मंडी। चंबा जिले के सलूणी में हुए मनोहर हत्याकांड की तपिश मंडी तक पहुंच है। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और चंबा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद भाजपा ने उपायुक्त मंडी के जरिए राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर इस मामले की एनआईए से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कानून व्यवस्था का दीवालिया निकल चुका है और हर रोज कहीं न कहीं हत्या और दुराचार के मामले सामने आ रहे हैं। चंबा के सलूणी की इस घटना ने प्रदेशवासियों को झकझोर कर रख दिया है। हिंदू दलित युवक को जिस प्रकार आठ टुकड़ों में काटकर पानी में छुपाया गया इस प्रकार की घटना आज तक शांत प्रदेश में कभी नहीं हुई। इस सरकार ने इस मामले को दबाने का प्रयास किया और आज तक न खुद मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और न विपक्ष के नेता को वहां जाने दिया गया।
सिंह ने कहा कि किसी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है और इस परिवार को जब ढांढस बंधाने के लिए कोई जाना चाहता है तो उसे बीच रास्ते में रोका जा रहा है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर सरकार की ढील और चंबा प्रशासन पर कारवाई करने की गुहार लगाई है। इस मौके भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन ठाकुर, नगर निगम उप महापौर वीरेंद्र भट्ट, भाजपा नेता गुरदेव शर्मा, मंडलाध्यक्ष बल्ह राजेंद्र राणा, मंडलाध्यक्ष सदर मनीष कपूर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।