रायपुर। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में छत्तीसगढ़ में पार्टी के शीर्ष नेता, विधायक और मंत्री अपने राज्य की पानी-माटी लेकर उसमें शामिल होंगे। यात्रा में शामिल होने के लिए राज्य के कांग्रेस नेता शुक्रवार को इंदौर रवाना हुए।
26 और 27 नवंबर को इंदौर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 324 नेता भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जहां से वो इंदौर आयेंगे। वहीं मोहन मरकाम, चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, सत्यनारायण शर्मा, संगठन प्रभारी अमरजीत चावला, प्रेमसाय सिंह, शिव डहरिया के अलावा कई मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी यात्रा में शामिल होने रवाना हुए।
संगठन महामंत्री अमरजीत चावला ने बताया कि इस दौरान छत्तीसगढ़ के सभी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में दो दिन तक मौजूद रहेंगे। मोहन मरकाम के नेतृत्व में प्रदेश की प्रमुख सात नदियों का पानी और माटी कलश लेकर शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर की शाम मरकाम इंदौर पहुंचेंगे। इस यात्रा में राहुल गांधी से पौधरोपण कराया जायेगा। मध्य प्रदेश में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ 324 कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे।