नालंदा। बिहार में नालंदा और बिहार शरीफ में रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा भड़क गयी। नालंदा के लहेरी थाना इलाके के गगनदीवान मोहल्ले के पास शुक्रवार की शाम जब रामनवमी का जुलूस निकल रहा था तभी दो समुदाय के बीच विवाद होने बाद अचानक उपद्रव शुरू हो गया। कुछ ही देर बाद गोलीबारी भी शुरू हो गई, जिससे रामनवमी जुलूस में शामिल हजारों लोग इधर-उधर भागने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। असामाजिक तत्वों ने वहां आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में आग लगा दी। वहीं, मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात है। डीएम और एसपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर कैंप कर रही है। वहीं, पुलिस ने धारा 144 लागू की है।
अभद्र टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस मौके पर स्थिति नियंत्रण करने नें लगी हुई है। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठी चार्ज भी किया। छह से अधिक गाड़ियों में आग लगा दी गई है। रामनवमी को लेकर विराट शोभा यात्रा के दौरान दूसरे समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर बवाल और पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना में दर्जनों लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं।
बिहारशरीफ में भी हिंसा, कई दुकाने जलकर राख
बिहारशरीफ में जगह-जगह पर उग्र भीड़ ने करीब चार मोहल्लों में आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। गगनदीवान, भारवपर, मुरारपुर, मोहल्ले में उपद्रवियों ने दुकानों में आग लगा दी है। इससे कई दुकाने जलकर राख हो गयी। आगजनी में एक दर्जन बाइक भी जलकर रख हो गयीं। पूरे जिले में स्थिति काफी तनावपूर्ण है। घंटों से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पूरे शहर में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गयी है।