कीव । यूक्रेन और रूस में जोरदार युद्ध चल रहा है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के हमले तेज हो रहे हैं और यूक्रेनी सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। यूक्रेन की वायु सेना ने दावा किया है कि यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणालियों ने रात भर में रूस द्वारा लॉन्च किए गए 12 क्रूज मिसाइलों में से 11 मिसाइलों को ढेर कर दिया। साथ ही, रूस द्वारा लॉन्च किए गए 19 ड्रोनों को भी मार गिराया।
यूक्रेन की वायु सेना ने रूसी हमले का जबर्दस्त प्रतिरोध करने की जानकारी देते हुए कहा कि रूस ने यूक्रेन पर दो जहाज रोधी मिसाइलों से भी हमला किया। दावा किया गया कि रूस ने यूक्रेन में डोनेट्स्क के पश्चिमी शहर पर हमला किया था। डोनेट्स्क के पश्चिमी शहर पर हुए इस रूसी हमले में 13 लोग घायल हो गए थे, जिसमें से एक को मलबे के नीचे से निकाला गया है। साथ ही रूस ने खेरसॉन और ज़ापोरिज़िया क्षेत्रों में हमला कर तीन नागरिकों को मार डाला। रूस ने कहा है कि रूसी सेनाओं ने तुला के ऊपर भी ड्रोन गिराए हैं।
इस बीच यूक्रेनी सेना की सक्रियता बढ़ी है। वर्बोव में यूक्रेनी सेनाओं ने एक बार फिर आधे शहर पर कब्जा कर लिया है। डोनेट्स्क क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। यूक्रेन का दावा है कि रूसी सेना यूक्रेनी बच्चों को जबरन निर्वासित कर रूस का हिस्सा बना रही है। वैसे अमेरिका की ओर से यूक्रेन को मदद का सिलसिला जारी है। अब अमेरिका ने यूक्रेन को नई सुरक्षा सहायता के तहत 12.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर मूल्य के हथियार और उपकरण देने की घोषणा की है। ईसाई धर्मगुरु पोप ने युद्ध का सामना कर रहे यूक्रेनवासियों को शहीद की संज्ञा दी है।
ukrain russia war
रूस पर ड्रोन हमले के बाद जेलेंस्की का दावा, हमने लंबी दूरी तक मार करने वाला हथियार बना लिया है
कीव । रूस पर ड्रोन हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने गुरुवार को दावा किया कि उन्होंने लंबी दूर तक मार करने वाला नया हथियार बनाया है, जो 700 किलोमीटर (400 मील) दूर एक लक्ष्य पर हमला करने में सक्षम है।
जेलेंस्की ने इस बात की जानकारी अपने टेलीग्राम चैनल पर दी। उन्होंने कहा कि हथियार को यूक्रेन के सामरिक उद्योग मंत्रालय द्वारा बनाया गया है। हालांकि उन्होंने इस हथियार के संबंध में अधिक जानकारी नहीं दी है।
रिपोर्टों के अनुसार, यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। रूस ने बताया कि यूक्रेनी ड्रोन ने एस्टोनिया और लातविया की सीमा के पास रूस के पश्चिमी प्सकोव क्षेत्र में एक हवाई अड्डे पर हमला किया है, जिससे इलाके में भीषण आग लग गई। नुकसान का आकलन करने के लिए मॉस्को में हवाई अड्डे से आने और जाने वाली सभी उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
वहीं, रूसी एजेंसी ने आपातकालीन अधिकारियों के हवाले से बताया कि ड्रोन हमलों में चार आईएल-76 परिवहन विमान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इस हादसे में किसी तरह कोई जनहानि नहीं हुई है।
मॉस्को । यूक्रेन युद्ध समाप्त करने और संकट सुलझाने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों से सैन्य मदद बंद करने की बात कही है। पुतिन का मानना है कि यूक्रेन संघर्ष के पीछे पश्चिमी देशों का हाथ है। लेकिन पुतिन के इस प्रस्ताव के कुछ देर बाद ही अमेरिका ने यूक्रेन को 325 मिलियन डॉलर के नए रक्षा पैकेज का ऐलान कर दिया। इससे साबित होता है कि अमेरिका समेत पश्चिमी देश यूक्रेन के खुद हार मानने तक सैन्य सहायता देना जारी रखेंगे। रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर आक्रमण किया था। तब से दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है।
पुतिन ने सैन्य संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि दुश्मन किसी भी दिशा में सफल नहीं हुआ। उन्हें भारी नुकसान हुआ है। पुतिन ने बताया कि यूक्रेनी सेना वर्तमान में शाख्त्योर्स्क और वर्मेवका में लगातार हमले कर रही है, लेकिन अग्रिम मोर्चों तक पहुंचने में विफल रही है। कुल मिलाकर, यूक्रेन चार दिशाओं से हमला कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन बड़े पैमाने पर जवाबी हमला कर रहा है। चार जून से यूक्रेनी काउंटर ऑपरेशन के दौरान दुश्मन ने यूक्रेनी सेना ने 160 से अधिक टैंक खो दिए, जबकि हमें 54 टैंक गंवाने पड़े। उनमें से कुछ को मरम्मत कर फिर से इस्तेमाल के योग्य बनाया जा रहा है।
पुतिन ने कहा कि रूस अपने विशेष सैन्य अभियान के जरिए धीरे-धीरे यूक्रेन का असैन्यीकरण करने में लगा है। अगर पश्चिमी देश संघर्ष को हल करना चाहते हैं तो उन्हें कीव को हथियार देना बंद करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम को यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति बंद करने की जरूरत है, अगर वे जारी संघर्ष को हल करना चाहते हैं।