वाशिंगटन। अमेरिका के प्रख्यात विश्वविद्यालयों में से एक मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी परिसर में अंधाधुंध गोलीबारी से दहशत फ़ैल गयी और हड़कंप मच गया। घटना में तीन लोगों की जान चली गयी और कई लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी परिसर में दो स्थानों पर जोरदार गोलीबारी की गयी। पहले सामूहिक गोलीबारी की जानकारी सामने आई थी, बाद में यूनिवर्सिटी पुलिस ने दो जगह गोलीबारी का दावा किया। जानकारी के अनुसार यूनिवर्सिटी की एकेडमिक बिल्डिंग और एथलेटिक फैसिलिटी सेंटर पर फायरिंग की गयी। हमलावर ने गोलीबारी के समय मास्क पहन रखा था।
पुलिस के मुताबिक बाद में हमलावर ने खुद को भी गोली मार कर अपनी जान दे दी। गोलीबारी में पहले एक व्यक्ति की मौत की जानकारी आई थी, बाद में यह संख्या बढ़कर तीन हो गयी है। वहीं, पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अगले 48 घंटे के लिए यूनिवर्सिटी में सभी कक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
उल्लेखनीय है कि मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी अमेरिका में उच्च शिक्षा का प्रतिष्ठित संस्थान माना जाता है। यूनिवर्सिटी परिसर में करीब 50 हजार स्नातक और परास्नातक छात्र अध्ययनरत हैं।
इससे पहले 30 नवंबर 2021 को मिशिगन की ऑकलैंड काउंटी के ऑक्सफोर्ड हाई स्कूल में भी गोलीबारी की घटना हुई थी। जिसमें 15 वर्षीय छात्र ने सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल से फायरिंग कर दी थी। उस हमले में चार छात्रों की मौत हो गई थी और छह अन्य छात्र व अध्यापक घायल हुए थे।
OPEN FIRING
वाशिंगटन । गोलीबारी की घटनाएं अमेरिका में थमने का नाम नहीं ले रही हैं। फ्लोरिडा की सड़कों पर अचानक खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग होने लोगों में दहशत पैदा हो गयी ।फायरिंग की घटना में दस लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक स्थानीय समयानुसार सोमवार की दोपहर 3.43 बजे फ्लोरिडा के एवेन्यू नार्थ और प्लम स्ट्रीट के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। दोपहर में जब यातायात सामान्य रूप से चल रहा था, अचानक एक सेडान कार धीमी हुई और उस पर सवार लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गयी। कार के शीशे नीचे कर कुछ देर लगातार गोलियां दागकर कार सवार फरार हो गए। गोलीबारी में दस लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ लोगों के चेहरे पर भी गोली लगी है।
पुलिस ने बताया कि फायरिंग करने वाले अपराधियों और वाहनों की तलाश की जा रही है। गोलीबारी में दस लोगों के घायल होने की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि सभी घायल 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग के हैं। एक पुलिस अधिकारी ने तो यहां तक कहा कि अपनी तीन दशक से अधिक की नौकरी में उन्होंने पहली बार इस तरह की घटना का सामना किया है, जिसमें बीच सड़क पर इस तरह गोलीबारी कर एक साथ दस लोगों को घायल कर दिया गया हो।
घटनास्थल पर पुलिस को कुछ मात्रा में नशीले पदार्थ भी मिले हैं। इसलिए पुलिस नशीले पदार्थों के सेवन व बिक्री से जोड़ कर भी घटना की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने कार व उसपर सवार हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी जारी किये हैं।
न्यूयॉर्क । अमेरिका के उत्तर कैरोलिना में फिर खूनखराबा हुआ है। यहां एक व्यक्ति ने अंधाधुंध फायरिंग कर पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। मृतकों में एक पुलिस अधिकारी भी शामिल है। गोलीबारी में कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
यह घटना शाम करीब पांच बजे की बताई गई है। पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया। गोलीबारी के बाद नाकेबंदी कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग में पुलिस अधिकारी समेत दो लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैरोलिना के मेयर ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘हमें कुछ और करने की जरूरत है। इस तरह की नासमझ हिंसा को रोकने की जरूरत है।’ बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाला गोरा किशोर है। उसके पास लंबी बंदूक देखी गई है। फिलहाल उसको हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। गोलीबारी की वजह का पता नहीं चल सका है।