नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर के थोउबल शुरू हुई। 15 राज्यों से होकर 6700 किलोमीटर का सफर तय करने वाली यह यात्रा 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर के जातीय संघर्ष को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा।
वहीं दूसरी तरफ मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे भारत को जोड़ने के लिए नहीं तोड़ने के लिए निकले हैं।
कांग्रेस की इस यात्रा की अगुवाई राहुल गांधी कर रहे हैं। राहुल के साथ इसमें पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आदि भी मौजूद रहे। यात्रा में बड़ी संख्या अन्य लोग भी शामिल हुए। राहुल यह यात्रा पैदल और बस से पूरी करेंगे।
यात्रा को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘पिछले 10 साल के अन्याय काल के ख़िलाफ भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हो चुकी है। आज कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने राहुल गांधी को राष्ट्रीय ध्वज देकर भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की और हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।‘
उन्होंने लिखा मणिपुर में पिछले 8 महीनों में हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए यात्रा जारी रहेगी। ‘सहो मत, डरो मत, न्याय का हक मिलने तक!‘