तिनसुकिया। असम के तिनसुकिया जिले के मार्घेरिटा उपमंडल में गुरुवार को सुरक्षा बलों ने यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम- स्वंतत्र (उल्फा-स्व) के एक शीर्ष कैडर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
यह मुठभेड़ मार्घेरिटा उपमंडल के लीडो स्थित टिकाक मालो पहाड़ी पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात डेढ़ बजे के आसपास हुई। सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर जिला पुलिस की एक टीम के साथ अभियान चलाया। सूचना के अनुसार उल्फा-स्व का एक समूह टिकाक पहाड़ी में डेरा डाले हुए था। इस बीच हथियारबंद उग्रवादियों ने देर रात अभियान चलाने पहुंचे संयुक्त सुरक्षा बल पर अचानक हमला बोल दिया। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। कई राउंड फायरिंग के बाद उग्रवादी पक्ष खामोश हो गया।
कुछ देर बाद रणनीति के तहत सुरक्षा बल धीरे-धीरे जंगल की ओर बढ़ने लगा तो देखा कि एक उग्रवादी हाथ में अत्याधुनिक हथियार लिए जमीन पर पड़ा हुआ है। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि मारा गया उल्फा-स्व कैडर उत्तम लाहन उर्फ स्वयंभू सार्जेंट मेजर उदय असम था।
उत्तम लाहन चाराइदेव जिले के सोनारी थाना अंतर्गत पूर्णी जबका गांव निवासी स्वर्गीय पदू लाहन और गनिता लाहन की तीसरी संतान था। 2012 में वह काम के सिलसिले में घर से निकला था। उसके बाद से वह उल्फा-स्व में शामिल हो गया। उल्फा-स्व प्रमुख परेश बरुवा ने उसका नाम उदय असम रखा था। पुलिस एवं सुरक्षा बलों का पहाड़ियों में अन्य उग्रवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
Tinsukia
तिनसुकिया (असम। तिनसुकिया जिला के डिगबोई-पेंगेरी को जोड़ने वाले अपर दिहिंग वन क्षेत्र में प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम (उल्फा) स्वाधीन (स्व) और सेना के बीच भारी गोलीबारी हुई है।
गोलीबारी सोमवार सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई। पुलिस अधीक्षक अभिजीत गौरव और ऊपरी असम के डीआईजी जीतमल दलै पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक सेना को सूचना मिली थी कि चरमपंथी संगठन उल्फा (स्व) के पांच सदस्यीय समूह ने अपरी दिहिंग वन क्षेत्र में एक शिविर में डेरा डाले हुए हैं। जिसके बाद सेना ने पुलिस के साथ मिलकर आज तड़के वन क्षेत्र में छापा मारा। चरमपंथियों ने पुलिस और सुरक्षाबलों को देखते ही पर फायरिंग शुरू कर दीआसपास के लोगों ने बताया कि उन्होंने जंगल के अंदर से कई धमाकों की आवाज सुनी है। इस बीच पुलिस ने डिगबोई-पेंगेरी की व्यस्ततम सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। साथ ही पूरे इलाके की नाकाबंदी कर तलाशी अभियान को तेज कर दिया है।