यमुनानगर। हरियाणा सरकार की वायदा खिलाफी व हठधर्मिता के विरोध में नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में मंगलवार को नगरपालिका व दमकल कर्मियों ने लगातार सातवें दिन प्रदेशव्यापी हड़ताल को जारी रखा।
नगरपालिका संघ के राज्य महासचिव माँगे राम तिगरा व अग्निशमन विभाग संघ के राज्य चीफ ऑर्गनाइज़र गुलशन भारद्वाज ने बताया कि हड़ताल में शामिल नगर निगम व दमकल कर्मियों ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़ी दिपावली को नगर निगम कार्यालय से सैंकड़ो की संख्या में इकट्ठे होकर हाथों में उल्टे झाड़ू,काले झंडे,माँगो की तख्तियां व बैनर सहित जुलूस की शक्ल में सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए प्यारा चौक पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उसके बाद नेहरू पार्क मॉडल टाउन से होते हुए भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन कर नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नगर निगम कार्यालय पर काले झंडे लगाकर काली दिवाली मनाई।
रिटायर्ड कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान व किसान सभा के जिला अध्यक्ष जरनैल सिंह सांगवान ने बताया कि नगरपालिका कर्मचारी संघ के साथ 2020 से लगातार कई दौर की बैठकों में नगरपालिका व दमकल कर्मियों की माँगो पर सहमति होने के बावजूद अभी तक उन्हें लागू नही किया जा रहा है। जिस कारण से मजबूर होकर कर्मचारियों ने यह हड़ताल का फैसला लिया। उन्होंने बताया कर्मचारियों की माँगो व समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से होता है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार समय रहते संघ को बातचीत पर बुलाकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करें अन्यथा प्रदेश भर का तमाम रिटायर्ड कर्मचारी इनके आंदोलन में डटकर भागेदारी करेगा।
Tag:
yamunanagar
Older Posts