ढाका । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने एक उपलब्धि अपने नाम की है। रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 500 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय और क्रिस गेल के बाद विश्व के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने बुधवार को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।
इस मैच में अंगूठे की चोट के बाद नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रोहित ने 28 गेंदों में तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन की पारी खेली। उन्होंने 182.14 की स्ट्राइक रेट से गेंद को हिट किया। हालांकि उनकी यह पारी काम नहीं औई और मैच में भारत को पांच रनों से हार का सामना करना पड़ा।
इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित के छक्कों की संख्या 502 हो गई है। वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक 553 छक्के लगाए हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी (476 छक्के), चौथे नंबर पर न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम (398 छक्के) और पांचवें नंबर पर न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल (383 छक्के) हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच की बात करें तो इस मैच में बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 2-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है। मैच भले ही बांग्लादेश ने जीता हो, लेकिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बाएं हाथ का अंगूठा चोटिल होने के बावजूद 28 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की पारी खेल भारतीय प्रशंसकों का दिल जीत लिया।
इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेंहदी हसन मिराज के नाबाद शतक और महमुदुल्लाह के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट पर 271 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 266 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने तीन मैचों की एकदिनी श्रृंखला में 2-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है।
RECORD SIXES
रुतुराज गायकवाड़ ने इतिहास रचा , एक ओवर में सात छक्के लगाए, क्रिकेट इतिहास के पहले बल्लेबाज बने
अहमदाबाद। भारतीय बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने सोमवार को एक अविश्वसनीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खलने वाले आक्रामक बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ क्रिकेट इतिहास में एक ओवर में सात छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम बी ग्राउंड में उत्तर प्रदेश के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी 2022 क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान गायकवाड़ ने महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए यह अविश्वसनीय रिकॉर्ड बनाया।
मैच के 49वें ओवर में गायकवाड़ ने शिवा सिंह की गेंद परर 6,6,6 नो बॉल, 6,6,6,6 रन बनाए। इस ओवर में कुल 43 रन बने। गायकवाड़ ने 159 गेंदों में 10 चौकों और 16 छक्कों की मदद से नाबाद 220 रन बनाए।
एक ओवर में 43 रन आधिकारिक तौर पर क्रिकेट में एक ओवर में बनाए गए सबसे अधिक रन हैं। 2018-19 में न्यूजीलैंड की घरेलू फोर्ड ट्रॉफी प्रतियोगिता में, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के गेंदबाज विलेम लुडिक के एक ओवर में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के बल्लेबाजों ने भी 43 रन बनाए थे। लुडिक ने अपने एक ओवर में 4, 6 (नो बॉल), 6 (नो बॉल), 6,1,6,6,6 रन दिए थे।
मैच की बात करें तो इस मैच में महाराष्ट्र ने अपने 50 ओवरों में 5 विकेट पर 330 रन बनाए।
गायकवाड़ के अलावा, अंकित बावने (37) और अजीम काजी (37) ने भी कुछ महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। यूपी की तरफ से कार्तिक त्यागी ने 66 रन देकर 3 विकेट लिए। जवाब में समाचार लिखे जाने तक यूपी ने 17 ओवर में 2 विकेट पर 93 रन बना लिए हैं।
गुवाहाटी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टी 20 मैच के दौरान रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान व खिलाड़ी कई रिकॉर्ड अपने नाम किये।
टी20 सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को हराने वाले पहले भारतीय कप्तान बने
यह मैच भारत ने 16 रन से जीता। इसी के साथ रोहित घर में टी20 सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को हराने वाले पहले भारतीय कप्तान बने। वर्ष 2015 में, भारत एमएस धोनी की कप्तानी में घर पर टी20 श्रृंखला 2-0 से हार गया। इसके बाद 2019 में विराट कोहली के नेतृत्व में पहला मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद श्रृंखला 1-1 से ड्रा हुआ। 2022 के अंत में भारत ने ऋषभ पंत की कप्तानी में प्रोटियाज के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 घरेलू श्रृंखला 2-2 से ड्रॉ रही, क्योंकि अंतिम मैच बारिश के कारण धुल गया था। लेकिन अब भारत के पास मौजूदा तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है।
लगातार 10 द्विपक्षीय श्रृंखला जीतने वाले भारतीय कप्तान बने रोहित
रोहित अब लगातार 10 द्विपक्षीय श्रृंखला जीतने वाले भारतीय कप्तान भी बन गए हैं। भारत के पूर्णकालिक कप्तान के रूप में उनकी यात्रा नवंबर 2019 में टी-20 में न्यूजीलैंड पर 3-0 से जीत के साथ शुरू हुई। इसके बाद इस साल फरवरी में उनके नेतृत्व में भारत ने एकदिनी और टी 20 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की।
रोहित ने इस साल फरवरी-मार्च में श्रीलंका के खिलाफ 3-0 (टी20) और 2-0 (टेस्ट) जीतकर अपना विजयी अभियान जारी रखा। भारतीय कप्तान के रूप में उनकी सबसे बड़ी जीत इंग्लैंड में हुई, जहां उन्होंने जुलाई में मेजबान टीम को 2-1 (टी20 और एकदिवसीय) से हरा दिया। इस साल जुलाई-अगस्त में, भारतीय कप्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में 3-1 से जीत के साथ विजयी लय बरकरार रखा। हाल ही में सितंबर में रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज 2-1 से जीती थी।
400 टी-20 खेलने वाले पहले भारतीय बने रोहित
भारतीय कप्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी-20 में अपना 400वां मैच खेला और यह उपलब्धि हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय बन गए। उन्होंने सितंबर 2007 में प्रारूप में अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया और तब से खुद को टीम इंडिया और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के लाइन-अप के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में स्थापित किया है। उनकी कप्तानी में मुंबई ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है।
अब 400 टी20 मैचों में रोहित ने 31.32 की औसत से 10,587 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से प्रारूप में छह शतक और 71 अर्धशतक आए हैं, जिसमें सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 118 है।
एक कैलेंडर वर्ष में 500 टी-20 रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान
रोहित ने अपने 400वें टी20 मैच में 37 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। इस पारी के साथ ही रोहित एक कैलेंडर वर्ष में 500 टी-20 रन बनाने वाले इतिहास में पहले भारतीय कप्तान भी हैं।
2022 में, रोहित ने 22 मैचों में 27.00 के औसत और 143 के स्ट्राइक रेट से 540 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 72 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ दो अर्धशतक निकले हैं।
तिरुवनंतपुरम । भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने वर्ष 2022 में खेल के सबसे छोटे प्रारूप में एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। सूर्या अब एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि केरल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला के पहले मैच में हासिल की।
उन्होंने मैच में सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 50 रनों की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने एक ऐसी पिच पर ये रन बनाए, जहां गेंद काफी स्विंग कर रही थी और रन बनाना मुश्किल था। ऐसी पिच पर सूर्या ने 151.52 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। अपनी पारी में लगाए तीन छक्कों की बदौलत 2022 में उनके नाम अब 45 छक्के हो गए हैं। इसके साथ ही वह पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान से आगे निकल गए हैं, जिन्होंने 2021 में 42 छक्के लगाए थे। न्यूजीलैंड के दिग्गज मार्टिन गप्टिल 2021 में 41 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि रिजवान ने अपने 42 छक्के लगाने के लिए 26 पारियां लीं, लेकिन सूर्यकुमार ने सिर्फ 21 पारियों में ऐसा किया।
सूर्यकुमार यादव ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ की छक्कों की बारिश, एशिया कप में भारत के लिए रचा इतिहास
नई दिल्ली। टीम इंडिया के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के बल्ले ने जमकर आग उगली। सूर्यकुमार यादव ने एक ही ओवर में चार छक्के भी जड़े। उन्हीं की तूफानी पारी के दम पर टीम इंडिया ने विशाल स्कोर बनाया, जिसकी वजह से टीम को जीत मिली और टीम इंडिया एशिया कप 2022 के सुपर 4 में पहुंच गई। इसी दौरान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सूर्यकुमार यादव टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में भारत के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा वे संयुक्त रूप से इस मामले में पहले पहले स्थान पर भी हैं, क्योंकि उनसे पहले अफगानिस्तान के नजीबुल्लाह जादरान ने बांग्लादेश के खिलाफ 6 छक्के जड़े थे। इस तरह सूर्यकुमार यादव उनके साथ इस रिकॉर्ड को साझा किए हुए हैं।
सूर्यकुमार यादव ने बुधवार को टी 20 एशिया कप मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाज के तौर पर एक पारी में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। सूर्यकुमार ने बुधवार को हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 6 चौके और छह छक्के लगाए। पुरुषों के टी 20 एशिया कप मैच में किसी अन्य भारतीय बल्लेबाज ने तीन से अधिक छक्के नहीं लगाए हैं। सूर्यकुमार ने इस मैच में 26 गेंदों में 68 रन बनाए।
इतना ही नहीं, सूर्यकुमार यादव एशिया कप के एक टी20 मैच में सबस अधिक बाउंड्री लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मैच में कुल 12 चौके-छक्के जड़े और वे इस लिस्ट में अब सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। सब्बीर रहमान ने 2016 के एशिया कप में 13 चौके-छक्के एक मैच में जड़े थे। 11 चौके-छक्के तिलकरत्ने दिलशान ने जड़े हैं। रोहित शर्मा और शिखर धवन ने 10 बाउंड्री 2016 के एशिया कप के एक मैच में जड़ी थीं।