नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली सरकार के बेवपोर्टल के साथ विभिन्न विभागों की 180 वेबसाइट को लांच किया। इस दौरान आईटी मंत्री कैलाश गहलोत और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सबसे पहले आईटी विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नई वेबसाइट की खासियत बताई और पुरानी एवं नई वेबसाइट में अंतर बताया।
अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा वेबसाइट पुरानी टेक्नोलॉजी पर आधारित थी। उसका सर्वर पुरानी तकनीक पर आधारित था। जब भी सरकार किसी स्कीम की घोषणा करती थी तो वेबसाइट पर आचानक ट्रैफिक बढ़ जाता था और वेबसाइट के साथ कई बार सर्वर भी क्रैश हो जाता था। पुरानी तकनीक पर आधारित होने के कारण सर्वर को ठीक करने के लिए कोई वेंडर नहीं मिल पाता था। साथ ही पुरानी वेबसाइट मोबाइल एवं टैब फ्रेंडली नहीं थी। इन वजहों से लोगों को सरकारी सेवाएं और जानकारियां हासिल करने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नई वेबसाइट में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। ये वेबसाइट्स प्रति सेकेंड लाखों की ट्रैफिक आने पर भी क्रैश नहीं होंगी।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आईटी विभाग को बधाई देते हुए कहा कि आज दिल्ली सरकार के 50 विभागों की 180 वेबसाइट लांच की गई हैं। सभी वेबसाइट दिल्ली सरकार के वेब पोर्टल से इंटीग्रेटेड हैं। इससे पहले 2008 में दिल्ली सरकार की वेबसाइट बनाई गई थी, जो पुरानी तकनीक पर आधारित थी और सर्वर भी पुराने तकनीक पर थे। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए अब हम क्लाउड पर चले गए हैं और सर्वर की जरूरत को खत्म कर दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि कोविड के दौरान दिल्ली सरकार ने कुछ स्कीम की घोषणा की थी। उस दौरान एकदम से वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ गया था और सर्वर तक क्रैश कर गया था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब हमारे पास लेटेस्ट तकनीक है और पर्याप्त स्पेस है।
आईटी मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि 2007-8 के बाद अब जाकर सरकार के विभिन्न विभागों की वेबसाइट का पुनर्गठन हो सका है। अभी तक हम जब भी कोई प्रोग्राम लांच करते थे तो ट्रैफिक बढ़ते ही वेबसाइट क्रैश हो जाती थी। सरकार ने कोविड के दौरान पैरा ट्रांजिट ड्राइवरों को पांच हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। उस समय जैसे ही वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ता था, तब वेबसाइट क्रैश हो जाती थी। नई वेबसाइट में इन बातों का ध्यान रखा गया है।
नई वेबसाइट लांचिंग का उद्देश्य
दिल्ली सरकार की मौजूदा वेबसाइट्स को 2008 में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आईबीएम द्वारा एक सामग्री प्रबंधन प्रणाली (सीएमएस) का उपयोग करके लांच किया गया था। इसमें इस्तेमाल की जाने वाली तकनीक पुरानी थी और सर्वर मौजूदा समय में प्रचलन में नहीं है। पुरानी तकनीक के कारण मौजूदा सीएमएस को बनाए रखना चुनौती है। इस वजह से बार-बार आउटेज और ब्रेकडाउन का सामना करना पड़ता है।
नई वेबसाइट्स के बारे में
आईटी विभाग ने नई तकनीक और मानकों का उपयोग कर दिल्ली सरकार की नई वेबसाइटों को डिजाइन, विकसित, होस्ट और संचालित करने के लिए एक एजेंसी को नियुक्त किया है। नई वेबसाइट्स जीआईजीडब्ल्यू (सरकारी वेबसाइटों के लिए दिशानिर्देश) या डब्ल्यूसीएजी (वेब सामग्री अभिगम्यता दिशानिर्देश) के अनुरूप है। वेबसाइट लांच से पहले सभी विभागों को मौजूदा वेबसाइटों की सामग्री से मिलान करने और उपयोगकर्ता स्वीकृति परीक्षण प्रमाणपत्र प्रदान करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के लिए कहा गया था।
नई वेबसाइट को एक्सेस करना बहुत आसान
ये वेबसाइट्स जीआईजीडब्ल्यू या डब्ल्यू3सी और द्विभाषी/बहुभाषी का समर्थन करता है। पेज का लेआइट सुंदर और आकर्षक बनाया गया है। वेबसाइट पर ट्रैफिक, विजिटर और समय का विश्लेषण आदि भी है। किसी भी स्तर पर थर्ड पार्टी एपीआई के साथ एकीकृत करना आसान है। वेबसाइट पर उपयोगकर्ता के जुड़ाव, अवधारण और व्यवहार को ट्रैक करने के लिए डेटा एनालिटिक्स भी उपलब्ध है।
Technology
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार टेक्नोलॉजी के माध्यम से भारत के प्राचीन ग्रन्थों व पांडुलिपियों के ज्ञान को भविष्य के लिए सुरक्षित कर रही है।
शाह ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि उन्होंने आज इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) की ओर से तैयार किए गए ‘वैदिक हेरिटेज पोर्टल’ का लोकार्पण किया है। इस पोर्टल के माध्यम से युवा पीढ़ी वेदों व उपनिषदों के ज्ञान व परंपरा को आगे बढ़ा सकेगी।
शाह ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 64 कलाओं पर आधारित वर्चुअल म्यूजियम ‘कला वैभव’ का भी लोकार्पण किया। इस म्यूजियम के माध्यम से दुनिया भारत की वास्तुकला, चित्र, नाट्य, संगीत आदि समस्त कलाओं से और अधिक परिचित होगी और विश्व को भारत की वैभवशाली संस्कृति का समृद्ध इतिहास जानने में सुविधा होगी।
आज केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने आईजीएनसीए पहुंचकर ‘वैदिक हेरिटेज पोर्टल’ और वर्चुअल म्यूजियम ‘कला वैभव’ का भी लोकार्पण किया। इस दौरान केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी, आईजीएनसीए के अध्यक्ष राम बहादुर राय, कला केंद्र के सदस्य सचिव सच्चिदानंद जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वैदिक हेरिटेज पोर्टल को आईजीएनसीए ने हिंदी और अंग्रेजी भाषा में तैयार किया है। इस पोर्टल के माध्यम से पाठक सरल भाषा में वेदों को समझ सकते हैं। इसमें 18 हजार से अधिक वैदिक मंत्रों के ऑडियो एवं विजुअल उपलब्ध हैं। इस पोर्टल पर वैदिक मंत्रों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया गया है। पोर्टल को तैयार करने में वेदों को जानने वाले लोग, वेद शोध संस्थानों, वेदपाठी परिवारों सहित दुनियाभर के वेद के जानकारों ने सहयोग किया है। कला केंद्र ने वेदों के ज्ञान को सरल भाषा में आम लोगों तक पहुंचाने के लिए इस पोर्टल को तैयार किया है।
अलवर। सरिस्का टाइगर रिजर्व की रेंज अकबरपुर के डाबली-सुकोला वन क्षेत्र में बाघिन एसटी-14 के मूवमेंट क्षेत्र में कैमरा ट्रैप के अवलोकन किये जाने पर दो नवजात शावक दिखाई दिये है। जिनकी आयु लगभग दो माह की है।
मुख्य वन संरक्षक एवम क्षेत्र निदेशक सरिस्का बाघ परियोजना आर एन मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाघिन एसटी- 14 एवं दोनों नवजात शावकों का मूवमेंट सामान्य पाया गया है। बाघिन एसटी-14 एवं उसके दोनों नवजात शावकों की मॉनिटरिंग बढ़ाकर सघन मॉनिटरिंग करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए है।
गत दो वर्षों में ग्राम डाबली के पूर्ण विस्थापन एवं ग्राम सुकोला के लगभग आधा ग्राम विस्थापन के फलस्वरूप इन क्षेत्रों में बाघिन एसटी-14 ने इसी क्षेत्र में अब पुनः दो शावकों को जन्म देकर दिया है। एसटी 14 ने अपनी स्थायी एवं सुरक्षित टैरिट्री इस क्षेत्र को बना रखा है। जिसके परिणामस्वरूप पहले भी तीन शावकों को नवम्बर/दिसम्बर माह 2020 में जन्म दिया था। अब वे तीनों ही शावक पूर्ण रूप से वयस्क होकर सरिस्का टाइगर रिजर्व को आबाद करने की ओर अग्रसर है।
वर्तमान में सरिस्का टाइगर रिजर्व में अब तक कुल बाघों की संख्या 25 थी, जो इन दो नवजात शावकों के आगमन से अब बढ़कर 27 हो गई है। जो सरिस्का टाइगर रिजर्व के प्रबंधन, वन विभाग, राज्य सरकार, वन एवं वन्यजीव प्रेमियों एवं सरिस्का क्षेत्र के आमजन के लिए अत्यधिक हर्ष का विषय है।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पोस्ट बजट वेबिनार में कहा कि सरकार आज तकनीकी मदद से लोगों का भरोसा जीत रही है, जिसके चलते जनता सरकार को रुकावट नहीं बल्कि उत्प्रेरक मान रही है। प्रधानमंत्री आज ”एज ऑफ लिविंग यूजिंग टेक्नोलॉजी” विषय पर पोस्ट बजट वेबिनार को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत अपने नागरिकों को तकनीक के जरिए सशक्त बना रहा है। सरकार के हर बजट में नागरिकों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में तकनीक के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ने कहा कि इस बार के बजट में भी टेक्नोलॉजी के साथ-साथ मानवीय स्पर्श को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पिछड़ों और वंचितों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके परिणाम स्वरूप ही लोगों में अब सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है और वह मानते हैं कि सरकार उनके रास्ते की रुकावट नहीं बल्कि उत्प्रेरक है।
उन्होंने कहा कि एक जमाने में सरकार की प्राथमिकताओं में बहुत ज्यादा विरोधाभास था। समाज का एक वर्ग चाहता था कि उनके जीवन में हर कदम पर सरकार का प्रभाव हो यानी सरकार उनके लिए कुछ न कुछ करे। तब की सरकार के समय इस वर्ग ने अभाव ही महसूस किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने हाल के वर्षों की उन तकनीकी पहलुओं का उल्लेख किया जिनके माध्यम से लोगों के जीवन सुविधाजनक हुआ है। इसमें कोविन ऐप, एक देश एक राशन कार्ड जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी मदद से टैक्स की पूरी प्रक्रिया फेसलेस कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि आज सरकार तकनीकी मदद से लोगों का भरोसा जीत रही है। छोटी-छोटी गलतियों पर सजा देने के प्रावधानों को हटा रही है और छोटे, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए गारंटर की भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री कहा कि सरकार के बीते कुछ वर्षों के प्रयास से अब स्थिति बदलने लगी है। गरीबों के जीवन की ईज ऑफ लिविंग में बड़ा बदलाव आया है।
मुंबई। संगम, हरिद्वार या मेले के बड़े आयोजनों में लोगों की गुमशुदगी की कहानियां बहुत सुनी गई हैं लेकिन मुंबई से सटे मुंब्रा से गायब हुए एक लड़के की अजीबो-गरीब कहानी सामने आई है। उसे ठाणे के कपूरबावड़ी स्थित आधार कार्ड (यूआईडीएआई) की टीम ने अस्पताल की मदद से मां-बाप से मिलवाया है। पहली बार हुआ है, जब आधार कार्ड मददगार साबित हुआ है।
आधुनिक युग में तकनीक के अच्छे-बुरे दोनों पहलू हैं। दोनों के अंजाम आगे-पीछे सामने आते ही हैं। बहरहाल, तकनीक ने अच्छाई ने फिर एक बार नई मिसाल कायम की है। मुंब्रा के सैनिक नगर में रहनेवाले समसुद्दीन शेख का 20 वर्षीय बेटा शारिक एक साल पहले लापता हो गया था। गरीब मां-बाप ने बेटे की हरसंभव तलाश की बेटा नहीं मिला। थक हार-चुके और उम्मीद छोड़ चुके मां-बाप को बीते दिनों फोन आया, क्या आपका बेटा लापता है? यदि है तो पहचान करने आ जाइए। सामने से आवाज थी, ठाणे के कापूरवाड़ी आधार कार्ड केंद्र के प्रभारी कैप्टन चंद्रदेव यादव की। कैप्टन यादव की निशानदेही पर अस्पताल पहुंचा पिता जैसे ही बेटा से मिला, दोनों गले मिलकर फफफ कर रोने लगे। वहां मौजूद लोगों की भी आंखें भर आईं।
फिलहाल तकनीक ने मां-बाप और बेटे को मिलाकर उनके चेहरों पर खुशियां ला दी हैं लेकिन यह मामला इतना भी आसान नहीं था, क्योंकि मामला मेंटल हॉस्पिटल से जुड़ा हुआ था। किसी भी पल मनोरोगी के हमले की आशंका के बीच अनुमति प्राप्त करना बेहद कठिन कार्य था। जवाबदेही लेना बड़ा मसला था।आखिरकार नौसेना के रिटायर्ड अधिकारी कैप्टन यादव की नेतृत्व वाली टीम वरिष्ठों को भरोसे में लेकर सभी नियमों को पूर कर यह काम करने में सफल रही। इतना ही नहीं अभी कुछ और गुमशुदा मरीज हैं, उनके परिवार वालों की तलाश में टीम जुटी हुई है। चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आधार कार्ड से मिले पते और फोन नंबर में कुछ नंबर लग नहीं रहे हैं और जिनसे संपर्क हुआ उन्होंने अपनों को पहचानने से इंकार कर दिया है।
समसुद्दीन शेख अनुसार बेटे को बहुत ढूंढा लेकिन उसका पता नहीं चला। उनका बेटा शारिक थोड़ा मतिमंद है लेकिन घर में हर काम में हाथ बंटाता था। मिलने के बाद शारिक ने बताया कि भटकते-भटकते नासिक जा पहुंचा, इसके बाद पता नहीं कैसे ठाणे मेंटल हॉस्पिटल पहुंचा। बेटे की उम्मीद छोड़ चुकी मां जिसका रोज रो-रोकर बुरा हाल था, वह भी अब खुश है। घर पहुंचते ही शारिक ने आस-पास के लोगों को भी पहचान लिया है। वह भी खुश है। इसके लिए हम आधार कार्ड टीम और अस्पताल प्रबंधन का आभार मानते हैं।
अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. नेताजी मुलिक के अनुसार इस तरह का मामला मनोरोग चिकित्सालय के इतिहास में पहली बार हुआ है, जिसमें आधारकार्ड विभाग द्वारा अज्ञात मरीज व परिजन से मुलाकात कराई गई है। अस्पताल ने सारी प्रक्रिया पूरी कर शारिक को उसके परिजनों को सौंप दिया है। शारिक को तीन महीने पहले कोर्ट के आदेश पर नवी मुंबई पुलिस द्वारा अस्पताल को सौंपा गया था।
आधार केंद्र के प्रभारी कैप्टन यादव बताते हैं कि क्षेत्रीय विभाग प्रमुख निदेशक ले. कर्नल मुलिक व वरिष्ठ अधिकारियों से इस काम में भरपूर सहयोग मिला। कुल 282 आधार कार्ड अप्लाई हुए जिसमें से 171 बन गए हैं, शेष प्रोसेस में हैं। शारिक के परिजनों को ढूंढने में हमारी टीम सफल रही। कुछ और गुमशुदा मरीज हैं, जिनके परिवार वालों का पता लगाने का प्रयास हमारी टीम कर रही है।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को 108वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस का वर्चुअली उद्घाटन किया। इसी के साथ राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में भारतीय विज्ञान कांग्रेस का आगाज हो गया। प्रधानमंत्री ने मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्षों में भारत जिस ऊंचाई पर होगा, उसमें भारत की वैज्ञानिक शक्ति की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होगी। विज्ञान में जोश के साथ जब देश की सेवा का संकल्प जुड़ जाता है तो नतीजे भी अभूतपूर्व आते हैं।
मोदी ने कहा कि आज भारत स्टार्टअप में शीर्ष तीन देशों में शामिल है। 2015 तक हम 130 देशों के ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में 81वें स्थान पर थे। 2022 में हम 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं। विश्वास है कि देश का वैज्ञानिक समुदाय 21वीं सदी में वो मुकाम हासिल करेगा, जिसका वो हमेशा हकदार रहा है।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के आज के भारत में हमारे पास दो चीजे हैं। पहली डेटा और दूसरी तकनीक। इन दोनों में भारत के विज्ञान को नई बुलंदियों में पहुंचाने की ताकत है। डेटा विश्लेषण की फील्ड तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है। आज का भारत जिस साइंटिफिक अप्रोच के साथ आगे बढ़ रहा है, हम उसके नतीजे भी देख रहे हैं। साइंस के क्षेत्र में भारत तेजी से विश्व के टॉप देशों में शामिल हो रहा है।
इस वर्ष के भारतीय विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण के साथ सतत विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी है। इस आयोजन के दौरान सतत विकास, महिला सशक्तिकरण और इसे प्राप्त करने में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की भूमिका के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान प्रसिद्ध महिला वैज्ञानिकों के व्याख्यान भी होंगे।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को वीडियो संदेश के माध्यम से बेंगलुरु प्रौद्योगिकी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब लालफीताशाही के लिए नहीं बल्कि निवेशकों के पसंदीदा स्थल के रूप में जाना जाता।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के नवोन्मेषी युवाओं ने तकनीक और प्रतिभा के वैश्वीकरण को सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि भारत में, प्रौद्योगिकी-समानता और सशक्तिकरण की एक शक्ति है। उन्होंने बेंगलुरु को प्रौद्योगिकी और विचारशक्ति नेतृत्व का मूल केन्द्र , एक समावेशी और अभिनव शहर की संज्ञा दी। मोदी ने कहा कि कई वर्षों से बेंगलुरु भारत के अभिनव सूचकांक में सर्वोपरि रहा है। भारत की तकनीक और नवप्रवर्तन ने पहले ही दुनिया को प्रभावित किया है। हालांकि, प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत के नवोन्मेषी युवाओं और बढ़ती तकनीकी पहुंच के कारण भविष्य, वर्तमान से बहुत व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं ने तकनीकी और प्रतिभा वैश्वीकरण को सुनिश्चित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम अपनी प्रतिभा का उपयोग वैश्विक कल्याण के लिए कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘वैश्विक नवोन्मेष सूचकांक’ में भारत इस वर्ष 2015 के 81वें स्थान से 40वें स्थान पर पहुंच गया है। 2021 के बाद से भारत में यूनिकॉर्न स्टार्ट-अप की संख्या दोगुनी हो गई है, क्योंकि भारत 81000 मान्यता प्राप्त स्टार्ट-अप के साथ तीसरे सबसे बड़े स्टार्ट-अप के रूप में उभरा है। भारतीय प्रतिभा समूह ने सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को भारत में अपने अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया है।
भारतीय युवाओं के लिए बढ़ती तकनीकी पहुंच पर विस्तार से जानकारी देते हुए, प्रधानमंत्री ने देश में हो रही मोबाइल और डेटा क्रांति के बारे में चर्चा की। पिछले 8 वर्षों में, ब्रॉडबैंड कनेक्शन 60 मिलियन से बढ़कर 810 मिलियन हो गए हैं। स्मार्टफोन उपयोगकर्ता 150 मिलियन से 750 मिलियन हो गए हैं। शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट का विकास तेजी से हुआ है। मोदी ने कहा कि सूचना सुपर-हाईवे के माध्य म से एक नई आबादी को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने भारत में प्रौद्योगिकी के लोकतंत्रीकरण पर भी चर्चा की। भारत ने यह भी संभव कर दिखाया है कि तकनीक को मानवीय स्पर्श कैसे दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत में, प्रौद्योगिकी- समानता और सशक्तिकरण की एक शक्ति है। उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत, जो लगभग 200 मिलियन परिवारों यानी 600 मिलियन लोगों को एक सुरक्षा कवर प्रदान करती है और प्रौद्योगिकी प्ले0टफॉर्म पर संचालित दुनिया के सबसे बड़े कोविड टीकाकरण अभियान का उदाहरण दिया। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में खुले पाठ्यक्रमों के सबसे बड़े ऑनलाइन संग्रह, जहां 10 मिलियन से अधिक सफल ऑनलाइन और नि:शुल्कक प्रमाणन हुए हैं, जैसे उदाहरणों को भी उल्लेख किया। सबसे कम डेटा शुल्कर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे गरीब छात्रों को महामारी के दौरान ऑनलाइन कक्षाओं में भाग लेने में मदद मिली।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत गरीबी के खिलाफ जंग में प्रौद्योगिकी को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने गरीबों के अनुकूल उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए स्वामित्व योजना और जन-धन आधार मोबाइल (जेएएम) ट्रिनिटी के लिए ड्रोन के उपयोग का उदाहरण दिया। स्वामित्व योजना से संपत्ति के रिकॉर्ड में प्रामाणिकता आई है और गरीबों को ऋण की सुविधा मिली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जेएएम ने प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण को सुनिश्चित करते हुए कई कल्याणकारी योजनाओं का आधार बनने में भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने ‘सरकार द्वारा संचालित सफल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म’ – जीईएम का भी उल्लेख किया। मोदी ने जीईएम द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रौद्योगिकी ने छोटे व्यवसायों को एक बड़ा ग्राहक खोजने में मदद की है। साथ ही इससे भ्रष्टाचार की गुंजाइश भी कम हुई है। इसी तरह, इस तकनीक ने ऑनलाइन निविदा में मदद की है। इससे परियोजनाओं में तेजी आई है और पारदर्शिता बढ़ी है। इसने पिछले वर्ष एक ट्रिलियन रुपये के खरीद मूल्य के आंकड़े तक पहुंच बनाई है।
प्रधानमंत्री ने एकाधिकार को हटाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नवाचार महत्वपूर्ण है, लेकिन जब यह एकीकरण से समर्थित होता है, तो यह एक शक्ति बन जाता है। एकाधिकार को समाप्त करने के लिए तालमेल को सक्षम बनाने और सेवा सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जा रहा है। एक साझा मंच पर, एकाधिकार नहीं होते हैं। पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टरप्लान का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अगले कुछ वर्षों में बुनियादी ढांचे में 100 ट्रिलियन रुपये से अधिक का निवेश कर रहा है। गति शक्ति साझा मंच के साथ, परियोजनाओं, भूमि उपयोग और संस्थानों से संबंधित जानकारी के एक ही स्थान पर उपलब्ध होने के मामले में केंद्र सरकार, राज्य सरकारें, जिला प्रशासन और विभिन्न विभाग समन्वय कर सकते हैं। इसलिए इसके माध्यम से प्रत्येक हितधारक को समान डेटा उपलब्ध होता है। यह समन्वय में सुधार करता है और समस्याओं के उभरने से पहले ही उनका समाधान कर देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अनुमोदन और स्वीकृति में भी तेजी ला रहा है।
प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि भारत अब लालफीताशाही के लिए जानी जाने वाली जगह नहीं बल्कि यह निवेशकों के लिए पसंदीदा स्थहल बन चुका है। उन्होंने कहा कि चाहे एफडीआई सुधार हो या ड्रोन नियमों का उदारीकरण, सेमी-कंडक्टर क्षेत्र में उठाए गए कदम हों अथवा विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादन प्रोत्साहन योजनाएं, या फिर कारोबार में आसानी, भारत में कई उत्कृष्ट कारक एक साथ काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने एक अपील के साथ अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि आपका निवेश और हमारा नवाचार कमाल कर सकता है। आपका भरोसा और हमारी तकनीकी प्रतिभाओं को सामने ला सकती है। प्रधानमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित सभी गणमान्य व्याक्तियों को सरकार के साथ काम करने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि हम दुनिया की समस्याओं को हल करने में अग्रणी हैं।