मेरठ। अखिल भारत हिन्दू महासभा ने बुधवार केा विजयदशमी का त्योहार धूमधाम से मनाया। इस दौरान शस्त्र पूजा की गई। हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं ने आने वाली 30 जनवरी को मेरठ में नाथूराम गोडसे और नाना आप्टे के नाम पर प्राचीन अस्त्र-शस्त्र ज्ञानशाला खोलने की घोषणा की है। इस अस्त्र-शस्त्र ज्ञानशाला में हिन्दुओं को प्राचीन अस्त्र-शस्त्रों का ज्ञान दिया जाएगा।
शारदा रोड स्थित अखिल भारत हिन्दू महासभा के कार्यालय पर पंडित अशोक शर्मा की अगुवाई में विजयदशमी का त्योहार मनाया गया। इस दौरान प्राचीन अस्त्र-शस्त्रों का पूजा पाठ अनुष्ठान किया गया। हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष और प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। विकास त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद कार्यालय परिसर में स्थापित नाथूराम गोडसे और नाना आप्टे की प्रतिमाओं पर पुष्पमाला अर्पित की गई। इस दौरान अस्त्र-शस्त्रों को चलाकर उनका प्रदर्शन भी किया गया।
इसके बाद हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों ने घोषणा की कि 30 जनवरी 2023 को मेरठ शहर स्थित कार्यालय पर नाथूराम गोडसे एवं नाना आप्टे के नाम से प्राचीन अस्त्र-शस्त्र ज्ञानशाला खोली जाएगी। इसमें प्राचीन अखाड़े चलाने वाले गुरुओं के माध्यम से प्राचीन अस्त्र-शस्त्रों से हिन्दू युवाओं को पारंगत किया जाएगा। इससे वह अपने परिवार और समाज की रक्षा करने में सक्षम हो सकेंगे। इसके लिए पुराने योद्धाओं से सपर्क किया जा रहा है। अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि हमारे सभी देवी-देवताओं के हाथों में हमेशा कोई न कोई अस्त्र शस्त्र रहा है। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष भरत राजपूत, शिवसेना मंडल प्रभारी संजय गुप्ता, महानगर कार्यालय मंत्री दीपक शर्मा, प्रचार मंत्री अरविंद शर्मा, गोपाल कुमार, प्रमोद खन्ना समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।