City Headlines

Home » इतिहास के पन्नों में 16 नवंबरः परदे पर आया हैरी पॉटर

इतिहास के पन्नों में 16 नवंबरः परदे पर आया हैरी पॉटर

by City Headline
history, 16 november, scenes, harry potter

विश्व इतिहास में 16 नवंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। इस तारीख का संबंध बच्चों के पसंदीदा करैक्टर हैरी पॉटर से भी है। साल 2001 में 16 नवंबर को ही हैरी पॉटर पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ रिलीज हुई थी। इस करैक्टर को गढ़ने की स्टोरी बेहद दिलचस्प है। बात नब्बे के दशक की है। मां की मौत के बाद एक ब्रिटिश महिला नॉवेल लिखने की सोच रही थी। एक दिन वह लंदन के किंग्स क्रॉस स्टेशन पर बैठी ट्रेन का इंतजार कर रही थी। तभी उसके दिमाग में किताब के कैरेक्टर का आइडिया आया। फिर क्या था, नॉवेल की कहानी बुनी और उसे कागज पर उतारने का सिलसिला शुरू हुआ।
पहला नॉवेल 12 प्रकाशकों से बैरंग लौट आया। इसके बाद ब्लूम्सबेरी पब्लिशिंग हाउस ने किताब छापने का भरोसा दिया, लेकिन लेखिका का नाम बदलने की शर्त रख दी। खैर, 1997 में नॉवेल प्रकाशित हुआ। नॉवेल ने मार्केट में आते ही सबका ध्यान खींचा और देखते ही देखते बेस्ट सेलर बन गया। नॉवेल का नाम था ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ और लेखिका थीं जेके रोलिंग। 1998 में इस किताब का दूसरा पार्ट आया और उसके बाद तो जैसे अगले हिस्से का इंतजार बेसब्री का इम्तिहान लेता नजर आता था।
हैरी पॉटर सीरीज के अब तक सात नॉवेल आ चुके हैं। सभी पर आठ फिल्में बन चुकी हैं। हैरी पॉटर को दुनिया के कोने-कोने पहुंचाने में उसके ऊपर बनी फिल्मों की भी अहम भूमिका रही है। 16 नवंबर, 2001 को हैरी पॉटर पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ रिलीज हुई। इसके बाद जेके रोलिंग ने एक मिलियन डॉलर में अपनी चार किताबों के सभी राइट्स वॉर्नर ब्रदर्स को बेच दिए। नॉवेल पर बनी सभी फिल्मों में डेनियल रेडक्लिफ ने हैरी पॉटर का रोल निभाया। पहली फिल्म जब आई, तब डेनियल महज 11 साल के थे। हैरी और उसके दोस्त रोन वीसली, हरमाइनी (यह सभी मुख्य किरदार थे) के होगवार्ट स्कूल के एडवेंचर बच्चों को खूब पसंद आए। सभी सात किताबों की 400 मिलियन कॉपी दुनियाभर की 60 भाषाओं में बिक चुकी हैं। पहली फिल्म क्रिस कोलंबस ने बनाई थी।
साल 2002 में कोलंबस ने हैरीपॉटर की दूसरी फिल्म ‘हैरी एंड द चेंबर ऑफ सीक्रेट्स’ भी बनाई थी। 2004 मैक्सिको के डायरेक्टर अलफांसो क्यूरोन ने तीसरी फिल्म ‘हैरी पॉटर और द प्रिजनर ऑफ अज्काबान’ बनाई। 2005 में ‘हैरी पॉटर एंड गोल्बेट ऑफ फायर’ आई। इसे माइक न्यूवेल ने बनाया था। 2007 में पांचवीं फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ फीनिक्स’ और 2009 में छठी फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द हाफ ब्लड ऑफ प्रिंस’ आई। दोनों को डेविड येट्स ने डायरेक्ट किया। इसके बाद दो पार्ट में हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज आई। इस फिल्म का पहला पार्ट 2010 में आया और दूसरा पार्ट 2011 में आया। इसे भी डेविड येट्स ने डायरेक्ट किया था। सभी आठ फिल्मों का 1.2 बिलियन डॉलर का बजट था। दुनिया भर में इन सभी फिल्म ने 7.7 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1713ः बाला जी विश्वनाथ को साहू ने पेशवा नियुक्त किया।
1776ः ब्रिटिश सैनिकों ने अमेरिका की क्रांति के दौरान फोर्ट वाशिंगटन पर कब्जा किया।
1840ः न्यूजीलैंड आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश उपनिवेश का हिस्सा बना।
1849: रूस के लेखक फ्योदोर दोस्तोविस्की को एक भूमिगत संगठन का सदस्य होने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई।
1860ः भारतीय श्रमिकों का पहला जत्था दक्षिण अफ्रीका के नटाल पहुंचा।
1916ः रूस के ला सतान्या स्थित कारखाने में विस्फोट। 1000 लोगों की मौत।
1933ः अमेरिका और सोवियत संघ के बीच राजनयिक संबंध स्थापित।
1945ः विश्वभर की सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करने वाले यूनेस्को का गठन।
1973ः स्काईलैब-4 को तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ केप केनवरा से 84 दिन के अभियान पर अंतरिक्ष भेजा गया।
1988: पाकिस्तान में 11 साल बाद आम चुनाव हुए। इस चुनाव में बेनजीर भुट्टो पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
1996: मदर टेरेसा को अमेरिका ने मानद नागरिकता प्रदान की।
2017: जर्मनी में यूएन क्लाइमेट समिट में 19 देशों ने कोयले का इस्तेमाल कम करने की प्रतिज्ञा ली।
2019: गोटबाया राजपक्षे ने श्रीलंका के चुनाव में जीत दर्ज की।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.