इस्लामाबाद (पाकिस्तान)। आत्मघाती हमलावर ने पेशावर की एक मस्जिद में जोरदार धमाका कर खुद को उड़ा लिया। धमाके में अबतक 25 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है। सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक पेशावर में पुलिस लाइंस इलाके की एक मस्जिद में नमाज के ठीक बाद दोपहर 1.40 बजे एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा कर धमाका कर दिया। धमाके की आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
पेशावर पुलिस लाइन्स में मौजूद लोगों के मुताबिक विस्फोट के बाद आसमान में धूल और धुएं का गुबार छा गया। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक आत्मघाती हमलावर मस्जिद में नमाज के दौरान सबसे आगे की लाइन में था। नमाज पढ़ने के बाद उसने स्वयं को उड़ा लिया। घटना के बाद भारी संख्या में शव पड़े दिखे।
मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक 25 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। सौ से अधिक घायलों को पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 13 की हालत अत्यधिक गंभीर बताई गयी है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इलाके को सील कर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
घटना को लेकर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का बयान आया है। उन्होंने घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ खुफिया तंत्र को मजबूत करने और पुलिस फोर्स को और उपकरण मुहैया कराने की मांग की।
sucidal bomb blast
इस्लामाबाद (पाकिस्तान)। आतंकवादी हमले से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद जुमे के दिन दहल उठी । शुक्रवार को इस्लामाबाद में चेकिंग के लिए रोके जाने पर कार सवार ने आत्मघाती बम विस्फोट कर कार को उड़ा दिया। धमाके में एक पुलिसकर्मी सहित तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और छह लोग घायल हैं। घटना में मृतकों की तादाद और भी बढ़ने की आशंका है। आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है।
पाकिस्तान में लगातार आतंकी घटनाएं हो रही हैं। अब आतंकवाद ने राजधानी इस्लामाबाद में भी दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह इस्लामाबाद के सेक्टर आई-10 में एक कार के संदिग्ध हालात में घूमने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने उक्त संदिग्ध कार को रोका तो पुलिसकर्मियों के तलाशी शुरू करने पर आत्मघाती हमलावर ने स्वयं को कार सहित उड़ा लिया। जोरदार धमाके से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी। आत्मघाती हमलावर सहित कार में मौजूद दो लोगों के अलावा एक पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गयी। हमले में चार पुलिसकर्मी और दो सामान्य नागरिक घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जब पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो एक लंबे वालों वाला लड़का अचानक कार में घुसा और कार के भीतर कोई बटन दबा कर उसे उड़ा दिया। कार में उस लड़के के साथ एक महिला भी मौजूद थी। उन दोनों के साथ कार की तलाशी ले रहे एक पुलिसकर्मी की भी मौत हो गयी।
बताया गया कि कार में अचानक हुए धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत मच गयी। लोग इधर-उधर भागने लगे। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी पुलिस व अन्य गाड़ियों के शीशे तक टूट गए। जिस जगह विस्फोट हुआ, वहां क्षेत्र के चर्चित चिकित्सक का क्लीनिक था। इसलिए पुलिसकर्मियों के अलावा भारी संख्या में मरीज व उनके तीमारदार भी वहां मौजूद थे। कार में कुल कितने लोग सवार थे, यह अभी नहीं पता चला है। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है। इस्लामाबाद पुलिस ने एक विज्ञप्ति ट्वीट कर आत्मघाती हमलावर द्वारा धमाका किये जाने की बात कही है।
इस बीच आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। बीते दिनों पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में आतंकवाद विरोधी केंद्र पर कब्जा किये जाने पर पाकिस्तानी सेना ने टीटीपी के 33 आतंकियों को मार गिराया था। इस्लामाबाद में हुए विस्फोट को इसी घटनाक्रम के बदले के रूप में देखा जा रहा है। इस्लामाबाद पुलिस ने भी कहा है कि आतंकी कुछ बड़ा करने के फिराक में थे।
मोगादिशु (सोमालिया) । सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के दक्षिणी हिस्से में शनिवार शाम आत्मघाती हमलावर ने मिलिट्री ट्रेनिंग फैसिलिटी को निशाना बनाया। शक्तिशाली बम विस्फोट की गूंज के बाद मोर्टार से हमले किए गए। विस्फोट और हमले में बड़ी संख्या में सैनिकों के हताहत होने की आशंका है।
सुरक्षा अधिकारियों ने अपनी पहचान न उजागर करने की शर्त पर एक मीडिया समूह को बताया कि हमला जनरल धागाबादन सैन्य शिविर के पास हुआ। इसमें सेना में भर्ती कई जवानों की मौत हो गई है। उधर, आतंकी संगठन अल-शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
अल-शबाब ने दावा किया है कि उसके आत्मघाती हमलावर ने 100 सैनिकों को मार डाला है। दूसरी ओर स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस हमले में लगभग 15 लोगों की मौत हुई है। सैन्य अधिकारी अदन यारे के मुताबिक हमले में नागरिक और सेना में भर्ती जवान हताहत हुए हैं। सोमालिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी सोना ने कहा कि विस्फोट सेंटर के एंट्री गेट पर हुआ।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले सोमाली नेशनल आर्मी और स्थानीय कबीले मिलिशिया ने मध्य शबेले क्षेत्र के अदन-यबाल शहर के बाहरी इलाके में हुए ऑपरेशन में कम से कम 100 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया था।