अयोध्या: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ रहा है। बुधवार को क़रीब दो लाख श्रधालुओं ने राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। भक्तों की भीड़ को देखते हुए रामलला के दर्शन का समय बढा़ दिया है। अब रामलला के दर्शन सुबह छह से रात दस बजे तक होंगे। प्रशासन ने कहा है कि श्रीरामलला मंदिर मे दूसरे दिन भी दर्शन के लिए आए भक्तों की संख्या काफी ज्यादा धी। यूपी के सीएम योगी के ग्राउंड ज़ीरो पर उतरकर, क्राउड मैनेजमेंट के बाद दूसरे दिन कहीं कोई अव्यवस्था नहीं दिखी।
रामलला के दर्शनार्थियों को सुगम दर्शन करवाने मे प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दूसरे दिन भी लगभग 2 लाख भक्तजनों ने रामलला के दर्शन किए। डीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अग्रिम निर्देशों तक फिलहाल रामलला के दर्शन रात 10 बजे तक करवाए जा रहे हैं।
बता दें कि मंगलवार को आधिकारिक तौर पर राम मंदिर खुलने के पहले दिन रामलला के दर्शन का रिकॉर्ड बन गया था। भारी संख्या में लोगों ने दर्शन किए थे। कहा गया था कि मंगलवार को पांच लाख रामभक्तों ने मंदिर खुलने के पहले ही दिन रामलला दर्शन किए। इस दौरान कुछ कुव्यवस्था की भी खबर सामने आई।
ऐसी खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ही लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए पूरी स्थिति का जायजा लिया और फिर पुलिस और प्रशासन को दिशा निर्देश जारी किए गए। योगी सरकार की ओर से कहा गया है कि अति विशिष्ट मेहमान अभी 10 दिनों तक अयोध्या ना आएं और अगर आएं तो प्रशासन या श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट को पहले ही बता कर ही आएं।
shriram janmbhoomi mandir
अयोध्या । श्रीराम लला विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक कुशल मेजबान के तौर पर नजर आए। उन्होंने मेहमानों का स्वागत किया और मंदिर में सभी तैयारियों को भी परखा। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए निगरानी के अलावा वो अफसरों को निर्देश देते भी नजर आए। उनके निर्देश के अनुसार अफसरों ने भी पूरी सक्रियता बरतते हुए मेहमानों का पूरा ख्याल रखा। इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के साथ ही सभी मेहमान योगी सरकार की मेहमाननवाजी से भी खुश नजर आए।
तैयारियों का भी लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी मंदिर परिसर में सुबह ही पहुंच गए और उन्होंने वहां मेहमानों का स्वागत किया। बतौर मेजबान योगी ने राजनीति, कला, खेल, साहित्य, फिल्म जगत, उद्योग एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथियों का ससम्मान सत्कार किया। आए हुए मेहमानों से मिले। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े रहे इंजीनियर्स और श्रमिकों व उनके परिजनों से भी भेंट कर उनका सत्कार किया। इसके साथ ही उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा के लिए की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया। मेहमानों के बैठने के स्थल से लेकर गर्भ गृह में अनुष्ठान एवं अन्य कार्यक्रमों की पूरी जानकारी ली। पीएम मोदी के मंदिर परिसर में पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उन्हें रामनामी पटका पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
सुबह 8 बजे से ही पहुंचने लगे थे मेहमान
इससे पहले सुबह 8 बजे से ही मेहमानों का मंदिर परिसर में आगमन शुरू हो गया। सभी मेहमानों को जन्मभूमि पथ होते हुए मंदिर परिसर में प्रवेश दिलाया गया। उन्हें रामनामी पटका पहनाया गया। इसके बाद निर्धारित स्थान पर बैठाया गया। मेहमानों में सांसद हेमामालिनी, रजनीकांत, कंगना रनौत, चिरंजीवी, उनके पुत्र रामचरन, सचिन तेंदुलकर, अमिताभ बच्चन, साइना नेहवाल, कट्रीना कैफ, विक्की कौशल, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, जैकी श्राफ, देवकीनंदन ठाकुर,रणदीप हुड्डा समेत अलग-अलग क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथि ऐतिहासिक कार्यक्रम स्थल में पहुंचे। इस बीच, सोनू निगम, अनुराधा पौडवाल और शंकर महादेवन ने अपनी प्रस्तुति भी दी।
अयोध्या। भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर अयोध्या में तैयार हो रहा है। 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस बीच मिली जानकारी के अनुसार राम मंदिर के गर्भगृह में भगवान राम की मूर्ति को रख दिया गया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर केरल स्नेहम आश्रम के पुजारी सुनील दास ने कहा, ‘पूरी दुनिया में विशेष निमंत्रण भेजा जाता है। पूरा ब्रह्मांड यही है। सर्व देवता (सभी देवता) यहीं हैं। सर्व देवता स्वरूपम श्री राम यहां हैं। भावना यह है कि अयोध्या ने सार्वभौमिक शांति और प्रेम फैलाया है। यह प्रेम का अवतार है। भावना विश्व शांति और व्यक्तिगत शांति की है।’
रामलला को कराया गया भ्रमण
इससे पूर्व रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर अनुष्ठान किए जा चुके हैं। बीते कल रामलला की प्रतीकात्मक मूर्ति, जो चांदी से बनी है, उसे पालकी में बिठाकर मंदिर की परिक्रमा कराई गई। रामलला की जिस मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। उसे बुधवार की रात अयोध्या लाया गया। बता दें कि गर्भगृह में भगवान राम की मूर्ति को रखा गया है। यह मूर्ति बड़ी है और भारी भी है। इसलिए उस मूर्ति को पालकी में बिठाकर भ्रमण करा पाना संभव नहीं था। इसलिए चांदी से बनी रामलला की प्रतीकात्मक मूर्ति को मंदिर का भ्रमण कराया गया।
22 जनवरी तक क्या रहेगा कार्यक्रम
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने बताया कि 19 जनवरी की औषधाधिवास, केसराधिवास, घृताधिवास, धान्याधिवास का आयोजन किया जाएगा। 20 जनवरी को शर्कराधिवास, फलाधिवास, पुष्पाधिवास का आयोजन किया जाएगा। 21 जनवरी को मध्याधिवास और शय्याधिवास का आयोजन किया जाएगा। इस ट्वीट में तीर्थ क्षेत्र ने बताया कि 22 जनवरी 2024 को भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा योग का शुभ मुहूर्त, पौष शुक्ल कूर्म द्वादशी, विक्रम संवत 2080 को आ रहा है। तीर्थ क्षेत्र ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी शास्त्रीय परंपराओं का पालन करते हुए, प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम अभिजीत मुहूर्त में संपन्न किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व शुभ संस्कारों का प्रारंभ कल अर्थात 16 जनवरी 2024 से 21 जनवरी 2024 तक चलेगा।
नई दिल्ली । अयोध्या धाम में 22 जनवरी को आयोजित श्रीराम मंदिर के प्रतिष्ठापना समारोह के सुचारू और सफल संचालन के लिए अत्यधिक सावधानी के साथ व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निर्धारित अनुष्ठानों के अनुसार ‘प्राण प्रतिष्ठा’ करेंगे। 8,000 से अधिक अतिथि उस दिन मंदिर में आएंगे। इसके बाद 23 जनवरी से लाखों भक्त आएंगे।
सीधा प्रसारण: श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठापना समारोह के सीधे प्रसारण के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। दूरदर्शन पूरे कार्यक्रम का डीडी न्यूज और डीडी नेशनल चैनलों पर 4के गुणवत्ता में सीधा प्रसारण करेगा। 23 जनवरी को दूरदर्शन आरती और जनता के लिए श्रीराम मंदिर खुलने का भी सीधा प्रसारण करेगा।
दूरदर्शन 22 जनवरी को एएनआई और पीटीआई के साथ अयोध्या में कार्यक्रम की क्लीन फीड साझा करेगा। अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रसारकों के लिए क्लीन फीड की कुंजी के साथ एक यू-ट्यूब लिंक तैयार किया जा रहा है। यह लिंक संबंधित प्रसारकों के अनुरोध पर उनके साथ साझा किया जाएगा। यू-ट्यूब लिंक प्राप्त करने के लिए, घरेलू प्रसारक पत्र सूचना कार्यालय के पास अपना अनुरोध भेज सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय टीवी चैनलों को अपना अनुरोध सीधे प्रसार भारती से करना होगा। यदि क्लीन फीड की आवश्यकता नहीं है, तो चैनलों के पास डीडी न्यूज से पैचिंग का भी विकल्प होगा। पीआईबी अंग्रेजी, हिंदी और राज्य की भारतीय भाषाओं में कार्यक्रम की तस्वीरें और प्रेस विज्ञप्ति जारी करेगा।
अयोध्या मीडिया सेंटर: सरकारी स्तर पर अयोध्याधाम के राम कथा संग्रहालय में सीमित क्षमता के साथ एक मीडिया सेंटर स्थापित किया जा रहा है। वहां प्रसारण देखने की सुविधा के लिए बड़े एलईडी टीवी लगाए जाएंगे। मीडियाकर्मियों को अपनी स्टोरी भेजने के लिए मीडिया सेंटर में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
मीडिया पास के लिए पोर्टल: अयोध्याधाम से इस कार्यक्रम को कवर करने के इच्छुक मीडिया संगठन पीआईबी के केन्द्रीकृत पोर्टल के माध्यम से 17 जनवरी शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके आधार पर राज्य प्रशासन के माध्यम से सुरक्षा पास जारी किए जाएंगे।
लखनऊ । अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर निर्माणाधीन राम मंदिर के भीतर नक्काशी का कार्य तेजी से चल रहा है। राम मंदिर के प्रथम तल पर लगने वाले सभी स्तम्भ तैयार हो चुके हैं। उड़ीसा के कारीगर स्तम्भों पर देवी देवताओं की मूर्तियां व कलाकृतियां बनाने में लगे हैं। यह जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डाॅ. अनिल मिश्रा ने दी।
डाॅ. अनिल मिश्रा ने बताया कि 350 फिट लंबाई ओर 245 फिट चौड़ाई में तीन मंजिला राम मंदिर बनेगा। मंदिर में पांच गुम्बद बनेंगे। राम मंदिर के 350 खम्भों पर 6050 कलाकृतियां उकेरी जाएंगी। राम मंदिर में राजस्थान के पिंक सैन्ड स्टोन पत्थर का उपयोग किया गया है। इस पत्थर में कलाकृतियां अच्छी बनती हैं। इस पत्थर की न्यूनतम आयु एक हजार वर्ष आंकी गयी है।
डाॅ. अनिल मिश्रा ने बताया कि राम मंदिर के चारों तरफ एक परकोटा बनेगा। परकोटा 14 फिट चौड़ा और 778 मीटर लम्बा होगा जिसमें श्रद्धालु परिक्रमा कर सकेंगे। परकोटे में भगवान सूर्य, गणेश जी, भगवान शंकर, हनुमान जी व मां अन्नपूर्णा का मंदिर बनेगा। वहीं परकोटे से बाहर राम जन्म से जुड़े ऋषियों के मंदिर बनेंगे। ट्रस्ट के अनुसार परकोटे से बाहर गुरु वशिष्ठ, महर्षि वाल्मीकि, गुरु विश्वामित्र, अगस्त मुनि, अहिल्या व माता शबरी के मंदिर होंगे।
राम मंदिर में पूर्व दिशा से प्रवेश का मार्ग रहेगा। गर्भगृह में विराजमान रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 32 सीढ़ियां चढ़नी पड़ेंगी। दिव्यांगों को दर्शन में सुविधा के लिए रैम्प बनेंगे। इसके अलावा तीन प्रकार की लिफ्ट भी मंदिर में लगेगी।
राम जन्म के समय रामलला पर पड़ेंगी भगवान सूर्य की किरणें
चैत्र रामनवमी के शुभ अवसर पर राम जन्म के समय गर्भगृह में विराजमान रामलला पर भगवान सूर्य की किरणें सीधी पड़ेंगी। रामजन्म के समय गर्भगृह में पड़ती सूर्य की किरणों को वहां उपस्थित श्रद्धालु देख सकेंगे। राम जनम के समय देश दुनिया में इसका प्रसारण किया जाएगा।