City Headlines

Home Crime झारखंड के दुमका में स्पेनिश महिला से सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपित गिरफ्तार

झारखंड के दुमका में स्पेनिश महिला से सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपित गिरफ्तार

by City Headline
Dumka, Jharkhand, Sub Capital, Dumka, Spain, Female Tourist, Gang Rape, Police, Arrested, Spanish Woman, India Tour, Tent, Bike Riding

दुमका (झारखंड)। राज्य की उप राजधानी दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरमाहाट इलाके में शुक्रवार देर रात स्पेन की महिला पर्यटक के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।

बताया गया है कि 28 वर्षीय पीड़ित महिला और उसके पति ने दिन में बाइक राइडिंग की। रात होने पर शहर से दूर एक शांत स्थान पर टेंट लगाकर सो गए। कुछ समय बाद महिला टेंट से बाहर निकली तो उसे छह-सात लोगों ने दबोच लिया और कुछ दूर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला रोते हुए टेंट पहुंची और पति को आपबीती सुनाई। इसके बाद दोनों बाइक से 45 किलोमीटर का सफर कर दुमका में पुलिस के पास पहुंचे।

पुलिस का कहना है कि पर्यटक महिला को तत्काल सरैयाहाट सीएचसी में भर्ती कराने के साथ अधिकारियों को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सुरक्षा में पीड़ित महिला को मेडिकल जांच के लिए फूलों झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। एसपी खेरवार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपितों को दबोचने के लिए दबिश दी जा रही है। एफएसएल की टीम भी मामले की छानबीन कर रही है।
सदन में गरमाया मामला
दुमका में महिला टूरिस्ट से गैंगरेप का मामला शनिवार को सदन में भी उठा। विधायक अमित मंडल ने दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र में स्पेनिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले को सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि उप राजधानी दुमका में एक स्पेनिश महिला से गैंगरेप की घटना हुई है, जो शर्मनाक है। इस घटना ने झारखंड को पूरी दुनिया में बदनाम कर दिया है। उन्होंने दुमका के एसपी को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।