City Headlines

Home JHANSI सीएम योगी सहारनपुर तो डिप्टी सीएम केशव झांसी से आगे बढ़ाएंगे चुनावी अभियान

सीएम योगी सहारनपुर तो डिप्टी सीएम केशव झांसी से आगे बढ़ाएंगे चुनावी अभियान

by City Headline
UP, Municipal Elections, Saharanpur, Keshav, CM, Deputy CM, Jhansi, BJP

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (सोमवार) पूर्वाह्न करीब 11ः 50 बजे यहां जनता रोड पर स्थित महाराज सिंह कालेज मैदान से उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के प्रचार का शंखनाद करेंगे। कालेज के आसपास सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया गया है।

जिला प्रशासन ने सहारनपुर जिले के सभी बोर्ड स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल ने एसएसपी विपिन ताडा के साथ सुरक्षा के लिहाज से मंच और पंडाल का जायजा लिया है। अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी सुरक्षा प्रबंध परखे हैं। पंडाल में करीब एक लाख कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। जिले से सटी हरियाणा सीमा पर भी चौकसी बढ़ाई गई है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की झांसी में चुनावी सभा

झांसी। निकाय चुनाव 2023 के प्रथम चरण के मतदान के समय नजदीक आने के साथ ही स्टार प्रचारकों के आवागमन तेज हो गया है। सोमवार 24 अप्रैल को झांसी की धरती पर चुनाव का रुख भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर मोड़ने के लिए आ रहे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सभा स्थल बदल दिया गया है। अब नगरा हाट के मैदान की जगह गौड़ बाबा मंदिर मैदान में सभा का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय लखनऊ से आई सुरक्षा टीम के द्वारा लिया गया है। उपमुख्यमंत्री करीब 45 मिनट तक सभा को संबोधित करेंगे।

निकाय चुनाव में जीत के मंत्र के साथ उतरी भाजपा को बेहतर मतों से विजय दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके चलते खाती बाबा स्थित गौड़ बाबा मंदिर के पास खाली मैदान पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की एक सभा सोमवार (आज) कराए जाने की तैयारी की गई है।