गाजियाबाद। यूपी एसटीएफ ने रविवार को कुख्यात बदमाश कपिल बसी को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। कपिल योगेश भदौड़ा गैंग का शार्प शूटर है। वह बागपत में पिछले साल हुए दादा-पोते की हत्या समेत कई मामलों में शामिल था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक रविवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कपिल बसी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर गोली चलाकर उसने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस की गोली उसे लगी और वह वहीं ढेर हो गया।
पुलिस के मुताबिक कपिल बसी ने 2022 में 1 फरवरी को बागपत में 80 वर्षीय सत सिंह और 20 वर्षीय उसके पौत्र ममनदीप की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इंदिरापुरम में भी उसने दोहरा हत्याकांड को अंजाम दिया था। वह एक शार्प शूटर था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। पुलिस उसके बारे में आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसके खिलाफ 45 से ज्यादा मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।