City Headlines

Home Auraiya यूपी: पंचनद के बीहड़ों में दो सिर और चार आंख का कबूतर दिखा

यूपी: पंचनद के बीहड़ों में दो सिर और चार आंख का कबूतर दिखा

by City Headline
UP, Auraiya, Chambal, Yamuna, Rugged, Panchnad, Pigeon, Jungle, Environmentalist

औरैया। वन्य जीवों और विलुप्तप्राय हो रहे पशु-पक्षियों के लिए मशहूर चंबल-यमुना की घाटी (बीहड़) में एक अजीब कबूतर देखने को मिला। बीहड़ के पंचनद इलाके में आए कबूतर के दो सिर और चार आंखें थी। अद्भुत कबूतर की तस्वीर लेकर इलाकाई लोगों ने वायरल कर दी। अब इसकी खूब चर्चा हो रही है

पंचनद इलाके में बीहड़ में बीते दिनों कुछ चरवाहों मवेशियों के लिए हरी घास लेने के लिए जंगल की ओर गए थे। इस दौरान बीहड़ में उन्हें एक कबूतर दिखाई दिया जिसके दो सिर और चार आंखें थीं। जबकि धड़ एक था। उसके देखकर लोगों में कौतूहल मच गया और धीरे-धीरे यह बात पूरे बीहड़ में आग की तरह फैल गई। उस कबूतर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ पहुंची। कुछ लोगों ने उसकी मोबाइल पर वीडियो और फोटो ले लिया।

ग्रामीण जब तक वन विभाग को इसकी जानकारी देते कबूतर भीड़ को देखकर उड़ गया। अद्भुत कबूतर को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। मंगलवार को इसका फोटो वायरल होने पर कुछ लोगों ने कुदरत का चमत्कार बताया जाने लगा। यहां तक की बीहड़ में इसको लेकर धर्म से जोड़ते हुए उसके दर्शन से मोक्ष प्राप्त होने तक की बात तक उठने लगी। वहीं पढ़े-लिखे युवाओं ने वैज्ञानिक तर्क देते हुए इसे प्रजनन से जोड़कर देखा। फिलहाल कुछ भी हो चंबल की वादियों में देखा गया यह कबूतर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

पर्यावरणविद वीरेन्द्र सिंह सेंगर ने बताया कि चंबल का बीहड़ इलाके में प्राकृतिक वातावरण है। यहां कई प्रकार के जीव-जंतु मिलते हैं जो अन्य कहीं नहीं पाये जाते। उनमें ही एक चार आंख और दो सिर वाला कबूतर भी देखा गया है।

इस मामले में वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चंबल और यमुना के बीहड़ इलाके में अनेक प्रकार के अद्भुत पक्षी देखने को मिलते हैं। इसी तरह एक कबूतर को भी ग्रामीणों ने देखा था। फोटो को लेकर उसको बीहड़ के क्षेत्र के वन कर्मियों को भेज दिया गया है।