नई दिल्ली, 06 जुलाई -प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने और चुनाव में लेबर पार्टी की उल्लेखनीय जीत पर बधाई दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और स्टार्मर ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को याद किया और भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने और आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। दोनों नेताओं ने पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई।
ब्रिटेन के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास में भारतीय समुदाय के सकारात्मक योगदान की सराहना करते हुए दोनों पक्षों ने लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर को शीघ्र भारत आने का निमंत्रण दिया। दोनों नेताओं ने संपर्क में बने रहने पर सहमति व्यक्त की।
United Kingdom
नई दिल्ली। बॉक्सिंग लीजेंड मैरी कॉम को दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड के विंडसर में वार्षिक यूके-इंडिया अवार्ड्स में ग्लोबल इंडियन आइकन ऑफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। छह बार की विश्व चैंपियन ने गुरुवार रात एक भव्य समारोह में यूनाइटेड किंगडम में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी से पुरस्कार स्वीकार करते हुए अपनी 20 साल की यात्रा के बारे में बात की और कहा, ‘मुक्केबाजी उनके लिए सब कुछ है।’
40 वर्षीय पूर्व राज्यसभा सदस्य मैरी कॉम ने कहा, “मैं 20 साल से लड़ रही हूं, अपने जीवन में मुक्केबाजी में बहुत प्रयास और कड़ी मेहनत कर रही हूं, यह बहुत मायने रखता है। मैं वास्तव में इस मान्यता के लिए अपने दिल की गहराई से धन्यवाद देती हूं।”
मैरी कॉम के अलावा ऑस्कर-नामित ‘एलिजाबेथ: द गोल्डन एज’ के निर्माता शेखर कपूर को यूके-इंडिया वीक के हिस्से के रूप में आईजीएफ (इंडिया ग्लोबल फोरम) द्वारा आयोजित पुरस्कारों में दोनों देशों में सिनेमा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिला।
यह पुरस्कार, जो अब अपने पांचवें वर्ष में है, व्यापार, पेशेवर सेवाओं, सरकार, संस्कृति और सामाजिक प्रभाव में नेताओं के उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देता है और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों को उजागर करता है।
वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में सोमवार से जी-20 की एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप की 100वीं बैठक शुरू हो गई। नदेसर स्थित तारांकित होटल में आयोजित बैठक के उद्घाटन सत्र को केन्द्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी. के. सिंह ने सम्बोधित किया।
इस बैठक के प्रथम सत्र में फूड सिक्योरिटी एंड न्यूट्रिशन: रोल ऑफ़ साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन विषय पर जी-20 देशों के कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ विमर्श कर रहे हैं। बैठक में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और यूरोपीय संघ के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। 19 अप्रैल तक चलने वाले जी-20 बैठक में कृषि, कृषि शिक्षा, अनुसंधान आदि विषयों पर कृषि वैज्ञानिक विमर्श करेंगे।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक डॉ हिमांशु पाठक व सचिव संजय के अनुसार सम्मेलन में विश्व स्वास्थ्य संगठन व वैश्विक व्यापार संगठन सहित कृषि के क्षेत्र में काम करने वाली कई संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। बैठक में खाद्य सुरक्षा और पोषण, क्लाइमेट स्मार्ट एग्रीकल्चर, डिजिटल एग्रीकल्चर, पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप आदि सहित कृषि अनुसंधान और विकास के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। सम्मेलन का विषय वसुधैव कुटुंबकम है। इसके जरिये एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य का संदेश दिया जाएगा।
बेतिया। सत्याग्रह रिसर्च फाउंडेशन के सभागार सत्याग्रह भवन में विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ,बुद्धिजीवियों एवं छात्र छात्राओं ने भाग लिया, इस अवसर पर ब्रांड एंबेसडर स्वच्छ भारत मिशन डॉ. एजाज अहमद अधिवक्ता, डॉ. सुरेश कुमार अग्रवाल चांसलर प्रज्ञान अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय झारखंड, डॉ. शाहनवाज अली एवं जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अमित कुमार लोहिया ने संयुक्त रुप से कहा कि विश्व हिंदी दिवस 1975 में आयोजित पहले विश्व हिंदी सम्मेलन की वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए प्रतिवर्ष 10 जनवरी को मनाया जाता है।
इस अवसर पर भारत समेत विश्व की नई पीढ़ी से आह्वान करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हिंदी सांस्कृतिक एकता की भाषा है।
नई पीढ़ी हिंदी भाषा को औजार बनाए ,तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पहल पर 10 जनवरी 2006 से हर साल मनाया जाता है विश्व हिंदी दिवस।हिंदी विश्व की चौथी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा। इसका उद्देश्य विश्व में हिंदी का प्रचार-प्रसार करना है। विश्व में अंग्रेजी, मंदारिन एवं स्पेनिश के बाद हिंदी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। यह भारत के अलावा कई अन्य देशों में भी व्यापक रूप से बोली जाती है। एक अनुमान के मुताबिक करीब 65 करोड़ लोग किसी न किसी माध्यम से अपने दैनिक जीवन में हिंदी भाषा का उपयोग करते हैं,
पहले विश्व हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था। 1975 से विभिन्न देशों जैसे संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम , मॉरीशस, त्रिनिदाद एवं टोबैगो ने विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन किया है। वहीं 10 जनवरी 2006 को पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह द्वारा विश्व हिंदी दिवस मनाया गया था और जब से इसे वैश्विक भाषा के रूप में प्रचारित करने के लिए हर साल 10 जनवरी को विशेष दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विश्व में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिये जागरूकता पैदा करना तथा हिन्दी को अन्तराष्ट्रीय भाषा के रूप में पेश करना है।
इस दिन विदेशों में भारत के दूतावास एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। सरकारी एवं सामाजिक संस्थाओं कार्यालयों में विभिन्न विषयों पर हिन्दी में व्याख्यान आयोजित किये जाते हैं। इस अवसर पर डॉ एजाज अहमद ,डॉ सुरेश कुमार अग्रवाल, डॉ अमित कुमार लोहिया, नविंदु चतुर्वेदी, डॉ शाहनवाज अली एवं पश्चिम चंपारण कला मंच की संयोजकता शाहीन परवीन ने संयुक्त रूप से कहा कि हिंदी वैदिक संस्कृत के प्रारंभिक रूप की प्रत्यक्ष वंशज भी है। प्रतिवर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 14 सितंबर 1949 को तब हुई थी, जब भारत की संविधान सभा ने हिंदी को भारत की अधिकारिक भाषा या राज्य भाषा के तौर पर अपनाया था और 1953 में राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के अनुरोध पर 14 सितंबर को हर साल हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। इसका उद्देश्य हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में घोषित करता है।
वहीं 10 जनवरी को मनाया जाने वाला विश्व हिंदी दिवस, हिंदी भाषा पर एक शब्द सम्मेलन है। इसका उद्देश्य विश्व में हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिये जागरूकता पैदा करना, हिन्दी को अन्तराष्ट्रीय भाषा के रूप में पेश करना, हिन्दी के लिए विश्व में वातावरण निर्मित करना और अनुराग पैदा करना, हिन्दी की दशा के लिए जागरूकता पैदा करना तथा हिन्दी को विश्व भाषा के रूप में प्रस्तुत करना है।. हिंदी भाषा में समय के साथ काफी बदलाव हुआ है। आज हम जो हिंदी बोलते हैं, इसकी शुरूआत 1900 ई. से मानी जाती है। यह संस्कृत भाषा के अपभ्रंश होने पर निकली है। इतिहासकारों का मानना है कि हिंदी में पहली रचना 1000 ई. में खुमान रासो है। जिसके बाद समय के साथ बीसलदेव रासो और पृथ्वीराज रासो की रचना हुई। हालांकि इसके बाद भी हिंदी आम जनमानस की भाषा नहीं थी। सल्तनत काल में हिंदी के लिए महान सूफी संत अमीर खुसरो के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता, हिन्दी भाषा को असल पहचान 1450 के बाद तब मिली, जब गुरु नानक देव, रैदास, सूरदास व कबीर ने हिंदी में कविताएं लिखनी शुरू की। इस दौरान कबीर की बानी, सूरदास की सूरसागर और गोस्वामी तुलसीदास द्वारा 1633 ई. में रचित रामचरित मानस मशहूर हुई। आज जो हिंदी हम बोलते हैं इसमें पहला गद्य भारतेंदु हरिश्चंद्र द्वारा लिखा गया था।
इतिहासकार इन्हें आधुनिक हिंदी का जनक मानते हैं। उन्होंने बाल विबोधिनी पत्रिका, हरिश्चंद्र पत्रिका और कविवचन सुधा पत्रिकाओं का संपादन किया।वहीं किशोरीलाल गोस्वामी द्वारा 1900 ईसवी में लिखी गई इंदुमती पहली ऐसी रचना थी, जो पूरी तरह हिंदी खड़ी बोली में लिखी गई। इसे आज भी स्कूल कॉलेजों में प्रमुख रूप से पढ़ाया जाता है। आज हिंदी भाषा विश्व के 30 से अधिक देशों में पढ़ी और पढ़ाई जाती है, लगभग 100 विश्वविद्यालयों में उसके लिए अध्यापन केंद्र खुले हुए हैं। दक्षिण प्रशांत महासागर क्षेत्र में फिजी नाम का एक द्वीप देश है, जहां हिंदी को आधिकारिक भाषा का दर्जा प्राप्त है। इसके अलावा हिंदी भाषा मॉरीशस, फिलीपींस, नेपाल, गुयाना, सुरिनाम, त्रिनिदाद, तिब्बत और पाकिस्तान में कुछ बदलाव के साथ ही सही लेकिन हिंदी को बोला और समझा जाता है।
पहली बोलती हुर्ई हिंदी फिल्म आलम आरा का प्रदर्शन 14 मार्च 1931 को हुआ। इस फिल्म के निर्देशक अर्देशिर ईरानी थे। वर्ष 1918 में महात्मा गांधी ने हिन्दी साहित्य सम्मेलन में हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा बनाने को कहा था। हिंदी को गांधी जी ने जनमानस की भाषा भी कहा था। आज हिंदी का महत्व इतना बढ़ गया है कि संयुक्त राष्ट्र ने भी हिन्दी में वेबसाइट बनाई है और हिन्दी में रेडियो प्रसारण भी करता है। वहीं अमेरिका का विदेश विभाग हर सप्ताह समसामयिक मुद्दों पर हिन्दी में संवाद करता है। हिंदी भाषा के योगदान में बीबीसी हिंदी सेवा, वॉइस ऑफ अमेरिका हिंदी सेवा, जर्मन रेडियो की हिंदी सेवा एवं विभिन्न देशों द्वारा हिंदी सेवा के माध्यम से उनके हिंदी के लिए योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
लंदन । चार्ल्स तृतीय को आज यानी शनिवार को सेंट जेम्स पैलेस में एक ऐतिहासिक समारोह में आधिकारिक रूप से ब्रिटेन का ‘किंग घोषित किया गया है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सबसे बड़े बेटे 73 वर्षीय चार्ल्स अपनी मां के निधन के बाद स्वाभाविक रूप से ही सम्राट बन गए थे, लेकिन औपचारिक रूप से वह आज ब्रिटेन के सम्राट बने हैं। महारानी एलिजाबेथ के निधन के 24 घंटों के भीतर पारंपरिक रूप से राज्याभिषेक संबंधी एक परिषद की बैठक बुलाई जाती है। हालांकि महारानी के निधन की घोषणा में विलंब होने की वजह से इस समारोह को शुक्रवार को आयोजित करने का वक्त नहीं मिला था, इसलिए ताजपोशी का कार्यक्रम आज आयोजित किया गया। किंग चार्ल्स तृतीय की नई उपाधि की सार्वजनिक घोषणा करने की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी हुई।
दिवंगत महारानी के निधन से शोक में झुके ध्वज नए सम्राट के राज्याभिषेक की घोषणा के बाद पूरी तरह फहराए गए। इस कार्यक्रम का पहली बार टेलीविजन पर लाइव प्रसारण भी किया गया। राज्याभिषेक संबंधी परिषद में कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री, न्यायाधीश और चर्च ऑफ इंग्लैंड से लोग शामिल होते हैं। परिषद में सम्राट चार्ल्स ने महारानी के निधन की निजी तौर पर घोषणा की और चर्च ऑफ स्कॉटलैंड की रक्षा की शपथ ली।
चार्ल्स की पत्नी बनीं ‘क्वीन कंसोर्ट
चार्ल्स के सम्राट बनने के बाद अब उनकी पत्नी कैमिला क्वीन कंसोर्ट बन गई हैं, जबकि सम्राट के बेटे विलियम को प्रिंस ऑफ वेल्स की उपाधि मिल गई है। इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि वह ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। बाइडेन ने कहा, ‘हां, मुझे (कार्यक्रम की) विस्तार से जानकारी नहीं है, लेकिन मैं जाऊंगा। उनसे सवाल किया गया था कि क्या वह महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे या नहीं। बाइडेन ने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि उन्होंने महाराजा चार्ल्स किंग्स तृतीय से अभी तक बात नहीं की है। उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें जानता हूं। मैंने अभी उनसे बात नहीं की है।
वहीं, ब्रिटेन के बैंक नोट और सिक्कों पर दशकों से महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की तस्वीर लगी है। उनका चित्र दुनियाभर में दर्जनों अन्य देशों की मुद्राओं पर भी है जो कि ब्रिटिश साम्राज्य के औपनिवेशिक प्रभाव का द्योतक है। महारानी के निधन के बाद ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और अन्य देशों को अपनी मुद्रा में परिवर्तन करने में वक्त लगेगा, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि एलिजाबेथ के चित्र वाले नोट और सिक्के नहीं चलेंगे। मुद्रा पर अब महारानी की जगह राजा चार्ल्स तृतीय की तस्वीर होगी, मगर यह तत्काल संभव नहीं। बैंक ऑफ इंग्लैंड ने कहा, ‘वर्तमान में महारानी के चित्र वाली मुद्रा कानूनी तौर पर मान्य रहेगी। आधिकारिक तौर पर 10 दिवसीय राष्ट्रीय शोक के बाद ब्रिटेन के ‘केंद्रीय बैंक द्वारा मुद्रा के संबंध में घोषणा की जाएगी।