City Headlines

Home » एशियाई खेल : हांगकांग चीन को 13-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में

एशियाई खेल : हांगकांग चीन को 13-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में

by Rashmi Singh

हांगझू । अपने आखिरी पूल ए मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मंगलवार को हांगकांग चीन पर 13-0 की शानदार जीत दर्ज़ करने के साथ 19वें एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मैच में भारत के लिए वंदना कटारिया (2′, 16′, 48′), दीपिका (4′, 54′, 58′) मोनिका (7′), दीप ग्रेस एक्का (11′, 42′), संगीता कुमारी (27′, 55′), वैष्णवी विट्ठल फाल्के (34′) और नवनीत कौर (58′) ने गोल किये।
भारतीय टीम ने खेल की शुरुआत आक्रामक तरीके से की और पहले क्वार्टर में 4-0 की बढ़त हासिल कर ली। मैच के दूसरे ही मिनट में वंदना कटारिया ने एक शानदार फील्ड गोल के साथ भारत को बढ़त दिलाई, जिसके बाद दीपिका (4′), और मोनिका (7′) ने भी एक-एक फील्ड गोल के साथ भारत की बढ़त 3-0 कर दी। इसके अतिरिक्त, मैच के 11वें मिनट में भारत की उप कप्तान दीप ग्रेस एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 4-0 से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने खेल पर अपना मजबूत नियंत्रण बनाए रखा। वंदना कटारिया ने 16वें मिनट में एक प्रभावशाली फील्ड गोल के साथ भारत को 5-0 से आगे कर दिया। इसके अलावा, संगीता कुमारी ने 27 वें मिनट में गोल कर भारत को 6-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक भारतीय टीम 6-0 से आगे रही।
भारतीय टीम तीसरे क्वार्टर में भी आक्रामक रही। मैच के 34वें मिनट में वैष्णवी विट्ठल फाल्के और 42वें मिनट में दीप ग्रेस एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक-एक गोल किया और अंतिम क्वार्टर के अंत तक भारतीय टीम को 8-0 से आगे कर दिया।
चौथे क्वार्टर में वंदना कटारिया (48′), दीपिका (54′, 58′), संगीता कुमारी (55′) और नवनीत कौर (58′) ने गोल कर भारत की 13-0 से शानदार जीत सुनिश्चित की। भारतीय टीम पूल चरण में अजेय रही। भारतीय महिला हॉकी टीम अब गुरुवार, 5 अक्टूबर को सेमीफाइनल में प्रतिस्पर्धा करेगी।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.