City Headlines

Home » भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 30 हजार पार कर सकता है : विश्व स्वास्थ्य संगठन

भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 30 हजार पार कर सकता है : विश्व स्वास्थ्य संगठन

by Rashmi Singh

जेनेवा । विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान है कि तुर्किये एवं सीरिया में भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या 30 हजार से कहीं ज्यादा हो सकती है। तुर्किये और सीरिया सहित छह देशों में 24 घंटे के भीतर लगातार भूकंप के झटकों ने दुनिया हिला दी है।
सोमवार को तुर्किये में आए भूकंप का सर्वाधिक असर तुर्किये एवं सीरिया में देखने को मिला है। तुर्किये में पहले सोमवार को दस घंटे के भीतर तीन जोरदार भूकंप के झटके लगे, वहीं मंगलवार सुबह फिर भूकंप का एक झटका महसूस किया गया। भूकंप के कारण तुर्किये एवं सीरिया में तबाही छायी है। अब तक तुर्किये एवं सीरिया में चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सैकड़ों इमारतें जमींदोज हो गयी हैं। माना जा रहा है कि इमारतों के मलबे के नीचे सैकड़ों लोग दबे होंगे। मलबे में दबे लोगों के शव एवं भारी संख्या में घायलों को लगातार निकाला जा रहा है। बीस हजार से ज्यादा घायलों का इलाज चल रहा है, इसमें हजारों की हालत गंभीर है।
भूकंप की भयावह त्रासदी के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बड़ा दावा किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन का दावा है कि तुर्किये एवं सीरिया में ही मृतकों की संख्या तीस हजार पार कर जाएगी। घायलों की संख्या में भी तेजी से वृद्धि होगी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि भूकंप के मामलों में अक्सर देखा गया है कि शुरुआत में मृतकों और घायलों की जो संख्या आती है, समय के साथ-साथ उसमें तेजी से वृद्धि होती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भूकंप के चलते बेघर होने वाले लोगों के लिए भी चेतावनी दी है। कहा गया है कि ठंड से ऐसे लोगों की मुश्किलें और अधिक बढ़ सकती हैं।

 

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.