंकियों को भागने में आरिज ने मदद की थी।
आरिज के खिलाफ एनआईए ने 15 लाख रुपये का इनाम रखा था। दिल्ली पुलिस ने भी उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरिज यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला है। इस मामले में शहजाद अहमद को 2013 में सजा सुनाई जा चुकी है।
Batla House encounter
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर आतंक और आतंकवादियों के तुष्टीकरण का आरोप लगाया। उन्होंने दिल्ली के बाटला हाउस में हुई मुठभेड़ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सुनकर कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता की आंखों में आंसू आ गए थे। यह लोग सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक में देश की सेनाओं के सामर्थ्य पर सवाल खड़ा करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक चुनावी जनसभा में कहा कि आजादी के अमृतकाल में कर्नाटक का यह पहला चुनाव है। यह चुनाव तय करेगा कि अगले 25 वर्षों में कर्नाटक विकास की किस ऊंचाई को छू लेगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस पर जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी उनकी पार्टी द्वारा किए गए कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकती। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आदिवासियों के लिए 400 से अधिक एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए। वहीं कांग्रेस सरकार ने बच्चों के यूनिफॉर्म में भी घोटाला कर दिया।
विपक्षी कांग्रेस और जनता दल सेक्यूलर की प्राथमिकता में राज्य का विकास ना होने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों दलों से जनता को सावधान रहना चाहिए। यह दिखावे के लिए दो हैं जबकि इनकी करतूतें एक जैसी हैं। यह दोनों ही भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति करते हैं और समाज को बांटते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प अपर भद्रा सिंचाई परियोजना को पूरा करना है। इसके लिए साढ़े 5 हजार करोड़ का बजट तय किया गया है। कांग्रेस और जनता दल सेक्यूलर ने हमेशा इस परियोजना को नजरअंदाज किया है। असल में ये दोनों दल किसानों की चिंता नहीं करते। प्रधानमंत्री ने भाजपा के संकल्प पत्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाने, आधुनिक ढांचागत सुविधा तैयार करने और महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया गया है।