City Headlines

Home Himachal Pradesh विकास की नई गाथा लिख रहा हिमाचल प्रदेशः आदित्यनाथ

विकास की नई गाथा लिख रहा हिमाचल प्रदेशः आदित्यनाथ

यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा- कांग्रेस के एजेंडे में विकास व विरासत का सम्मान नहीं

by City Headline
Vikas, HP, CM, Adityanath, BJP

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश की बड़सर विधानसभा में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है। हिमाचल के विकास की ये गाथा रुकनी नहीं चाहिए। इसके लिए हिमाचल में डबल इंजन की सरकार एक बार फिर से आवश्यक है। आदित्यनाथ ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक बार फिर से अपने शौय एवं पराक्रम के साथ-साथ विकास एवं समृद्धि के नये पथ पर अग्रसर हुआ है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ हिमाचल दौरे पर हैं। उनकी बुधवार को कई चुनावी सभाएं हैं। पहली चुनावी सभा हिमाचल के हमीरपुर जिले में हुई। हमीरपुर की चुनावी सभा में योगी ने कहा कि एक नये भारत के निर्माण के लिए हिमाचल में डबल इंजन की सरकार फिर से आवश्यक है। इसलिए हिमाचल के विकास को तेज गति देने के लिए, हिमाचल के नौजवानों के लिए, ग्रामीण विकास के लिए माताओं बहनों के सम्मान एवं स्वाभिमान के लिए यहां से भाजपा प्रत्याशी का विजयी होना जरूरी है। आज भारत दुनिया के अंदर अपना परचम लहरा रहा है। मोदी के नेतृत्व में इंग्लैंड को पछाड़कर भारत दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था बना है। वैश्विक मंच पर भारत आज दुनिया का नेतृत्व करता दिख रहा है।
भाजपा सरकार में आजादी के नायकों का सम्मान
योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार में आजादी के नायकों को सम्मान दिया जा रहा है। आस्था के केंद्रों को सजाने-संवारने का काम हो रहा है। कांग्रेस के एजेंडे में विकास और विरासत का सम्मान नहीं है, सैनिकों का भी सम्मान नहीं है। कांग्रेस एक खानदान के विकास तक सीमित है। कांग्रेस ने विकास के नाम पर भ्रष्टाचार की नई-नई परतें खड़ी कीं। आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में गुलामी के ढांचे को समाप्त कर श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस सरकार होती तो क्या अयोध्या में राम मंदिर बन पाता। काशी में बाबा विश्वनाथ का धाम फिर से संवर चुका है। मथुरा वृन्दावन में जाकर देखिए कितनी भव्यता से काम हुआ है। मध्य प्रदेश के महाकाल और उत्तराखंड के बदरी केदार धाम का विकास हो रहा है।
योगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा का मुकुट है। यहां के लोगों में पहाड़ जैसी दृढ़ता है तो पानी जैसी संवेदना भी है। देश के नौजवानों को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश की माटी के ही सपूत हैं।