यमुनानगर। शहर की एक कॉलोनी में एक व्यक्ति ने गुर्दे की पथरी निकालने के लिए झाड़-फूंक करने के नाम पर महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपित फरार है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नवंबर 2021 में उसे गुर्दे में पथरी की शिकायत हुई थी। इस दौरान उसे पता चला कि अनिल पांचाल नाम का व्यक्ति गुर्दे से पथरी निकालने के लिए झाड़-फूंक करता है। जिससे कई लोगों की गुर्दे की पथरी निकल गई है। इस बात को सुनने के बाद वह अनिल पांचाल के पास गई। अनिल पांचाल ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया। इस दौरान आरोपित ने उसे गुर्दे की पथरी निकालने के लिए झाड़ फूंक किया। इस दौरान आरोपित ने उसे भभूति राख खाने के लिए दी। जिसे खाने के बाद वह बेसुध हो गई। जिसके बाद आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपित ने झाड़-फूंक कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। कई बार तो आरोपित उसके घर पर आ जाता था और उसकी मर्जी के बिना उसके साथ गलत काम करता था। परेशान होकर उसने आरोपित के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।